बजट सत्र से पूर्व तय हो जाएगा नेता प्रतिपक्ष, भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष के लिए प्रक्रिया तेज

Jharkhand. सांगठनिक मोर्चे पर लेकर भाजपा में गतिविधियां तेज हुईं। बूथ व मंडल की कमान युवाओं को सौंपेगी पार्टी। 21 फरवरी तक बूथ से लेकर जिला स्तर तक की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Sat, 08 Feb 2020 08:06 PM (IST) Updated:Sat, 08 Feb 2020 08:06 PM (IST)
बजट सत्र से पूर्व तय हो जाएगा नेता प्रतिपक्ष, भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष के लिए प्रक्रिया तेज
बजट सत्र से पूर्व तय हो जाएगा नेता प्रतिपक्ष, भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष के लिए प्रक्रिया तेज

रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के पूर्व भाजपा अपने प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष पर निर्णय ले लेगी। नेता प्रतिपक्ष का चुनाव सत्र के पूर्व करना भाजपा की मजबूरी भी है। जनवरी में आहूत विशेष सत्र में तो बिना नेता प्रतिपक्ष काम चल गया, लेकिन करीब एक माह चलने वाले बजट सत्र में बगैर नेता प्रतिपक्ष के नहीं उतरा जा सकता। इस बीच, पार्टी की कोशिश होगी कि प्रदेश अध्यक्ष के मनोनयन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाए।

प्रदेश भाजपा में संगठन की गतिविधियों को लेकर शुरू हुई कवायद भी कुछ ऐसा ही संकेत दे रही है। विधानसभा चुनाव की पराजय के बाद संगठन के स्तर के कील कांटे दुरुस्त करने में भाजपा जुट गई है। संगठन का खाका निचले स्तर से बुना जाना शुरू भी हो गया है। बूथ व मंडल अध्यक्ष के मनोनयन की प्रक्रिया जिलों में शुरू कर दी गई है। इसमें युवाओं को ही तरजीह देने की बात कही गई है।

स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि बूथ व मंडल के अध्यक्ष की उम्र 40 वर्ष से अधिक कतई नहीं होनी चाहिए। जिला प्रभारियों को बूथ व मंडल के स्तर पर तीन-तीन नाम प्रदेश मुख्यालय को जल्द से जल्द भेजने का निर्देश दिया गया है। अगले सप्ताह जिलाध्यक्षों के लिए प्रभारियों की घोषणा की जाएगी। पार्टी की कोशिश 21 फरवरी तक बूथ से लेकर जिला स्तर तक की प्रक्रिया पूरी कर लेने की है। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष के मनोनयन पर विचार किया जाएगा।

संगठन महामंत्री ने की मीडिया सेल के साथ बैठक

भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने शनिवार को पार्टी के प्रवक्ताओं और मीडिया प्रभारियों के साथ बैठक की। बैठक में पार्टी मीडिया सेल से जुड़े पदाधिकारियों को आक्रमक तेवर के साथ अपनी बात रखने की हिदायत दी गई।

आज आएंगे अरुण सिंह

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह रविवार को रांची पहुंच रहे हैं। वे प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भी मौजूद रहेंगे।

chat bot
आपका साथी