फॉर्म भरने में गड़बड़ी पर फूटा छात्रों का गुस्सा, तालाबंदी

पाकुड़ इंटरमीडिएट द्वितीय वर्ष के फॉर्म भरने में गड़बड़ी पर गुरुवार को कुमार कालिदास

By JagranEdited By: Publish:Thu, 12 Dec 2019 10:08 PM (IST) Updated:Fri, 13 Dec 2019 06:13 AM (IST)
फॉर्म भरने में गड़बड़ी पर फूटा छात्रों का गुस्सा, तालाबंदी
फॉर्म भरने में गड़बड़ी पर फूटा छात्रों का गुस्सा, तालाबंदी

पाकुड़ : इंटरमीडिएट द्वितीय वर्ष के फॉर्म भरने में गड़बड़ी पर गुरुवार को कुमार कालिदास मेमोरियल कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित विद्यार्थियों ने कॉलेज के मुख्य द्वार में तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। वार्ता के लिए आए प्राचार्य डॉ. चंद्रिका ठाकुर को विद्यार्थियों ने घेर लिया और प्राचार्य के साथ हाथापाई की। शिक्षकों ने बीच-बचाव कर प्राचार्य को भीड़ से बाहर निकाला गया। सूचना पर एसआइ अभिनंदन कुमार, एएसआइ सूर्यकांत प्रसाद दलबल के साथ कॉलेज पहुंचे। पुलिस के पहुंचते ही आंदोलन कर रहे कई छात्र खिसक लिए। प्राचार्य सहित कॉलेज के अन्य कर्मियों के साथ किए गए अभद्र व्यवहार के खिलाफ शिक्षकों में भी गुस्सा देख गया।

बता दें कि गुरुवार को इंटरमीडिएट द्वितीय वर्ष का ऑनलाइन फॉर्म भरा जा रहा था। कॉलेज प्रबंधन ने फॉर्म भरने के लिए कॉलेज परिसर से बाहर मंडल कंप्यूटर को अधिकृत किया है। मंडल कंप्यूटर के संचालक को कॉलेज का ओटीपी नंबर भी उपलब्ध कराया गया है। फॉर्म भरने के दौरान कंप्यूटर सेंटर के संचालक छात्र-छात्राओं से 100 रुपये अधिक वसूल रहा था। छात्रों ने इसका विरोध किया। छात्र नेताओं के नेतृत्व में फॉर्म भर रहे छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य से इसकी शिकायत की। प्राचार्य ने तुरंत कंप्यूटर सेंटर के संचालक को बुलाकर डांट-डपट की। हालांकि इसके बाद भी छात्रों से 100 रुपये लिया जा रहा था। इससे नाराज छात्रों ने प्राचार्य के खिलाफ कमीशन लेने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। शिक्षकों को बाहर निकाल कर मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया। करीब दो घंटे तक फॉर्म भरने का काम बाधित रहा। छात्रों का गुस्सा देख मंडल कंप्यूटर के संचालक दुकान का शटर गिराकर भाग गया। छात्रों ने कहा कि जैक के सभी नियम व शर्त को मानने के लिए तैयार हैं। परंतु फॉर्म भरने में मनमानी व अधिक राशि वसूलने का विरोध जारी रहेगा। कॉलेज प्रबंधन इसका समाधान करें।

विद्यार्थी खुाद भरे फॉर्म, करेंगे सहयोग : प्राचार्य चंद्रिका ठाकुर ने कहा कि वह जैक नियम से बंधे हैं। जैक के अनुसार छात्र-छात्राएं स्वयं फॉर्म भरने का काम करेंगे। इसके लिए किसी एक विश्वासी व्यक्ति को ऑनलाइन फॉर्म भरने के लिए ओटीपी नंबर दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि फॉर्म भरने में अधिक राशि लेने की शिकायत पर कंप्यूटर संचालक को डांटा है। उसे चेतावनी भी दी गई है।

