Ayurveda For Coronavirus: मज़बूत इम्यूनिटी के लिए आयुर्वेद को बनाएं अपनी लाइफस्टाइल का हिस्सा

Ayurveda For Coronavirus आयुष मंत्रालय ने आयुर्वेद अनुमोदित प्रथाओं की एक लिस्ट जारी की है जो विशेष रूप से इस समय में आपकी इम्यूनिटी को बढ़ावा देने में सहायता कर सकती हैं।

By Ruhee ParvezEdited By: Publish:Wed, 01 Apr 2020 11:55 AM (IST) Updated:Wed, 01 Apr 2020 04:43 PM (IST)
Ayurveda For Coronavirus: मज़बूत इम्यूनिटी के लिए आयुर्वेद को बनाएं अपनी लाइफस्टाइल का हिस्सा
Ayurveda For Coronavirus: मज़बूत इम्यूनिटी के लिए आयुर्वेद को बनाएं अपनी लाइफस्टाइल का हिस्सा

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Ayurveda For Coronavirus: चार महीने बाद भी कोरोना वायरस का कहर पूरी दुनिया में जारी है। विश्व भर के वैज्ञानिक दिन रात एक कर इस जानलेवा बीमारी का तोड़ ढूंढ़ने में लगे हैं। जब तक कोरोना वायरस का इलाज या वैक्सीन नहीं बन जाती तब तक ज़रूरी है कि हम सभी अपनी सेहत का ध्यान रखें और शरीर को मज़बूत बनाएं।

सोशल डिस्टेंसिंग और हाथ धोने के साथ ही ये भी ज़रूरी है कि हम अपने शरीर को इंफेक्शन से लड़ने के लिए तैयार करें, खासकर इम्यूनिटी को। आयुर्वेद, योग और नैचुरोपैथी के आयुष मंत्रालय ने आयुर्वेद अनुमोदित प्रथाओं की एक लिस्ट जारी की है जो विशेष रूप से इस समय में आपकी इम्यूनिटी को बढ़ावा देने में सहायता कर सकती हैं। आयुर्वेद ज्ञान दैनिक आहार या मौसमी आहार के माध्यम से प्राप्त होता है।

आयुष मंत्रालय आपको इस महामारी के समय स्वास्थ्य और प्रतिरक्षा को बनाए रखने में मदद करने के लिए ये चीज़ें करने की सलाह देता है। 

सामान्य उपाय

अपनी सेहत सही रखने के लिए मंत्रालय आपको रोज़ाना एक रूटीन फॉलो करने की सलाह देता है। ये बेहद सामान्य तरह की चीज़ें हैं। 

- पूरा दिन गुनगुना पानी पिएं।

- रोज़ाना योग करें। जिसमें कम से कम आधे घंटे तक योग आसन, प्रणायम और ध्यान शामिल होना चाहिए।

- अपने खाने में हल्दी, ज़ीरा और धनिया ज़रूर शामिल करें। आयुर्वेद के अनुसार ये सभी चीज़ें शरीर की इम्यूनिटी को बढ़ाती हैं।

इम्यूनिटी को बढ़ाने के उपाय

आयुष मंत्रालय के अनुसार कोरोना वायरस महामारी के दौरान अपने शरीर को मज़बूत बनाने और इम्यून सिस्टम को मज़बूत करने के लिए ये करें:

- रोज़ाना सुबह एक बड़ा चम्मच या 10 ग्राम च्यवनप्राश ज़रूर खाएं। हालांकि, डायबिटीज़ के मरीज़ों को ध्यान रखना चाहिए कि वह शुगर फ्री च्यवनप्राश ही खाएं।

- रोज़ाना हर्बल चाय पिएं, जिसे काढ़ा भी कहा जाता है। इसमें तुलसी, दालचीनी, काली मिर्च, सौठं और किशमिश शामिल होनी चाहिए। इसमें आप गुड़ और ताज़ा नींबू का रस भी डाल सकती हैं। इसे रोज़ाना दिन में दो बार पिएं।

- गुनगुने दूध में आधा छोटा चम्मच हल्दी डालकर दिन में दो बार पिएं।

सूखी खांसी या गले में ख़राश

अगर आपको सूखी खांसी या गले में ख़राश जैसी दिक्कत आ रही है, तो ये करें:

- पानी में पूदीना के पत्ते और अजवायन डालकर उबालें और फिर स्टीम लें। ऐसा दिन में एक बार करें।

- खांसी और गले में ख़राश है तो लॉन्ग पाउडर में चीनी या शहद मिलाकर खाएं। इसे दिन में दो बार ले सकते हैं।

- अगर इसके बाद भी समस्या ख़त्म नहीं होता है तो अपने डॉक्टर को दिखाएं।

रोज़ाना आयुर्वेद को फोलो करें 

आयुर्वेद की कुछ चीज़ें हैं जो आप रोज़ाना आज़मा सकते हैं, चाहे आप कोई दिक्कत महसूस कर रहे हैं या नहीं।

- नथुनों में सुबह-शाम सरसों या नारियल का तेल या फिर घी लगाएं।

- एक बड़ा चम्मच सरसों या नारियल का तेल लेकर उससे 2-3 मिनट के लिए कुल्ला करें और फिर थूक दें। इसके बाद गुनगुने पानी से एक बार फिर कुल्ला कर लें। इसे आप दिन में दो बार कर सकते हैं। 

chat bot
आपका साथी