Dhanbad Weather Forecast: दुर्गोत्सव पर आंधी-बारिश का खतरा टला, धनबाद समेत झारखंड के ज्यादातर हिस्से से मानसून की विदाई

Dhanbad Weather Forecast मौसम विभाग के आंकड़े के अनुसार धनबाद में एक से 24 अक्टूबर तक हुई बारिश में एक फीसद की गिरावट दर्ज की गई है। सामान्य बारिश 83.6 एमएम होना चाहिए जो 82.5 एमएम है। पड़ोसी जिलों की तुलना में धनबाद में बारिश की स्थिति बेहद अच्छी है।

By MritunjayEdited By: Publish:Sat, 24 Oct 2020 02:28 PM (IST) Updated:Sat, 24 Oct 2020 02:28 PM (IST)
Dhanbad Weather Forecast: दुर्गोत्सव पर आंधी-बारिश का खतरा टला, धनबाद समेत झारखंड के ज्यादातर हिस्से से मानसून की विदाई
सुख-शांति और समृद्धि के लिए धनबाद के जिला परिषद मैदान में मां दुर्गा से प्रार्थना करतीं महिलाएं।

धनबाद, जेएनएन। Dhanbad Weather Forecast दुर्गोत्सव में आंधी-बारिश का खतरा टल गया है। बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन ओडिशा से उत्तर पूर्व होकर बांग्लादेश की ओर चला गया। इसके साथ ही धनबाद समेत राज्य के ज्यादातर हिस्से से मानसून की विदाई हो चुकी है। इस वजह से अब बारिश की संभावना लगभग नहीं है। शनिवार को मौसम बिल्कुल साफ है और आगे भी रहेगा।  हालांकि बांग्लादेश की ओर जानेवाले बादलों के कारण एक-दो दिन धूप-छांव की स्थिति बनी रहेगी। 

दुर्गा पूजा के माहाैल में माैसम साफ रहने के कारण धनबाद के लोग प्रसन्न हैं। बेफिक्र होकर पूजा पंडालों की ओर निकल रहे हैं। पूजा पंडालों के पास दुकान लगाने वाले भी राहत महसूस कर रहे हैं। बारिश होने की स्थिति में दुकानदारी चाैपट हो सकती थी। अब इसकी संभावना नहीं है।

पहले माैसम विभाग ने जारी की थी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी के लो प्रेशर के डीप डिप्रेशन में बदलने और झारखंड में इसका प्रभाव दिखने का अनुमान जताया था। 22 और 23 अक्टूबर को जोरदार बारिश की संभावना जताई गई थी। उत्तर पूर्वी और दक्षिण पूर्वी जिलों में आंधी-बारिश का अधिक खतरा होने का अनुमान जताया था। डीप डिप्रेशन का रास्ता बदल जाने से अब इसका खतरा पूरी तरह टल चुका है।

धनबाद में एक फीसद तो जामताड़ा में 92 फीसद की गिरावट

मौसम विभाग के आंकड़े के अनुसार, धनबाद में एक से 24 अक्टूबर तक हुई बारिश में एक फीसद की गिरावट दर्ज की गई है। सामान्य बारिश 83.6 एमएम होना चाहिए जो 82.5 एमएम है। हालांकि  अपने पड़ोसी जिलों की तुलना में धनबाद में बारिश की स्थिति बेहद अच्छी है। एक से 24 अक्टूबर के बीच बोकारो में 27 फीसद, गिरिडीह में 51 फीसद और जामताड़ा में 92 फीसद कम बारिश हुई है।

धनबाद में अगले 28 अक्टूबर तक का संभावित तापमान शनिवार अधिकतम 31 न्यूनतम 22 रविवार अधिकतम 31 न्यूनतम 23 सोमवार अधिकतम 30  न्यूनतम 22 मंगलवार अधिकतम 30 न्यूनतम 20 बुधवार अधिकतम 30 न्यूनतम 21

chat bot
आपका साथी