निर्माण कार्यो में गड़बड़ी हुई तो सब नपे जाएंगे

प्रदेश के पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने बंगाणा उपमंडल की ग्राम पंचायत लमलैहड़ी में चल रहे मनरेगा कार्यों का निरीक्षण किया। कंवर ने कहा कि किसी भी विकास कार्य में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं होगी

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 May 2020 07:30 PM (IST) Updated:Mon, 25 May 2020 06:17 AM (IST)
निर्माण कार्यो में गड़बड़ी हुई तो सब नपे जाएंगे
निर्माण कार्यो में गड़बड़ी हुई तो सब नपे जाएंगे

जागरण संवाददाता, ऊना : मनरेगा सहित अन्य विकास कार्यो में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। सरकार के दिशानिर्देशों पर ही सारे कार्य होंगे। कोरोना संकट में जयराम सरकार ने मनरेगा मजदूरों की दिहाड़ी 202 रुपये कर दी है। हर पंचायत के वार्ड में मनरेगा के तहत कार्य शुरू करने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिए गए हैं। इससे हर गांव के मनरेगा मजदूर को काम मिल रहा है। यह बात पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने बंगाणा उपमंडल की ग्राम पंचायत लमलैहड़ी में चल रहे मनरेगा कार्यो का जायजा लेने के दौरान कही।

उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष में मनरेगा के तहत 2500 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं, जो इतिहास है। हर पंचायत में 20 से 25 लाख रुपये के कार्य प्रगति पर हैं। उपमंडल बंगाणा की सभी पंचायतों में मनरेगा के माध्यम से काम शुरू करवाए हैं। हर घर को पक्का रास्ता एवं हर गांव को सड़क से जोड़ना जयराम सरकार का संकल्प है। ढाई साल में सरकार ने बिना भेदभाव एवं बिना राजनीति से प्रेरित केवल विकास को गति देने का काम किया है। मनरेगा के तहत ही कई रिकॉर्ड कायम किए हैं। 60 लाख की सड़कें और पुल निर्माण भी मनरेगा के तहत करवाए गए हैं।

मंत्री ने कहा कि हर पंचायत में लोक निर्माण विभाग के जरिए सड़कें बनाने के कार्य चल रहे हैं। किसी भी विकास कार्य में गड़बड़ी सहन नहीं होगी, चाहे वह किसी भी विभाग के माध्यम से करवाया जा रहा है। अगर जनता की कोई शिकायत या फिर रास्ते व सड़क निर्माण में घटिया सामग्री उपयोग हुई तो ठेकेदार के साथ अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।

मनरेगा मजदूरों को बांटे मास्क व सैनिटाइजर

मंत्री वीरेंद्र कंवर ने लमलैहड़ी में काम कर रहे मनरेगा मजदूरों को शरीरिक दूरी के नियम के बारे में जागरूक किया, वहीं उन्हें मास्क के साथ सैनिटाइजर भी वितरित किए। कंवर ने कहा कि दो गज की दूरी बहुत जरूरी है और मुंह पर मास्क लगाना, हाथों को किसी भी साबुन से बार-बार धोना या फिर सैनिटाइज करना अनिवार्य है। कोरोना से डरें नहीं केवल बचाव रखें।

किसी गांव में न आए पेयजल की समस्या

कंवर ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मियों में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के किसी भी गांव में पानी की कोई समस्या नहीं आनी चाहिए। समयबद्ध सभी परिवारों को पानी की सप्लाई सुचारू रूप से मिले। विभाग इस दिशा में प्रमुखता के साथ कार्य करे। उन्होंने लमलैहड़ी पंचायत की सारी समस्याओं का तुरंत निपटारा करने का आश्वासन भी दिया।

chat bot
आपका साथी