छत्‍तीसगढ़ में भाजपा नेता को पहले मारी गोली, फिर शव के दो टुकड़े कर जंगल में फेंका

13 जून से भाजपा नेता गायब थे। उन्हें गोली मारने की बात पुलिस छानबीन में सामने आई थी। गांव के पास खून के छींटे और उनका गमछा मिला था।

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Wed, 17 Jun 2020 07:05 AM (IST) Updated:Wed, 17 Jun 2020 07:05 AM (IST)
छत्‍तीसगढ़ में भाजपा नेता को पहले मारी गोली, फिर शव के दो टुकड़े कर जंगल में फेंका
छत्‍तीसगढ़ में भाजपा नेता को पहले मारी गोली, फिर शव के दो टुकड़े कर जंगल में फेंका

अंबिकापुर, राज्‍य ब्‍यूरो। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के बिहारपुर में पिता-पुत्र ने बर्बर तरीके से एक हत्‍या को अंजाम दिया। भूमि विवाद में भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष शिवचरण काशी (60) की नृशंस हत्या कर दी गई। 13 जून से भाजपा नेता गायब थे। उन्हें गोली मारने की बात पुलिस छानबीन में सामने आई थी। गांव के पास खून के छींटे और उनका गमछा मिला था। ग्रामीणों ने गोली की आवाज सुनने की जानकारी दी थी। सोमवार को जंगल में भाजपा नेता की सिर कटी लाश बरामद की गई। इस मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की निशानदेही पर देशी कट्टा, कारतूस समेत, गढांसा आदि बरामद किया गया है। 

भूमि विवाद में की गई हत्या, पिता-पुत्र समेत तीन गिरफ्तार

एसपी राजेश कुकरेजा ने हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए बताया कि ग्राम पासल निवासी शिवचरण काशी 13 जून की रात करीब नौ बजे पासल चौक से अपने घर लौट रहे थे। उसके बाद से उनका कुछ पता नहीं चल रहा था। शिवचरण के पुत्र सुरेश कुमार ने पुलिस को बताया था कि पड़ोस में रहने वाले रामकुमार साहू से जमीन को लेकर उनका विवाद चल रहा था।

यह प्रकरण न्यायालय में भी विचाराधीन है। घटनास्थल की जांच में खून लगा एक गमछा भी बरामद हुआ था। भाजपा नेता के पुत्र द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने संदेही रामकुमार साहू व उसके पुत्र रोहित साहू 25 वर्ष को हिरासत में लिया। वे लगातार पुलिस को गुमराह करते रहे। 

नृशंस तरीके से की भाजपा नेता की हत्‍या 

पिता-पुत्र के विरोधाभासी बयान से पुलिस का शक गहराता गया। आखिरकार दोनों टूट गए और गोली मार कर भाजपा नेता शिवचरण काशी की हत्या कर शव को घटनास्थल से दूर विशालपुर के नजदीक रेड़ीपहरी के जंगल में छिपाने की जानकारी दे दी। मंगलवार सुबह पुलिस ने शव बरामद कर लिया। मौके पर सिर नहीं था। काफी खोजबीन के बाद सिर को भी ढूंढ निकाला गया।

एसपी राजेश कुकरेजा ने बताया कि मामले में आरोपित रामकुमार साहू की पत्नी को भी गिरफ्तार किया गया है। उन्हें इस घटना की जानकारी थी, लेकिन उन्होंने पुलिस पूछताछ में भी जानकारी देने से इन्कार किया। एसपी कुकरेजा ने बताया आरोपित रोहित साहू ने पीछे से भाजपा नेता के पीठ में गोली मारी। वे नीचे गिर गए, तब आरोपित ने पिता के साथ उसे खींचकर घटनास्थल से करीब 50 मीटर की दूरी पर एक नाले के पास ले गए और गड़ांसा से वार कर सिर अलग कर दिया था। फिर शव को घसीट कर जंगल में फेंक आए थे। 

chat bot
आपका साथी