Coronavirus News Update: देश में घट रहे कोरोना संक्रमण के मामले विदेश में बढ़ा मर्ज

यूरोपीय देशों में कोरोना के मामले उल्लेखनीय रूप से कम हुए थे लेकिन अब तेजी से बढ़ रहे हैं। बेल्जियम नीदरलैंड्स स्पेन और फ्रांस जैसे देशों में दैनिक मामले फिर से बढ़ रहे हैं। ऐसे में भारत को घटते मामलों के बावजूद सतर्क रहना होगा।

By Sanjay PokhriyalEdited By: Publish:Wed, 14 Oct 2020 08:58 AM (IST) Updated:Wed, 14 Oct 2020 08:58 AM (IST)
Coronavirus News Update: देश में घट रहे कोरोना संक्रमण के मामले विदेश में बढ़ा मर्ज
भारत में कोरोना के कुल मामले 71 लाख हो चुके हैं, लेकिन दैनिक पुष्ट मामलों में कमी आई है।

नई दिल्‍ली, जेएनएन। दुनिया में कोरोना के मामले 3.80 करोड़ हो चुके हैं। रोजाना ढाई लाख से अधिक संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। भारत में कोरोना के कुल मामले 71 लाख भले ही हो चुके हैं, लेकिन दैनिक पुष्ट मामलों में कमी आई है। हालांकि, हमें और सावधानी बरतने की जरूरत है। ब्रिटेन जैसे देश में जहां दैनिक पुष्ट मामले एक हजार से भी कम रह गए थे, वहां अब रोजाना 10 हजार से भी ज्यादा संक्रमित सामने आने लगे हैं।

भारत के लिए सबक यूरोपीय देश : यूरोपीय देशों में कोरोना के मामले उल्लेखनीय रूप से कम हुए थे, लेकिन अब तेजी से बढ़ रहे हैं। चेक रिपब्लिक में प्रति व्यक्ति संक्रमण की दर सर्वाधिक है। बेल्जियम, नीदरलैंड्स, स्पेन और फ्रांस जैसे देशों में दैनिक मामले फिर से बढ़ रहे हैं। ऐसे में भारत को घटते मामलों के बावजूद सतर्क रहना होगा।

भारत: वल्र्डोमीटर्स के अनुसार, देश में दैनिक संक्रमण के मामले घट रहे हैं। 16 सितंबर को एक दिन में 97 हजार से अधिक मामले रिकॉर्ड किए गए थे। हालांकि, कुछ ही दिनों में संक्रमितों की दैनिक संख्या में काफी गिरावट दर्ज की गई है। भारत के लिए यह अच्छा संकेत है। यही नहीं सक्रिय मामले 10 लाख पार करने के बाद अब घट रहे हैं। अब आंकड़ा आठ लाख के करीब आ चुका है।

रूस: यूरोपीय देशों में संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। रूस में मार्च के बाद कोरोना के मामले तेजी से बढ़े थे, लेकिन इसके बाद धीमी गिरावट दर्ज की गई। मई में दैनिक मामले 11 हजार थे जो अगस्त में पांच हजार से कम हो गए। लेकिन इसके बाद मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई और चार अक्टूबर के बाद से रोजाना 10 हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं।

ब्रिटेन: जून-जुलाई में रोजाना करीब एक हजार मामले आ रहे थे। सितंबर में इनमें उछाल आया और अब रोजाना 10 हजार से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। साथ ही दैनिक मौतें जो एक वक्त 10 से कम थी, अब बढ़ रही हैं।

अमेरिका: अमेरिका में अप्रैल की अपेक्षा जून में गिरावट दर्ज की गई। लेकिन जुलाई में 70 हजार से अधिक मामले सामने आने लगे। सितंबर में मामले कम हुए, लेकिन अब फिर बढ़ रहे हैं। अच्छी बात यह है कि मौतें कम हो रही हैं।

chat bot
आपका साथी