सफरनामा 2016: बेटियां हैं कमाल

हिम्मत और हौसलों के साथ ही कुछ कर दिखाने का जज्बा हो तो मंजिलें चूमती हैं कदम। यह वर्ष साक्षी बना ऐसी ही कुछ बेटियों की चमकती उपलब्धियों का, जिन्होंने देश को दिया उन पर गर्व का मौका...

By Babita KashyapEdited By: Publish:Sat, 31 Dec 2016 03:37 PM (IST) Updated:Sat, 31 Dec 2016 03:58 PM (IST)
सफरनामा 2016: बेटियां हैं कमाल

- कोलकाता की 28 साल की संप्रीति भट्टाचार्य ने अंडरवाटर ड्रोन बना डाला है, जो समुद्र की गहराई में वहां भी काम कर सकेगा, जहां जीपीएस काम नहीं करता है। इसके साथ ही हाइड्रोस्वार्म का पेटेंट भी उनके नाम हो गया है। फोब्र्स पत्रिका ने दुनिया के 30 पावरफुल यंग चेंज एजेंट में उन्हें शामिल किया है।

- मशहूर स्टार रजनीकांत की बेटी व अभिनेता धनुष की पत्नी ऐश्वर्या को भारत में संयुक्त राष्ट्र महिला सद्भावना राजदूत नियुक्त किया है। वह नृत्य, गायकी, समाजसेवा में बहुत सक्रिय रहती हैं।

- जमशेदपुर की फातमा जमां ने अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ फ्लोरिडा से कम्प्यूटर एंड इंफार्मेशन साइंस एंड इंजीनियरिंग में टॉप रैंक हासिल कर भारत के साथ ही झारखंड का भी मान बढ़ाया।

- आगरा की पल्लवी फौजदार विश्व के सबसे ऊंचे साढ़े अठ्ठारह हजार फीट ऊंचाई पर मोटरेबल माणा पास पर पहुंचने वाली विश्व की पहली महिला बन गई हैं। लिम्का बुक ऑफ रिकाड्र्स में भी उनका नाम दर्ज हो गया है।

- आईपीएस अपर्णा कुमार ने अंटार्कटिका की सत्रह हजार फुट ऊंची चोटी पर तिरंगा फहराकर सबको आश्चर्य में डाल दिया। यही नहीं दो बार असफल रहने के बाद उन्होंने बाद में माउंट एवरेस्ट की चोटी पर भी फतह प्राप्त कर ली।

- नौसेना में भी अब महिलाओं को स्थाई सेवा में लिया जाएगा। आठ विभाग भारतीय नौसेना ने महिलाओं के लिए खोल दिए हैं। उल्लेखनीय है कि भारतीय वायुसेना और थलसेना में उन्हें पहले से ही स्थाई कमीशन दिया जाने लगा है।

- महज 22 वर्ष की उम्र में टीना डाबी ने सिविल सेवा परीक्षा अपने पहले ही प्रयास में टॉप कर प्रशंसा बटोरी।

- गुजरात के पूर्व गृहमंत्री हरेन पंड्या की पत्नी जाग्रति पंड्या को बाल अधिकार आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

- अलका सिरोही को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

- लुधियाना में शिंगोरा शॉल्स इंडस्ट्री के डायरेक्टर की फ्रांसीसी पत्नी इजावेल ने एक फाउंडेशन गठित कर लड़कियों की शिक्षा का बीड़ा उठाया और आज वह करीब 55 लड़कियों को प्रशिक्षित कर रही हैं। वह पिछड़े इलाकों व झुग्गीझोपडिय़ों में गरीब परिवारों की बच्चियों को शिक्षित कर ख्याति बटोर रही हैं।

- जज्बा फिल्म के लिए ऐश्वर्या राय बच्चन को परफॉरमेंस ऑफ द ईयर अवार्ड स्टारडस्ट अवाड्र्स के तहत

मिला।

- रायपुर के डोंगरगढ़ में 104 साल की बुजुर्ग कुंवर बाई का सम्मान करते हुए प्रधानमंत्री ने उनके पैर छुए, क्योंकि वह ऐसी महिला हैं, जिन्होंने अपनी बकरियां बेचकर अपने घर में शौचालय बनवाया और गांव के लोगों को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया।

- गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा ने स्वच्छ भारत पर दो किताबें लिखीं और राष्ट्रपति को भेंट कीं।

- 24वें अंतर्राष्ट्रीय फिलासफी ओलंपियाड में नोएडा की दृष्टि को रजत पदक मिला।

- भावना कंठ, अवनि चतुर्वेदी और मोहना सिंह ने भारतीय वायुसेना में बतौर लड़ाकू विमान पायलट शामिल होकरमहिलाओं और देश को गौरवान्वित किया।

- देश की पहली नेत्रहीन आईएफएस अधिकारी बेनो जेफाइन को सम्मानित किया गया।

- अपने जन्म के 29 साल बाद मुंबई की पहली टेस्ट ट्यूब बेबी हर्षा चावड़ा शाह खुद एक बेटे की मां बनीं। वह भी प्राकृतिक तरीके से गर्भधारण करके।

- देहरादून की लेडी सुल्तान पहलवान नेहा तोमर ने दिल्ली की एक पहलवान को सिर्फ पांच मिनट में ही धूल चटाकर नजारा ही बदल दिया। 18 वर्षीया नेहा ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने की हसरत रखती हैं।

- तेजाब हमले की शिकार भारतीय किशोरी रेशमा कुरैशी ने साहस और जज्बे की नई मिसाल कायम की। तेजाब से चेहरा विकृत होने के बावजूद प्रतिष्ठित न्यूयार्क फैशन वीक में रैंप पर कैटवाक कर लोगों का दिल जीत

लिया।

- केरल की महिलाओं के एक समूह ने 'पुली कली- (डांस ऑफ टाइगर्स) में हिस्सा लेकर इतिहास रच दिया। अभी तक इसमें सिर्फ पुरुष कलाकार ही हिस्सा लेते थे।

- मुंबई की 17 वर्षीया मालविका राज जोशी स्कूल छोड़ चुकी थीं और उनके पास 10वीं एवं 12वीं का सर्टिफिकेट भी नहीं था। अत: उसे आईआईटी में दाखिला नहीं मिला, लेकिन उसकी लगन और जुनून से उसे अमेरिका के

मैसाच्युसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) दाखिला मिल गया।

- कानपुर की 22 वर्षीया सुगंधा ने जबरन देह व्यापार में धकेल दी गईं करीबन 20 महिलाओं से बात की, जो तेलंगाना के एक पुनर्वास केंद्र में रह रही थीं। उनकी तकलीफों को अपनी किताब 'लिव्ड एक्सपीरिएसेंज ऑफ

सेक्स ट्रैफिकिंग सरवाइवर्स इन शेल्टर होम्स में बयां करके काफी प्रशंसा बटोरी।

- पुणे में एक नाबालिग छात्रा ने साहस दिखाते हुए शादी का दबाव डालने पर मां-बाप के खिलाफ थाने में शिकायत कर दी। लड़की 11वीं कक्षा में पढ़ती है। पुलिस ने उसे हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

- गाजियाबाद की फुटवियर डिजायनर स्वाति मेहरोत्रा को वुमेन एचीवर अवार्ड हेतु चुना गया।

- लेह से कन्याकुमारी तक अकेले साइकिल यात्रा करने वाली 21 वर्षीया चेन्नई निवासी अनहिता श्रीप्रसाद को रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार पुरस्कार दिया गया।

chat bot
आपका साथी