नेहरू के बारे में अनापशनाप बयानबाजी का करारा जवाब देंगे

केंद्र की मोदी सरकार बदले की भावना से कार्य कर रही है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 19 Nov 2019 07:56 PM (IST) Updated:Tue, 19 Nov 2019 07:56 PM (IST)
नेहरू के बारे में अनापशनाप बयानबाजी का करारा जवाब देंगे
नेहरू के बारे में अनापशनाप बयानबाजी का करारा जवाब देंगे

राज्य ब्यूरो, शिमला : केंद्र सरकार बदले की भावना से कार्य कर रही है। इतिहास से छेड़छाड़ कर कांग्रेस नेताओं के बारे में झूठ बोलकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। यह बात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने मंगलवार को प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद कही। पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि समय आ गया है कि भाजपा के दुष्प्रचार का कड़ा जबाब दिया जाए।

उन्होंने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के बारे में जिस प्रकार से भाजपा अनापशनाप बोल रही है उसका कड़ा जवाब मिलेगा। सोशल मीडिया में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की जा रही हैं, जिससे भाजपा का दोहरा चरित्र सामने आ रहा है। गांधी परिवार की सुरक्षा से एसपीजी हटाने की निदा करते हुए कहा कि यह सब घटिया राजनीति व मानसिकता का परिचायक है। इंदिरा गांधी के देश के विकास में दिए योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। देश की एकता और अखंडता के लिए उन्होंने प्राणों की आहुति तक दे दी। इसीलिए उन्हें आयरन लेडी के नाम से भी जाना जाता था। हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा उन्हीं के हाथों 25 जनवरी 1971 को मिला था। उन्होंने पाकिस्तान के टुकड़े तक कर डाले, पर सेना के पराक्रम पर न राजनीति ही की और न ही कोई इसका प्रचार। इस अवसर पर पूर्व विधायक आदर्श सूद, यादविदर गोमा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, शिमला शहरी कांग्रेस अध्यक्ष अरुण शर्मा, पूर्व मेयर सोहन लाल, अमित नंदा, जितेंद्र चौधरी, बलदेव ठाकुर सहित कई अन्य पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी