नौ माह की हर परीक्षा में सरकार पास : जयराम

प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक के समापन पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जयराम ने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर सफल रही है

By JagranEdited By: Publish:Thu, 20 Sep 2018 09:51 PM (IST) Updated:Thu, 20 Sep 2018 09:51 PM (IST)
नौ माह की हर परीक्षा में सरकार पास : जयराम
नौ माह की हर परीक्षा में सरकार पास : जयराम

राज्य ब्यूरो, शिमला : प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक के समापन पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि नौ माह के कार्यकाल के दौरान परीक्षा की अनेक घड़ियां आई। सरकार हर परीक्षा में खरा उतरी है। इस छोटे से कार्यकाल के दौरान जो संभव हो सकता था, सरकार ने करने की कोशिश की। सभी कार्यकर्ताओं ने मिलकर सरकार बनाई है और सबको मिलकर सरकार चलानी भी है। लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत उन्होंने कहा कि प्रत्येक चुनाव चुनौती होता है। इस समय प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ नेतृत्व भाजपा के पास है। अनुभवी और ऊर्जावान नेतृत्व व कर्मठ कार्यकर्ताओं के सहारे भाजपा निश्चित रूप से अपने लक्ष्य 4/4 को प्राप्त कर लेगी। 2014 में विपरीत परिस्थितियों में भी भाजपा ने चारो सीटें जीती थी। अब राजनीतिक परिस्थितिया अनुकूल हैं। भाजपा के पास अनुभवी और सक्षम नेतृत्व और मजबूत संगठन है। 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी चारों सीटों पर जीतेगी।

उन्होंने कहा कि केंद्र सहित अधिकाश राज्यों में भाजपा की सरकारें सत्ता में हैं। ऐसे में पार्टी का कार्यकर्ता सक्रियता दिखाते हुए 'अजय भारत, अटल भाजपा' के लक्ष्य को पूरा करने के लिए परिश्रम की पराकाष्ठा तक कार्य करे। सरकार के छोटे से कार्यकाल में केंद्र से 6500 करोड़ की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। यह हर कार्यकर्ता के लिए गर्व का विषय है कि साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में कोई भी व्यक्ति या विपक्षी दल मोदी सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा सका।

जयराम ने कहा कि जनता की समस्याओं और भावनाओं को समझने के लिए वह पूरे प्रदेश का लगातार दौरा कर रहे हैं। मात्र नौ माह में वह 53 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं। आने वाले दिनों मे शेष विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे। सरकार और संगठन में तालमेल ठीक हो, इसके लिए मंडल मिलन का कार्यक्रम भी शुरू किया जा रहा है। आम व्यक्तियों की समस्याओं का निराकरण करने के लिए भाजपा सरकार ने जनमंच कार्यक्रम शुरू किया है। इसके माध्यम से 10 हजार से अधिक समस्याओं का समाधान किया जा चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया है कि वह जनमंच कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को न्याय दिलाने के लिए सक्रिय प्रयास करें। नशे के बढ़ते प्रचलन को भी सभी को मिलकर रोकना होगा।

chat bot
आपका साथी