छात्र-छात्राओं द्वारा लगाए गए कमीशनखोरी का आरोप बिल्कुल निराधार है। प्राचार्य ने कहा कि उनके साथ हाथापाई नहीं हुई है। इधर, कॉलेज के प्रधान लिपिक नीरज कुमार ने कहा कि छात्रों ने तालाबंदी कर कर्मचारियों के साथ गाली-गलोज की है। प्रशासन शिक्षकों व अन्य कर्मचारियों को सुरक्षा मुहैया कराए।

-----------

एक घंटे तक चली वार्ता : छात्रों द्वारा कॉलेज में हंगामा करने की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस दलबल के साथ कॉलेज पहुंची। पुलिस का तेवर गरम था। तालाबंदी करने वाले छात्रों को सामने आने को कहा। हालांकि एक भी छात्र पुलिस के सामने अपना पक्ष रखने उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद पुलिस आदिवासी कल्याण बालक छात्रावास पहुंच जायजा लिया। पुलिस के आग्रह करने के कुछ देर बाद वरिष्ठ छात्र नायक जीतराम मुर्मू, उप छात्र नायक संजीत कुमार हेम्ब्रम सहित अन्य पुलिस के समक्ष आए और अपनी समस्याएं रखी। छात्रों ने कहा कि इंटरमीडिएट द्वितीय वर्ष का फॉर्म भरने में अधिक राशि ली जा रही है। इसमें कॉलेज के कुछ कर्मचारियों को कमीशन भी मिलता है। करीब एक घंटे तक चली वार्ता में पुलिस अधिकारियों ने छात्रों का काफी समझाया। उनकी मांगों पर विचार करने की बात कही। कॉलेज के प्राचार्य डा. चंद्रिका ने भी छात्रों को काफी देर तक समझाया।

---------------

फॉर्म भरने में लगेंगे 50 रुपये

छात्र व कॉलेज प्रबंधन के बीच हुए समझौते में निर्णय लिया गया कि इंटरमीडिएट द्वितीय वर्ष के फॉर्म भरने वाले छात्र-छात्राओं को अब 100 की जगह 50 रुपये देने होंगे। इसमें किसी प्रकार की मनमानी नहीं चलेगी। प्राचार्य ने मंडल कंप्यूटर के संचालक को निर्देश दिया कि वह छात्रों से अनावश्यक रुपये न लें। ऑनलाइन फॉर्म भरने में 100 की जगह 50 रुपये ही लेना है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

-------

कॉलेज कर्मी सौरभ को हटाने की रखी मांग

आदिवासी कल्याण बालक छात्रावास के छात्रों ने कहा कि इंटरमीडिएट का ऑनलाइन फॉर्म भरने में अनुबंध पर बहाल कॉलेज सहायक सौरभ कुमार मिश्रा गड़बड़ी कर रहे हैं। इससे पहले भी उनपर कई आरोप लग चुका है। छात्रों ने पुलिस अधिकारियों व कॉलेज प्राचार्य से कहा कि सौरभ को तुरंत कॉलेज से हटाया जाए। इसके बाद ही कॉलेज का ताला खुलेगा। इस पर प्राचार्य ने कहा कि उसे हम हटा नहीं सकते हैं। बल्कि उससे स्पष्टीकरण पूछा जा सकता है।

------------

पुलिस की उपस्थिति में खुला ताला

प्राचार्य व पुलिस पदाधिकारियों द्वारा काफी समझाने के बाद छात्रों का गुस्सा शांत हुआ। छात्रों की मांगों पर विचार करते हुए हर समस्या का समाधान करने की बात पर आंदोलित छात्रों ने कॉलेज का ताला खोला। ताला खोलने के समय पुलिस अधिकारी अभिनंदन कुमार, सूर्यकांत सहित अन्य मौजूद थे।

-----------

क्या थी मांग

-इंटरमीडिएट द्वितीय वर्ष के फॉर्म भरने में गड़बड़ी बंद किया जाए।

-इंटरमीडिएट छात्रों के पंजीकरण में मनमानी बंद हो।

-एक ही कंप्यूटर सेंटर को ओटीपी नहीं दिया जाए।

-कॉलेज के प्राचार्य व कर्मी सौरभ को शीघ्र हटाया जाए।

chat bot
आपका साथी