21 यात्रियों को लेकर छह मिनट पहले ही पहुंच गई गतिमान एक्सप्रेस

देश की सबसे तेज गति की ट्रेन सोमवार को पहुंची ग्वालियर रेलवे स्टेशन...

By Srishti VermaEdited By: Publish:Tue, 20 Feb 2018 08:34 AM (IST) Updated:Tue, 20 Feb 2018 04:04 PM (IST)
21 यात्रियों को लेकर छह मिनट पहले ही पहुंच गई गतिमान एक्सप्रेस
21 यात्रियों को लेकर छह मिनट पहले ही पहुंच गई गतिमान एक्सप्रेस

ग्वालियर (नईदुनिया)। देश की सबसे तेज चलने वाली ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस सोमवार को 21 यात्रियों को लेकर निर्धारित समय से छह मिनट पहले ही ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई। ट्रेन के यहां चार नंबर प्लेटफॉर्म पर आते ही यात्रियों को मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। महापौर विवेक शेजवलकर ने ट्रेन की अगवानी की।

निजामुद्दीन से सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर चलने वाली गतिमान को यहां 11 बजकर 25 मिनट पर पहुंचना था, लेकिन वह छह मिनट पहले ही आ गई। वहीं शाम को निर्धारित समय चार बजकर 15 मिनट पर निजामुद्दीन के लिए महापौर ने हरीझंडी दिखाकर रवाना किया। ग्वालियर से ट्रेन में कुल 46 यात्री सवार हुए।

अप्रैल से झांसी तक जाएगी

निजामुद्दीन से आगरा कैंट के बीच चलने वाली गतिमान एक्सप्रेस को सोमवार से ग्वालियर तक बढ़ा दिया गया है। गतिमान एक्सप्रेस के ग्वालियर आने से देश की सबसे तेज ट्रेन से मप्र भी जुड़ गया है। एक अप्रैल से इसे झांसी तक बढ़ा दिया जाएगा। निजामुद्दीन से ट्रेन मदन गोपाल और एनके भट्ट लेकर आए थे, जो यहां से ट्रेन लेकर भी गए।

आगरा तक खाली, आगे से पैक

गतिमान एक्सप्रेस अभी तक आगरा-निजामुददीन के बीच चलती थी। इस कारण ग्वालियर से आगरा तक लगभग खाली है, लेकिन आगरा से निजामुददीन पैक चल रही है। गतिमान में मंगलवार के लिए चेयरकार में सीटों की उपलब्धता सोमवार शाम तक 168 थी।

इस तरह किराया हुआ तय

दोपहर 1 बजकर 20 मिनट पर ट्रेन का किराया ओपन हुआ और ग्वालियर से निजामुद्दीन का चेयर कार का किराया 960 रपए निर्धारित हुआ। इसी तरह फ‌र्स्ट एसी का किराया 1950 रहेगा। चेयर कार और फ‌र्स्ट एसी दोनों में खान-पान सहित व रहित दोनों तरह की सुविधा रहेगी। बिना खानपान का टिकट बुक करने पर किराया कम होगा। ट्रेन की रफ्तार स्पीड: 160 किमी प्रति घंटा और औसत स्पीड:113 किमी प्रति घंटा है।

गतिमान की खासियत

5 अप्रैल 2016 को देश की सबसे तेज चलने वाली सेमी हाई स्पीड ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस का शुभारंभ किया गया। यह निजामुद्दीन से आगरा के बीच चलाई गई जो दोनों स्टेशनों के बीच एक घंटा 40 मिनट का समय लेती है।गतिमान एक्सप्रेस में दो एक्जिक्यूटिव एसी डिब्बे और आठ एसी चेयरकार डिब्बे लगे हैं। इसमें महिला परिचारिकाएं यात्रियों को फूल देकर उनका स्वागत करती हैं। इसमें यात्री को वाईफाई की सुविधा मिलती है और मल्टीमीडिया मनोरंजन की सुविधा फ्री है। इसमें मिनी डोसा, कांजीवरम इडली, स्विस रोल, चिकन रोल,उपमा, ताजे कटे हुए फल, भुने हुए मेवे सहित अलग-अलग खानपान दिया जाता है।

chat bot
आपका साथी