विवाहेत्तर संबंधों को लेकर घिरे महाराष्ट्र के मंत्री धनंजय मुंडे, गले की हड्डी बना दुष्कर्म केस में दिया बयान

महाराष्ट्र सरकार के वरिष्ठ मंत्री धनंजय मुंडे अपने विवाहेत्तर संबंधों को लेकर घिरते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि उन्होंने स्वीकार कर लिया है कि पत्नी के अलावा भी उनके एक महिला से संबंध रहे हैं। लेकिन अब भाजपा की महिला आघाड़ी उन्हें नैतिक रूप से घेरने में जुट गई है

By Vijay KumarEdited By: Publish:Wed, 13 Jan 2021 10:07 PM (IST) Updated:Wed, 13 Jan 2021 10:07 PM (IST)
विवाहेत्तर संबंधों को लेकर घिरे महाराष्ट्र के मंत्री धनंजय मुंडे, गले की हड्डी बना दुष्कर्म केस में दिया बयान
महाराष्ट्र सरकार के वरिष्ठ मंत्री धनंजय मुंडे अपने विवाहेत्तर संबंधों को लेकर घिरे

राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र सरकार के वरिष्ठ मंत्री धनंजय मुंडे अपने विवाहेत्तर संबंधों को लेकर घिरते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि उन्होंने स्वीकार कर लिया है कि पत्नी के अलावा भी उनके एक महिला से संबंध रहे हैं। लेकिन अब भाजपा की महिला आघाड़ी उन्हें नैतिक रूप से घेरने में जुट गई है, तो भाजपा नेता किरीट सोमैया ने धनंजय द्वारा अपने चुनावी हलफनामे में अपने परिवार से संबंधित गलत जानकारी देते हुए उनका चुनाव रद्द करने की मांग की है। धनंजय मुंडे भाजपा के दिग्गज नेता रहे गोपीनाथ मुंडे के भतीजे हैं। मुंडे के जीवनकाल में ही वह उनका साथ छोड़कर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए थे। इस बार वह गोपीनाथ मुंडे की पुत्री पंकजा मुंडे को हराकर ही विधानसभा में पहुंचे हैं और उद्धव सरकार में सामाजिक न्याय मंत्री हैं।

दो दिन पहले ही रेनू शर्मा नामक एक महिला ने मुंबई के ओशीवरा पुलिस थाने में धनंजय मुंडे के विरुद्ध दुष्कर्म करने की शिकायत दर्ज कराई थी। साथ ही अपने ट्वीटर पर इस बात की जानकारी साझा करते हुए इस ट्वीट में राकांपा अध्यक्ष शरद पवार, सांसद सुप्रिया सुले एवं मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को भी टैग किया था। इसी ट्वीट में रेनू ने पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस को भी टैग करते हुए लिखा था कि मेरी जान को खतरा है, मेरी मदद कीजिए। रेनू के इस ट्वीट के बाद ही धनंजय को बचाव की मुद्रा में आना पड़ा था। उन्होंने एक बयान देकर स्वीकार किया कि उन्हें ब्लैकमेल करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी माना कि उन पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला की बड़ी बहन करुणा शर्मा से उनके संबंध रहे हैं। उससे उनके दो बच्चे भी हैं। जिनके वे अभिभावक हैं। यह बात उनके परिवार को भी पता है।

लेकिन अब यही बयान उनके गले की हड्डी बनता दिखाई दे रहे हैं। भाजपा नेता किरीट सोमैया ने देश के मुख्य चुनाव आयुक्त को उनके विरुद्ध एक शिकायत भेजकर धनंजय के विरुद्ध जांच करने एवं उचित कार्रवाई करने की मांग की है। किरीट ने आयोग को भेजे पत्र में लिखा है कि धनंजय ने सार्वजनिक रूप से खुलासा किया है कि उनकी दो पत्नियां हैं। दोनों से उनके बच्चे हैं, और वे उनकी देखरेख करते हैं।

उनकी दूसरी पत्नी की बहन रेनू शर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाकर उनके विरुद्ध शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। धनंजय ने अपने बयान में दोनों पत्नियों के नाम संपत्तियां खरीदने की बात भी स्वीकार की है। लेकिन अक्तूबर 2019 में दिए गए अपने चुनावी हलफनामे में उन्होंने यह नहीं लिखा कि उनकी दो पत्नियां हैं, और उससे उनके बच्चे भी हैं। ना ही उसके नाम खरीदी गई संपत्ति की जानकारी उन्होंने दी है। इसलिए चुनाव आयोग को इस प्रकरण की जांच कर उनपर उचित कार्रवाई करनी चाहिए।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने भी एक महिला द्वारा लगाए गए शारीरिक शोषण के आरोप के कारण धनंजय मुंडे से त्यागपत्र की मांग की है। पाटिल का कहना है कि मुंडे पर लगे दुष्कर्म के आरोप के बाद उन्हें मंत्रिमंडल में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्हें तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। भाजपा ने की महिला आघाड़ी ने भी उनसे इस्तीफे की मांग की है। लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने थोड़ा संभलकर बयान देते हुए कहा कि धनंजय मुंडे पर लगे आरोपों की जांच होनी चाहिए। उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज हुई है। उन्होंने सार्वजनिक रूप से भी अपने संबंधों को स्वीकार किया है। इसलिए नैतिकता के आधार पर उनके दल को उचित निर्णय करना चाहिए।

chat bot
आपका साथी