धालभूमगढ़ पुलिस ने जब्त किया दस लाख का गुटखा

धालभूमगढ़ थाना पुलिस ने रविवार की सुबह 407 ट्रक से 40 बोरा गुटखा जब्त किया। थाना प्रभारी संतन तिवारी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के बाद गुटखा विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। देर शाम इस मामले में धालभूमगढ़ के व्यवसायी मनीष अग्रवाल घाटशिला के व्यवसायी सुरेश अग्रवाल व वाहन चालक पर प्राथमिकी दर्ज की गई..

By JagranEdited By: Publish:Mon, 21 Sep 2020 01:36 AM (IST) Updated:Mon, 21 Sep 2020 05:13 AM (IST)
धालभूमगढ़ पुलिस ने जब्त किया दस लाख का गुटखा
धालभूमगढ़ पुलिस ने जब्त किया दस लाख का गुटखा

संवाद सूत्र, धालभूमगढ़ : धालभूमगढ़ थाना पुलिस ने रविवार की सुबह 407 ट्रक से 40 बोरा गुटखा जब्त किया। थाना प्रभारी संतन तिवारी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के बाद गुटखा विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। देर शाम इस मामले में धालभूमगढ़ के व्यवसायी मनीष अग्रवाल, घाटशिला के व्यवसायी सुरेश अग्रवाल व वाहन चालक पर प्राथमिकी दर्ज की गई। थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मनीष अग्रवाल के यहां रोजाना सुबह में गुटखा का बोरा उतरता है। इस आधार पर कार्रवाई की गई और मनीष अग्रवाल के दुकान के सामने खड़े एक वाहन की जांच की जांच की गई, जिसमें 40 बोरा गुटखा मिला। विमला, तिरंगा समेत कई प्रकार के गुटखे विभिन्न बोरों में पैक थे। वाहन चालक से पूछताछ करने पर जानकारी मिली कि यह माल घाटशिला के सुरेश अग्रवाल ने मनीष अग्रवाल को भेजा है। इन गुटखों की कीमत लगभग दस लाख रुपये है। संबंधित व्यवसायियों को थाने से जमानत दे दी गई है। प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बहरागोड़ा में पुलिस ने दो चोर को दबोचा : बहरागोड़ा थाना प्रभारी चंद्र शेखर कुमार ने रविवार को चोरी करते दो चोर को गिरफ्तार किया। साथ ही उनके पास से चोरी किए गए कुछ सामान भी बरामद किया। गिरफ्तार चोर रघुनाथपुर गांव के दिलीप मुंडा व बबलू मुंडा हैं। इस क्रम में अन्य दो चोर फरार हो गए। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है। चोरों के पास से जब्त सामान में सोलर प्लेट, बैटरी, तार, सिग्नल लाइट, ऑप्टिकल फाइबर आदि बरामद किए गए हैं। थाना प्रभारी चंद्र शेखर ने कहा कि पकड़े गए चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। कोरोना जांच के बाद दोनों को जेल भेजा गया।

बकरी को बचाने में घायल हुए बाइक सवार : खड़ियाकॉलोनी के समीप रविवार सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो व्यक्ति घायल हो गए। बाइक सवार इचड़ा से जमशेदपुर जा रहे थे। इस क्रम में हाइवे पर बकरी को बचाने के क्रम में वे सड़क दुर्घटना का शिकार होकर गंभीर रूप से चोटिल हो गए। घायलावस्था मे बाइक सवार को कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष अमित राय ने अनुमंडल हॉस्पिटल पहुंचाया। घायलों के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में चोट लगी है।

श्रद्धकर्म के लिए झामुमो ने किया सहयोग : झारखंड मुक्ति मोर्चा ने रविवार को ऊपर पावड़ा गांव के अवनी सिंह को श्राद्ध कर्म के लिए चावल दाल समेत अन्य सामग्री प्रदान किया। अवनी सिंह ने विधायक रामदास सोरेन से अपनी मां के श्राद्ध कर्म के लिए सहयोग की मांग की थी। इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला संगठन सचिव जगदीश भकत, नगर अध्यक्ष विकास मजूमदार, अंपा हेंब्रम, नील कमल महतो, मृत्युंजय यादव, काला चांद सरकार, राजू प्रधान, सनातन उपस्थित थे।

इलाज के अभाव में बीमारी से जूझ रहा रमेश सबर : बड़ाखुर्शी पंचायत के दारीसाई गांव निवासी रमेश सबर इलाज के अभाव में जिदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। वे लगभग 15 दिनों से बिस्तर पर हैं। रमेश की पत्नी सुमित्रा ने इस मामले की जानकारी गांव की स्वास्थ्य सहिया पार्वती दास को दी थी, परंतु उन्होंने इस मामले में कोई पहल नहीं की। पंचायत प्रतिनिधि भी चुप्पी साधे हुए हैं। रमेश की पत्नी ने बताया कि वे कई दिनों से भोजन नहीं कर रहे हैं। सिर्फ पानी पीकर जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। रमेश की गंभीर स्थिति को देख परिजनों का बुरा हाल है। पत्नी सुमित्रा ने बताया कि कुछ दिन पहले पति के दाहिने पैर के घुटने में घाव हुआ था। गांव में दवा देने के लिए वाहन ने दवा दिया, परंतु कोई फायदा नहीं हुआ। अनुमंडल अस्पताल ले जाने के लिए सहिया से कई बार बात की, परंतु मदद नहीं मिली।

