सोलन में मानव परिंदों ने भरी उड़ान

By Edited By: Publish:Mon, 21 Apr 2014 01:01 AM (IST) Updated:Mon, 21 Apr 2014 01:01 AM (IST)
सोलन में मानव परिंदों ने भरी उड़ान

संवाद सहयोगी, सोलन : पर्यटन की संभावनाओं को जांचने के लिए रविवार को सोलन में मानव परिंदों ने उड़ान भरी। सोलन की पहाड़ी पर खनोग से उड़ान भरने के बाद यह परिंदे 10 मिनट तक हवा में तैरते रहे व यहां पर पैराग्लाइडिंग की संभावनाओं का जायजा लिया। यह पहला परीक्षण पूरी तरह सफल और यह साइट मानव उड़ान के लिए बिल्कुल सही पाई गई।

विंगस्टर्ज पैराग्लाइडिंग कंपनी काफी समय से यहां पर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पैराग्लाइडिंग की संभावनाएं तलाश रही है। इसी कड़ी में मास्टर पैराग्लाइडर सोलन के गुरवीर सिंह व बिलासपुर के अतुल शर्मा ने करीब तीन बजे खनोग के पास पहाड़ी से उड़ान भरी। दोनों पैराग्लाइडर करीब 10 मिनट तक हवा में तैरते रहे। इस दौरान जिन लोगों ने उन्हें देखा वह एकबारगी तो हैरत में पड़ गए। दोनों ने जौणाजी रोड के पास नड़ोह गांव में लैंड किया।

सोलन में पर्यटन को लग सकते हैं पंख :

पैराग्लाइडिंग के सफल परीक्षण के बाद यहां पर भी पर्यटन व्यवसाय को पंख लग सकते हैं। इससे पहले प्रदेश में मनाली के सोलंग नाला व बैजनाथ के बीड़ बिलिंग में ही व्यवसायिक तौर पर पैराग्लाइडिंग की जा रही है। यदि सोलन में भी इस साइट को विकसित किया जाता है तो यहां पर्यटन व्यवसाय खूब फल-फूल सकता है। इससे यहां के युवाओं को भी आमदनी का एक और जरिया मिलेगा।

पर्यटन निगम को भेजी जाएगी रिपोर्ट : गुरवीर

मास्टर ग्लाइडर गुरवीर सिंह ने बताया कि इस सफल परीक्षण के बाद वह इसका प्रस्ताव पर्यटन निगम को भेजेंगे। उन्होंने बताया कि इससे पहले वह सोलन के कसौली, चायल के समीप जनेड़घाट व सिरमौर जिला के सेर जगास में भी सफल उड़ान भर चुके हैं। उन्होंने बताया कि कसौली व जनेड़घाट में भी पैराग्लाइडिंग की जा सकती है व यहां पर्यटन की भी संभावनाएं हैं। सिरमौर के सेर जगास में साइट अच्छी है लेकिन पर्यटकों के लिए अप्रोचेबल नहीं है। उन्होंने बताया कि उन्होंने परीक्षण से पूर्व सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली थी, लेकिन यहां खराब मौसम ने अभी तक उनका साथ नहीं दिया था। उन्होंने बताया कि वह कुछ दिन बाद फिर से उड़ान भरेंगे व इस बार वह राधा स्वामी सत्संग मैदान में लैंड करेंगे। पुलिस विभाग से उन्हें काफी अच्छा सहयोग प्राप्त हुआ, जिसके लिए उन्होंने आभार जताया।

chat bot
आपका साथी