Bird flu ALERT: झारखंड में मुर्गे के व्‍यापार पर कड़ी नजर, बर्ड फ्लू का बढ़ा खौफ; जमशेदपुर में 4 कौवों की मौत

Bird Flu News झारखंड के जमशेदपुर में चार कौवों की मौत हो गई। कृषि पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री बादल ने जमशेदपुर में हुई कौवों की मौत की जांच के निर्देश पशुपालन सचिव को दिए हैं। बादल ने कहा कि टास्क फोर्स की टीम घटनास्थल पर गई है।

By Vikram GiriEdited By: Publish:Wed, 06 Jan 2021 11:52 AM (IST) Updated:Thu, 07 Jan 2021 01:27 PM (IST)
Bird flu ALERT: झारखंड में मुर्गे के व्‍यापार पर कड़ी नजर, बर्ड फ्लू का बढ़ा खौफ; जमशेदपुर में 4 कौवों की मौत
Bird Flu News: बर्ड फ्लू ने बढ़ाई झारखंडवासियों की चिंता। जागरण

रांची, जेएनएन । Bird flu ALERT, Bird Flu News  झारखंड के जमशेदपुर में 4 कौवों की मौत के बाद मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन सरकार के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा है कि बर्ड फ्लू के चलते राज्‍य में अतिरिक्‍त एहतियात बरता जा रहा है। झारखंड को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है। उन्‍होंने कहा कि वृहत पैमाने पर समीक्षा के उपरांत और भी सुरक्षात्‍मक कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल सीमा सील करने जैसी स्थिति नहीं है। सभी जिला उपायुक्तों को पैनी निगाह रखने का निर्देश दिया गया है।

कोरोनावायरस संक्रमण का खतरा अभी खत्म भी नहीं हुआ कि देश के कुछ राज्यों में बर्ड फ्लू के मामले सामने आने लगे हैं। इसे लेकर जहां राजस्थान, मध्य प्रदेश व कई अन्य राज्यों के लोग चिंता में हैं। वहीं, झारखंड के लोगों में भी दहशत का माहौल है। हालांकि इन राज्यों में बर्ड फ्लू के मामलों को देखते हुए एहतियात के तौर पर झारखंड में अलर्ट जारी कर दिया गया है। पशुपालन विभाग ने राज्य के सभी उपायुक्तों को केंद्र सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी भेज दी है। साथ ही तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। यह भी कहा है कि किसी भी पक्षी की अस्वाभाविक मृत्यु होने पर तत्काल इसकी सूचना पशुधन सेवाएं विभाग और अन्य अधिकारियों को दी जाए।

इसके अलावा पक्षी के बिसरे को जांच के लिए लैब भेजे जाने के निर्देश भी दिए गए हैं। आपको बता दें कि अभी तक राज्य में बर्ड फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है। लेकिन फौरी कदम उठाते हुए अलर्ट जारी किया गया है। इधर, पशुपालन निदेशक नैंसी सहाय के स्तर से पशुपालन पदाधिकारियों के अलावा होटवार, रांची और बोकारो कुक्कुट प्रक्षेत्र के सहायक निदेशक को भी इस संदर्भ में पत्र भेजा गया है। निर्देश दिया गया है कि बर्ड फ्लू के सैंपल एवियन इन्फ्लूएंजा के वार्षिक एक्शन प्लान 2020-21 में दिए गए लक्ष्यों के अनुरूप भेजना सुनिश्चित करें।

तत्काल प्रभाव से रैपिड रेस्पांस टीम के गठन के निर्देश के साथ ही पीपीई किट, आवश्यक कैमिकल और जेसीबी मशीन की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश भी पशुपालन पदाधिकारियों को दिया गया है। जिलों से बर्ड फ्लू की खैरियत रिपोर्ट का मासिक प्रतिवेदन भी मांगा गया है। इधर, जिलों से पक्षियोंं के आ रहे सैंपलों की जांच की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। जिलों से आए करीब 700 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है।

जमशेदपुर में चार कौवों की मौत, कृषि मंत्री ने दिया जांच का निर्देश

देशभर में बर्ड फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच बुधवार को झारखंड के जमशेदपुर में चार कौवों की मौत हो गई। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री बादल ने जमशेदपुर में हुई कौवों की मौत की जांच के निर्देश पशुपालन सचिव को दिए हैं। बादल ने कहा कि टास्क फोर्स की टीम घटनास्थल पर गई थी। जिला पशुपालन पदाधिकारी ने जानकारी दी है कि चार कौवों की मौत हुई है, जिसे रांची स्थित एलआरएस लैब में लाया जा रहा है। जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि बर्ड फ्लू से मौत हुई है या नहीं।

एहतियात के तौर पर अलर्ट जारी, पशुपालन पदाधिकारियों को निगरानी बढ़ाने का निर्देश

वैसे एहतियात के तौर पर राज्य स्तर पर अलर्ट जारी कर दिए गए हैं। दो दिन पहले ही पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए थे कि एहतियात बरती जाए। बादल ने कहा कि जिला पशुपालन पदाधिकारियों को सभी जिलों में निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। पशुपालन पदाधिकारियों से प्रतिदिन खैरियत रिपोर्ट निदेशक, पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान रांची को भेजने का निर्देश दिया गया है।

पशुपालन विभाग ने जारी किए निर्देश झारखंड में सभी जिलों में निगरानी बढ़ा दी जाए। आरआरटी टीम का करें गठन। पीपीई किट, जरूरी कैमिकल और जेसीबी मशीन की उपलब्धता सुनिश्चित करें। जिला पशुपालन पदाधिकारी अपने स्तर से प्रतिदिन खैरियत प्रतिवेदन, निदेशक पशु, स्वास्थ्य एवं उत्पादकता संस्थान कांके भेजना सुनिश्चत करें। झारखंड के सभी जिलों से प्रत्येक माह बर्ड फ्लू का नमूना निदेशक पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादकता संस्थान को भेजना सुनिश्चित किया जाए।

यह भी देखें: इंसानों के लिए कितना खतरनाक है बर्ड फ्लू, क्या हैं इसके लक्ष्ण और सावधानियां 

chat bot
आपका साथी