थर्ड लाइन के साथ ओवरब्रिज का होगा निर्माण : शहर के रेलवे फाटक के समीप ओवरब्रिज निर्माण को लेकर एक बार फिर सुगबुगाहट शुरू हो गई है। स्थानीय विधायक समीर महंती ने खड़गपुर रेल मंडल के डीआरएम मनोरंजन प्रधान को पत्र लिखा था, जिसका जवाब आ चुका है। डीआरएम ने शीघ्र ओवरब्रिज निर्माण का आश्वासन दिया है। डीआरएम ने पत्र में लिखा है कि चाकुलिया में ओवरब्रिज निर्माण की स्वीकृति वर्ष 2013- 14 में ही दे दी गई थी। भूमि हस्तांतरण को लेकर हो रहे विरोध के कारण राज्य सरकार ने इसे नामंजूर कर दिया था। रेलवे की योजना है कि खड़गपुर से आदित्यपुर के बीच निर्माणाधीन थर्ड लाइन के साथ चाकुलिया ओवरब्रिज निर्माण का काम भी कराया जाएगा। हालांकि डीआरएम ने प्रस्तावित ओवरब्रिज के डिजाइन व निर्माण की तिथि स्पष्ट नहीं की है। विधायक ने कहा कि इस मामले में राज्य सरकार से बात की जाएगी, ताकि जल्द से जल्द ओवरब्रिज निर्माण की सारी बाधाएं दूर की जा सके।

वाहन की चपेट में आकर महिला की मौत : जगन्नाथपुर एनएच-49 पर रविवार को एक वाहन की चपेट में आकर 68 वर्षीय आशा सबर की मौत हो गई। सूचना मिलते ही बड़शोल थाना प्रभारी जोतीलाल राजबड़, पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार, एएसआइ शशिभूषण राय मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम के लिए सोमवार को भेजा जाएगा। जानकारी के मुताबिक आशा सबर दुकान में काम कर अपने घर लौट रही थी। इस क्रम में एनएच क्रॉस करते समय घटना घटी। वह जगन्नाथपुर गांव की रहने वाली है। पुलिस ने बहरागोड़ा के बेला रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप वाहन को जब्त कर लिया।

आइसोलेशन वार्ड से 31 लोगों को मिली छुट्टी : घाटशिला प्रखंड के गालूडीह कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के आइसोलेशन केंद्र से 31 संक्रमितों की रिपोर्ट निगेटिव पाए जाने के बाद उन्हें रविवार को छोड़ दिया गया। उन्हें निर्देश दिया गया कि वे सात दिनों तक होम क्वारंटाइन में रहेंगे। स्वास्थ्य विभाग की सर्विलांस टीम की पोमा हांसदा, दिलीप महतो ने इन मरीजों के स्वाब की जांच की। जांच में सभी निगेटिव पाए गए। फिलहाल 37 संक्रमित 14 दिनों के आइसोलेशन में है। ज्ञात हो कि सात सितंबर से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में आइसोलेशन केंद्र का शुभारंभ किया गया था।

आइआरबी कैंप में मिला आठ फीट लंबा अजगर : मुसाबनी आइआरबी टू कैंप में शनिवार देर रात एक 8 फीट का अजगर सांप मिलने से पूरे कैंप में दहशत फैल गया। सांप रात के अंधेरे में केंटीन के पीछे एक कमरे में बैठा था। जवानों की नजर उस विशाल अजगर सांप पर पड़ी तो तुरंत ही फॉरेस्ट विभाग को इसकी सूचना दी गयी। मुसाबनी वन विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रात में ही विभाग के कर्मचारियों को आइआरबी 2 कैम्प भेजा। इसके बाद अजगर सांप को पकड़ कर बोरा में डाला गया। जिसे रविवार सुबह धोबनी जंगल में ले जाकर छोड़ दिया गया।

पूजा पंडालों में बनाई जाएगी पांच फीट की मूर्ति : रविवार को मुसाबनी न्यू कॉलोनी दुर्गा मंडप में प्रखंड के 14 दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष व सचिव की बैठक हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि निर्णय लिया गया कि हर पूजा पंडाल में 5 फीट की मूर्ति बनाई जाएगी। ढाकी व बाजा उचित समय पर बजेगा। चंडी पाठ के लिए माइक बॉक्स लगाए जाएंगे। शारीरिक दूरी के साथ पुष्पांजलि, थाली पूजा होगी। पंडाल व विद्युत सज्जा का आकर्षक नहीं रहेगा। मूर्ति विसर्जन बिना जुलूस के शाम पांच बजे तक किया जाएगा। सिदूर खेला भी शारीरिक दूरी के साथ होगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जल्द ही सभी कमेटी के लोग घाटशिला एसडीओ व मुसाबनी सीओ को ज्ञापन सौंपेंगे।

मुसाबनी कंसंट्रेटर प्लांट के मजदूरों की हुई बैठक : मुसाबनी कंसंट्रेटर प्लांट के मजदूरों की बैठक रविवार को यूनियन नेता राजेन्द्र प्रसाद की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शनिवार को हुई त्रिपक्षीय वार्ता की जानकारी मजदूरों को दी गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि मुसाबनी प्लांट में काम शुरू करने से पहले बहुत जल्द मुसाबनी कंसंट्रेटर प्लांट के मजदूरों के साथ एचसीएल प्रबंधन की एक बैठक आयोजित की जाएगी। जिसके बाद ही प्लांट मे काम शुरू होगा। बैठक मे मुख्य रुप से संरक्षक कान्हु सामंत , दामु माहली , बाबुलाल हेम्ब्रम, तपन पांडा, दुखिया मुर्मू, संजय गोप सहित काफी संख्या मे प्लांट मजदूर उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी