Mumbai News: अंबानी परिवार को जान से मारने की धमकी देने वाला बिहार से गिरफ्तार

Mumbai News मुंबई पुलिस ने उद्योगपति मुकेश अंबानी और उनके परिवार को धमकी देने वाले को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की एक टीम बिहार में दरभंगा जिले से एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर मुंबई लाई है।

By AgencyEdited By: Publish:Thu, 06 Oct 2022 03:00 PM (IST) Updated:Thu, 06 Oct 2022 03:00 PM (IST)
Mumbai News: अंबानी परिवार को जान से मारने की धमकी देने वाला बिहार से गिरफ्तार
अंबानी परिवार को जान से मारने की धमकी देने वाला बिहार से गिरफ्तार। फाइल फोटो

मुंबई, एजेंसी। Mumbai News: महाराष्ट्र में मुंबई पुलिस ने उद्योगपति मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) और उनके परिवार को धमकी देने वाले को बिहार से गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस की एक टीम बुधवार आधी रात के करीब दरभंगा जिले से एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर मुंबई लाई है। प्रेट्र के मुताबिक, मुंबई के एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में बुधवार को दो अज्ञात फोन आए। यहां अज्ञात कालर ने दक्षिण मुंबई में अंबानी के आवास 'एंटीलिया' के साथ रिलायंस अस्पताल को भी उड़ाने की धमकी दी। फोन करने वाले ने उद्योगपति और उसके परिवार के सदस्यों को भी धमकी दी थी।

अंबानी परिवार को जान से मारने की दी थी धमकी

उद्योगपति मुकेश अंबानी और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी के साथ ही उनके रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल (आरएफएच) को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इस धमकी के बाद अंबानी के मुंबई स्थित घर एंटीलिया की सुरक्षा जांच की गई थी। दक्षिण मुंबई स्थित सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में बुधवार की दोपहर 12 बजकर 57 मिनट पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब अस्पताल को पांच मिनट तक फोन काल के जरिये बम से उड़ाने की धमकी दी गई। साथ ही, अंबानी परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई है। उसके बाद शाम को 5.04 बजे फिर से अस्पताल के काल सेंटर में फोन करके धमकी दी गई। ऐसी धमकियां अंबानी परिवार को इसी साल 50 दिनों के अंदर दूसरी बार दी गईं हैं।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया

मुंबई में जोन-2 के डीसीपी नीलोत्पल ने बताया कि फोन पर धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस इस मामले को बहुत गंभीरता से ले रही है। अस्पताल और एंटीलिया में सुरक्षा कड़ी करने के साथ ही एंटी-सैबोटाज चेकिंग भी की गई है। पुलिस के मुताबिक फोन काल एक अज्ञात नंबर से आया था। फोन करने वाले ने अंबानी परिवार के कुछ सदस्यों का नाम लेकर जान से मारने की धमकी दी। फोन करने वाले ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी व आरएफएच की संस्थापक व चेयरमैन नीता अंबानी और दोनों बेटों आकाश और आनंद को भी जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने कहा कि घटना में अपराध डीबी मार्ग पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

अंबानी परिवार को पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

इसके पहले भी इसी साल अगस्त में रिलायंस फाउंडेशन के इस अस्पताल के लैंड लाइन पर फोन किया गया था और अंबानी परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में पुलिस ने बोरीवली के एक आरोपित ज्वैलर को गिरफ्तार कर लिया था। बाद में उसकी दिमागी हालत ठीक नहीं होने की दलील पर उसे जमानत पर छोड़ दिया गया था। फरवरी, 2021 में अंबानी के घर एंटीलिया के पास खड़ी एक एसयूवी में विस्फोटक मिला था। खुफिया एजेंसियों के मूल्यांकन के बाद मुकेश अंबानी को पहले ही जेड प्लस सुरक्षा दी जा चुकी है। 

यह भी पढ़ेंः महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे की जान को खतरा, बढ़ाई गई सुरक्षा

chat bot
आपका साथी