आइआइटी परिसर में महिला डॉक्टर से छेड़छाड़

डॉक्टर ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान परिसर स्थित महिला डॉक्टर के भाई के घर में घुसकर छेड़छाड़ की।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Fri, 02 Nov 2018 12:34 PM (IST) Updated:Fri, 02 Nov 2018 02:39 PM (IST)
आइआइटी परिसर में महिला डॉक्टर से छेड़छाड़
आइआइटी परिसर में महिला डॉक्टर से छेड़छाड़

रुड़की, जागरण संवाददाता। झारखंड के रांची स्थित एक मेडिकल कॉलेज से एमडी की पढ़ाई कर रही डॉक्टर का पीछा करते हुए एक डॉक्टर रुड़की आ पहुंचा। आरोप है कि बुधवार शाम डॉक्टर ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी) परिसर स्थित महिला डॉक्टर के भाई के घर में घुसकर छेड़छाड़ की। आसपास के लोगों के एकत्र होने पर वह भाग खड़ा हुआ।

महिला डॉक्टर तीन महीने से अपने प्रोफेसर भाई के आवास में रह रही है। आरोपित डॉक्टर भी रांची में उसी मेडिकल कॉलेज से एमडी कर रहा है, लेकिन महिला डॉक्टर से जूनियर है। गुरुवार देर रात पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, झारखंड के रांची शहर निवासी एक युवती एक कॉलेज से एमडी दूसरे वर्ष की पढ़ाई कर रही है। इस साल इसी कॉलेज में शिवदयाल नगर, हजारीबाग (झारखंड) निवासी धीरेंद्र प्रसाद ने भी एमडी में दाखिला लिया। इस बीच, धीरेंद्र और उसके बीच अच्छी बातचीत होने लगी। करीब छह महीने पहले युवती ने उससे बातचीत बंद कर दी।

आरोप है कि इस पर धीरेंद्र ने महिला डॉक्टर को फोन और मैसेज कर परेशान करना शुरू कर दिया। इससे परेशान होकर चार महीने पहले महिला डॉक्टर ने रांची पुलिस से उसकी शिकायत की थी। पुलिस की सख्ती पर उसने माफी मांग ली थी। तब मामला यहीं खत्म हो गया, लेकिन कुछ दिनों बाद धीरेंद्र महिला डॉक्टर को फिर से परेशान करने लगा।

इस बीच, युवती के परिजनों ने उसका रिश्ता तय कर दिया। यह बात धीरेंद्र को पता चली तो वह उस पर शादी तोड़ने का दबाव डालने लगा। इससे परेशान होकर महिला डॉक्टर तीन माह पहले रुड़की अपने भाई के पास आ गईं। आरोप है कि इस दरम्यान भी धीरेंद्र महिला डॉक्टर और परिजनों का परेशान करता रहा। बुधवार शाम वह महिला डॉक्टर के भाई के आवास में घुस आया और उनसे छेड़छाड़ करने लगा। शोर मचाने पर प्रोफेसर की पत्नी और पड़ोस के लोग वहां पहुंचे, तब तक आरोपित फरार हो गया।

महिला डॉक्टर की भाभी ने सिविल लाइंस कोतवाली में आरोपित के खिलाफ तहरीर दी है। एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर धीरेंद्र प्रताप के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार जांच पड़ताल में पता चला कि वह तीन दिन पहले रुड़की पहुंचा था, यहां वह होटल में कमरा लेकर रह रहा था। पिछले तीन दिनों से वह आइआइटी परिसर में प्रोफेसरों के आवासों के इर्द-गिर्द भी दिखा।

chat bot
आपका साथी