फुटबॉल संघ ने जारी किया वार्षिक कैलेंडर

हमाचल प्रदेश फुटबॉल संघ ने अपना वार्षिक कैलेंडर जारी कर दिया है। संघ की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओंकार नाथ कसाना व नरेश खन्ना की अध्यक्षता में हुई।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 09 Feb 2020 06:53 PM (IST) Updated:Sun, 09 Feb 2020 06:53 PM (IST)
फुटबॉल संघ ने जारी किया वार्षिक कैलेंडर
फुटबॉल संघ ने जारी किया वार्षिक कैलेंडर

संवाद सहयोगी, ऊना : हिमाचल प्रदेश फुटबॉल संघ ने अपना वार्षिक कैलेंडर जारी कर दिया है। संघ की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओंकार नाथ कसाना व नरेश खन्ना की अध्यक्षता में हुई। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रविद्र भट्टी और विकास भारद्वाज को नया सदस्य मनोनीत किया गया। बैठक में प्रदेश में ग्रासरूट्स स्तर पर फुटबॉल प्रतियोगिताएं करवाने का निर्णय लिया गया।

मीडिया समन्वयक सत्यदेव शर्मा ने बताया प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में वर्ष, 2020 का खाका तैयार किया गया। वर्षभर चलने वाली फुटबॉल संघ की गतिविधियों पर चर्चा की गई।

इस वर्ष वरिष्ठ वर्ग की राज्यस्तरीय प्रतियोगिता किन्नौर के काल्पा में सितंबर में करवाए जाने पर सहमति जताई गई। कुल्लू के ढालपुर मैदान में इस वर्ष क्लब चैंपियनशिप अप्रैल में करवाई जाएगी। हिमाचल प्रदेश में अब अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ द्वारा ई लाइसेंस कोर्स भी करवाए जाएंगे। मंडी के सुंदरनगर में मार्च में रेफरी रिफ्रेशर कोर्स करवाया जाएगा। ऑल इंडिया अंडर-17 ब्वॉयज इंटरनेशनल का टूर्नामेंट धर्मशाला में करवाया जाएगा।

हिमाचल में क्लब लीग टूर्नामेंट शुरू करने पर भी विचार किया गया। शर्मा ने बताया जूनियर स्टेट चैंपियनशिप ऊना के नगडोली में करवाई जाएगी। अंडर-13 राज्य स्तरीय प्रतियोगिता जुलाई में बिलासपुर में होगी। सब जूनियर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता जून में कांगड़ा में करवाई जाएगी। वूमेन आई लीग हमीरपुर के नादौन में होगी।

कार्यसमिति में आए सभी प्रदेश अधिकारियों ने महासंघ में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का प्रस्ताव रखा। फुटबॉल संघ को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने के लिए भी प्रस्ताव रखा गया। बैठक में संघ के महासचिव दीपक शर्मा के अलावा प्रदेश कोषाध्यक्ष नरेश राणा, रेफरी हेड श्याम सुंदर शर्मा, मीडिया कोआर्डिनेटर एसडी शर्मा, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. सुमित कुमार शर्मा सहित सभी जिलों के अध्यक्ष, महासचिव व रेफरी मौजूद रहे।

--------

विदेशी फुटबॉल क्लब करेगा हिमाचल के साथ काम

फ्रैंकफर्ट का एक फुटबॉल क्लब हिमाचल फुटबॉल संघ के साथ मिलकर काम करेगा। इसके तहत प्रदेश के अलग-अलग स्कूलों में फुटबॉल टूर्नामेंट करवाए जाएंगे। हिमाचल में फुटबॉल को किस तरह लोकप्रिय किया जा सकता है, इस पर भी काम किया जाएगा। इसके अलावा फुटबॉल संघ की गतिविधियों को बढ़ाने और नई तकनीक इजाद करने पर काम किया जाएगा। हिमाचल फुटबॉल संघ का शिष्टमंडल जल्द ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिलकर आगामी कार्य योजना पर विचार करेगा।

chat bot
आपका साथी