मिलाजुला रहा बंद, 685 समर्थक गिरफ्तार

गोड्डा : भूमि अधिग्रहण कानून में संशोधन के विरोध सहित अन्य मांगों को लेकर आहूत झारखंड

By JagranEdited By: Publish:Fri, 06 Jul 2018 01:10 AM (IST) Updated:Fri, 06 Jul 2018 01:10 AM (IST)
मिलाजुला रहा बंद, 685 समर्थक गिरफ्तार
मिलाजुला रहा बंद, 685 समर्थक गिरफ्तार

गोड्डा : भूमि अधिग्रहण कानून में संशोधन के विरोध सहित अन्य मांगों को लेकर आहूत झारखंड बंद का यहां मिलाजुला असर रहा। अधिकतर निजी स्कूलों ने पूर्व में ही बंद की घोषणा कर दी थी। केंद्रीय विद्यालय व सरकारी स्कूल खुले रहे। बैंक व सरकारी कार्यालयों में सामान्य दिनों की तरह कामकाज हुआ। बंद समर्थकों ने कुछ दुकानदारों को दुकान बंद करने के लिए कहा लेकिन वे नियंत्रित रहे। बंदी के दौरान शांति बनी रही। कहीं से तोड़फोड़ या जबरन दुकान बंद कराने की शिकायत प्रशासन को नहीं मिली। बंदी के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की थी। जिले में बंदी के दौरान विपक्षी दलों के 685 नेताओं व कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। दिन के करीब 11 बजे तक जिला मुख्यालय सहित अधिकांश हिस्सों में आम जनजीवन सामान्य हो गया। सुबह करीब छह बजे गोड्डा कॉलेज के पास आदिवासी छात्रावास के छात्रों ने सड़क जाम कर दिया लेकिन पुलिस ने तुरंत सभी छात्रों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद आवागमन सामान्य हो गया। सुबह नौ बजे के करीब विभिन्न दलों के नेता जुलूस की शक्ल में कारगिल चौक पहुंचे और वहां धरना पर बैठ गए। इस दौरान वहां मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन वे मानने को तैयार नहीं हुए। जाम की सूचना पाकर सदर एसडीओ नमन प्रियेश लकड़ा, एसडीपीओ अभिषेक कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी फुलेश्वर मुर्मू, बीडीओ रामगोपाल पांडेय, नगर निरीक्षक रेणु गुप्ता पुलिस बल के साथ आए और कारगिल चौक पर धरना पर बैठे बंद समर्थकों को गिरफ्तार कर लिया। जिला मुख्यालय में 75 बंद समर्थक गिरफ्तार किए गए। कारगिल चौक जाम करने की वजह से करीब दो घंटे तक आवागमन ठप रहा।

chat bot
आपका साथी