पश्चिम बंगाल में 'जय श्रीराम' बोलने पर युवक को पीट-पीटकर मार डाला

Murder of Youth in west bengal. बंगाल में जय श्रीराम बोलने पर युवक की हत्या का मामला सामने आया है।

By Edited By: Publish:Sat, 06 Jul 2019 07:30 PM (IST) Updated:Sun, 07 Jul 2019 01:03 PM (IST)
पश्चिम बंगाल में 'जय श्रीराम' बोलने पर युवक को पीट-पीटकर मार डाला
पश्चिम बंगाल में 'जय श्रीराम' बोलने पर युवक को पीट-पीटकर मार डाला

संवाद सूत्र, नदिया। पश्चिम बंगाल में जय श्रीराम पर जारी विवाद व हिंसा रुकने का नाम नहीं ले रही है। इसी क्रम में जय श्रीराम का नारा लगाने पर एक युवक को इस कदर पीटा गया कि उसकी मौत हो गई। घटना नदिया जिले के नवद्वीप थानातर्गत स्वरूपगंज इलाके की है। मृत युवक की पहचान कृष्ण देवनाथ (32) के रूप में हुई है। वह चेन्नई के एक मशहूर होटल में शेफ का काम करता था। वह छुंट्टी पर बुधवार को ही घर लौटा था। मौत के बाद इलाके का राजनीतिक तापमान बढ़ गया है।

शनिवार को मृतक के शव के साथ भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने फकीरतला के नवद्वीप रोड को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारियों ने त्वरित कार्यवाई का आश्वासन दिया। आश्वासन पर भाजपा कार्यकर्ता वहा से हट तो गए लेकिन फिर स्वरूपगंज फेरी घाट मोड़ पर शव के साथ अवरोध किया। हल्की मशक्कत के बाद पुलिस ने इलाका खाली कराया। क्या है मामला प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को ही डेढ़ साल बाद वह चेन्नई से अपने घर लौटा था।

उसी रात अपने बहनोई के साथ वह घर के बाहर शराब पी रहा था। नशे की हालत में वह बेकाबू हो उठा और कुछ युवकों के साथ उसका विवाद हो गया। कुछ देर बाद स्थानीय इंद्रजीत देवनाथ, गोविन्द देवनाथ और शकर देवनाथ ने उसे घर से बुलाकर इलाके के तृणमूल संचालित क्लब में ले गये। आरोप है कि वहां उसे बुरी तरह से पीटा गया। क्लब से कुछ दूरी पर नल के पास वह खून से लथपथ अवस्था में मिला। प्राथमिक तौर पर उसे शक्तिनगर अस्पताल लाया गया। वहां से उसे नीलरतन सरकार अस्पताल रेफर किया गया, जहां गुरुवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इंद्रजीत देवनाथ, गोविन्द देवनाथ और शकर देवनाथ खिलाफ नवद्वीप थाने में प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस ने मामले को गैरराजनीतिक बताया है।

मृतक के घर पहुंचे भाजपा नेता
इधर, घटना के बाद भाजपा के जिलाध्यक्ष अन्य नेताओं के साथ मृतक के घर पहुंचे। मौके पर उन्होंने मृतक कृष्ण देवनाथ को भाजपा कार्यकर्ता बताते हुए आरोप लगाया कि उसे जय श्रीराम और नरेन्द्र मोदी जिन्दाबाद का नारा लगाने पर तृणमूल कार्यकर्ताओं ने लाठी, डंडों से उसे पीटा। इसकी वजह से उसकी मौत हो गई। उन्होंने पुलिस को चेतावनी दी कि 24 घटे में अगर आरोपी गिरफ्तार नही हुए तो भाजपा नवद्वीप बंद बुलाएगी। तृणमूल ने किया खंडन भाजपा के आरोपों को निराधार बताते हुए नवद्वीप पंचायत समिति के अध्यक्ष व तृणमूल नेता हरिदास देवनाथ ने युवक को शराबी बताया।

उनके अनुसार मृतक कृष्ण देवनाथ, घटना की रात शराब के नशे में इलाके से गुजर रही महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार कर रहा था। उसकी इस हरकत का कुछ युवकों ने विरोध किया और उसकी पिटाई कर दी। लेकिन उसे पीटनेवाले कौन थे उन्हें नहीं पता। उन्होंने स्पष्ट किया किया इससे तृणमूल का कुछ लेना-देना नहीं है। उल्टा उन्होंने भाजपा के स्थानीय नेता पर युवक की हत्या का आरोप तृणमूल पर मढ़ राजनीतिक लाभ उठाने का आरोप लगाया।

chat bot
आपका साथी