अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़ी 10 प्रख्यात महिलाओं के नाम पर विश्वविद्यालय में स्थापित होगी पीठ

विश्वविद्यालयों में प्रख्यात महिलाओं के नाम शैक्षणिक पीठ बनाने का यह फैसला महिला एवं बाल कल्याण मंत्रालय की सिफारिश के बाद लिया गया है।

By Dhyanendra SinghEdited By: Publish:Mon, 09 Dec 2019 09:37 PM (IST) Updated:Mon, 09 Dec 2019 09:38 PM (IST)
अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़ी 10 प्रख्यात महिलाओं के नाम पर विश्वविद्यालय में स्थापित होगी पीठ
अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़ी 10 प्रख्यात महिलाओं के नाम पर विश्वविद्यालय में स्थापित होगी पीठ

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। देशभर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उठ रही आवाज के बीच केंद्र सरकार ने महिलाओं के प्रति आदर जगाने के लिए एक खास पहल की है। इसकी शुरुआत विश्वविद्यालयों से की जा रही है, जहां देश की प्रख्यात महिलाओं के नाम पर अब शैक्षणिक पीठों की स्थापना की जाएगी। फिलहाल इसके तहत अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़ी देश की 10 प्रख्यात महिलाओं की पहचान की गई है, जिनके नाम पर पीठों की स्थापना होगी। इनमें साहित्यकार महादेवी वर्मा, प्रशासक देवी अहिल्या बाई होल्कर जैसे नाम शामिल हैं।

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने इसे लेकर विश्वविद्यालयों को निर्देश जारी कर दिया है। साथ ही इच्छुक विश्वविद्यालयों से इसको लेकर जल्द-से-जल्द प्रस्ताव देने को कहा है। फिलहाल पीठ का काम अनुसंधान को बढ़ावा देना और संबंधित विषयों से जुड़ी नई-नई जानकारियां से छात्रों को अवगत करना होगा। इसके साथ ही सार्वजनिक नीति निर्माण में विश्वविद्यालय की भूमिका को मजबूत बनाने और विषय से जुड़े शिक्षकों को प्रशिक्षित करना भी शामिल है।

मंत्रालय की सिफारिश के बाद लिया गया फैसला

खास बात यह है कि विश्वविद्यालयों में प्रख्यात महिलाओं के नाम शैक्षणिक पीठ बनाने का यह फैसला महिला एवं बाल कल्याण मंत्रालय की सिफारिश के बाद लिया गया है। मानव संसाधन विकास मंत्रालय से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल यह पीठ 10 सालों के लिए स्थापित करने का प्रस्ताव किया गया है। इसमें प्रत्येक पांच साल पर पीठ को अपनी गतिविधियों और परिणाम से जुड़ी एक रिपोर्ट यूजीसी को देनी होगी। इसके अलावा हर साल पीठ के काम-काज की समीक्षा भी होगी। पीठ पर आने वाले खर्च का वहन महिला एवं बाल विकास मंत्रालय करेगा।

इन प्रख्यात महिलाओं के नाम पर बनेगी शैक्षणिक पीठ

विश्वविद्यालयों में फिलहाल जिन प्रमुख महिलाओं के नाम पर शैक्षणिक पीठ बनाने की फैसला लिया गया है, उनमें लीलावती (गणित), लाल डेड या लालेश्वरी (कविता और रहस्यवाद), अमृता देवी (बेनीवाल) (वन एवं वन्य जीवन), देवी अहिल्या बाई होल्कर (प्रशासन), आनंदीबाई गोपालराव जोशी (औषधि एवं स्वास्थ्य), हंसा मेहता (शैक्षिक सुधार), महादेवी वर्मा (साहित्य), कमला सोहनी (विज्ञान), रानी नायडिन्लयू (स्वतंत्रता सेनानी, पूर्वोत्तर) और मदुरै शंमुखावडीवू सुब्बूलक्ष्मी (संगीत एवं अभिनय कला) के नाम शामिल है।

इसलिए महिलाओं के नाम पर स्थापित गई पीठ

मंत्रालय से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, विश्वविद्यालय में महिलाओं के नाम पर शैक्षणिक पीठ स्थापित करने के पीछे बड़ा उद्देश्य महिलाओं को लेकर छात्रों में आदर-सम्मान का भाव जगाना है। यही वजह है कि जिन 10 महिलाओं के नाम पर पीठों को स्थापित करने का फैसला लिया गया है, उनमें प्रशासक, साहित्यकार, कलाकार, वैज्ञानिक, पर्यावरणविद्, समाज सुधारक आदि सभी क्षेत्रों से जुड़ी महिलाएं शामिल हैं।

chat bot
आपका साथी