मैं इंटक का प्रदेश अध्यक्ष हूं और रहूंगा : बावा

शिमला में शनिवार को हुए इंटक के चुनाव के बाद हरदीप बावा ने कांग

By JagranEdited By: Publish:Sun, 23 Sep 2018 10:55 PM (IST) Updated:Sun, 23 Sep 2018 10:55 PM (IST)
मैं इंटक का प्रदेश अध्यक्ष हूं और रहूंगा : बावा
मैं इंटक का प्रदेश अध्यक्ष हूं और रहूंगा : बावा

जागरण संवाददाता, सोलन : शिमला में शनिवार को हुए इंटक के चुनाव के बाद हरदीप बावा ने कांग्रेस अध्यक्ष पर पलटवार किया है। हरदीप बावा ने सोलन में कहा कि कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू चाहते हैं कि उनकी मुट्ठी में ही सभी संस्थाएं और संगठन रहें। मजदूर यूनियन कैसे बनती है और कैसे चलाई जाती है इसका ज्ञान तक उन्हें नहीं है। सुक्खू को यह ज्ञात नहीं है कि इंटक का प्रदेशाध्यक्ष बनने के लिए कांग्रेस की सदस्यता की आवश्यकता नहीं होती। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष को यह अधिकार नहीं कि वह इंटक के अध्यक्ष का चुनाव कर सके। इंटक एक संवैधानिक संगठन है, जिसकी अपनी नीतियां और नियम हैं।

हरदीप बावा ने कहा कि वह इंटक के प्रदेशाध्यक्ष हैं और रहेंगे। उनके साथ जब तक उनके लोग और राष्ट्रीय अध्यक्ष जी संजीव रेड्डी का साथ है तब तक वह अध्यक्ष रहेंगे। प्रदेश में उन्हें अलग-अलग 148 यूनियनों का समर्थन है और करीब 450 डेलिगेट ने उनका अगस्त 2017 में बिलासपुर में आयोजित चुनाव में समर्थन किया है।

बावा ने कहा कि शनिवार को शिमला में हुए फर्जी चुनाव के लिए सुक्खू ने मेरे लोगों को गुमराह किया है। प्रदेश से उनके कई समर्थकों को शिमला में एक बैठक के बहाने बुलाया। यह भी कहा गया कि हरदीप बावा भी इसमें शामिल होंगे। इसके बाद जब समर्थक शिमला पहुंच गए तो रजिस्टर पर हस्ताक्षर करवाने की साजिश की गई। ऐसे में उनके समर्थकों ने वहां इस चुनाव का बहिष्कार कर दिया और सुक्खू व फर्जी इंटक के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।

--------

प्रदेश अध्यक्ष ने डुबोई कांग्रेस

हरदीप बावा ने कहा कि सुक्खू छह वर्ष से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बने हुए हैं। इस दौरान कांग्रेस विभाजित हो चुकी है। प्रदेश में कांग्रेस का जो हाल है उससे उबर पाना कांग्रेस के लिए अब बेहद कठिन है। इस मौके पर इंटक के प्रदेश महासचिव बीएस चौहान, उपाध्यक्ष अशोक सिंह, जिला सोलन अध्यक्ष सुरजीत राणा, लीला शर्मा, युवा इंटक अध्यक्ष यशपाल ठाकुर, बीबीएन अध्यक्ष गुरमेल चौधरी, कार्यकारी सदस्य बलदेव सिंह आदि मौजूद रहे।

---------

भाजपा की कर गए तारीफ

पूर्व कांग्रेस नेता व इंटक के प्रदेशाध्यक्ष हरदीप बावा अपने कुछ समर्थकों के साथ सोलन पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में हुए फर्जी इंटक के चुनाव पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस संगठन के शीर्ष नेता और प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति को लेकर खूब खरी खोटी सुनाई। वहीं, कह दिया कि भाजपा सत्तासीन होते हुए भी संगठन को और ताकतवर और मजबूत बनाने में लगी है। बावा के मुंह से भाजपा की तारीफ वाले बयान के बाद से कांग्रेस व भाजपा दोनों खेमों में चर्चा का माहौल है। कयास लगाए जा रहे हैं कि हरदीप बावा का रुझान अब भाजपा की तरफ बढ़ने लगा है, जिससे नालागढ़ भाजपा में खलबली पैदा हो सकती है।

chat bot
आपका साथी