कैंटीन के विवाद को लेकर महिला भाजपा पार्षद के अपहरण की कोशिश

महिला भाजपा पार्षद को जबरन गाड़ी में बिठाकर अपहरण करने की कोशिश की गयी, ये महिला पार्षद विवाह समारोह से घर लौट रही थी।

By BabitaEdited By: Publish:Fri, 14 Dec 2018 10:35 AM (IST) Updated:Fri, 14 Dec 2018 10:35 AM (IST)
कैंटीन के विवाद को लेकर महिला भाजपा पार्षद के अपहरण की कोशिश
कैंटीन के विवाद को लेकर महिला भाजपा पार्षद के अपहरण की कोशिश

शिमला, जेएनएन। पीटरहॉफ में शादी समारोह से घर लौट रही महिला भाजपा पार्षद को एक शातिर जबरन गाड़ी में बिठाने की कोशिश कर रहा था लेकिन रिश्तेदारों के पहुंचने से वो भाग गया। आरोपित पार्षद को ब्लैकमेल भी कर रहा था। 

शिकायतकर्ता ने बयान दिया है एक कॉलेज में कैंटीन को लेकर संचालनकर्ता के साथ कहासुनी हुई थीं पीटरहॉफ में जब शादी के लिए गई थी तो उसी जगह कैंटीन का संचालनकर्ता भी मौजूद था। उसने भाजपा महिला पार्षद को गाड़ी में डालने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच महिला पार्षद के जीजा वहां पहुंच गए और महिला को वहां से छुड़ाया। आरोपित फरार हो गया। वारदात देर रात की है। अपहरण की कोशिश एक गाड़ी में तब हुुई जब वह एक शादी समारोह से रात को घर लौट रही थीं। वारदात के बाद महिला पार्षद बहुत घबरा गई थी। उन्होंने वीरवार को मामले को लेकर थाना बालूगंज में एफआइआर दर्ज करवाई है। शिकायत के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।

महिला पार्षद एक शादी समारोह में शरीक होने के लिए पीटर हॉफ गई थी। रात करीब दस बजे जब वह लौट रही थीं तो अचानक उनके सामने एक गाड़ी रुकी और उन्हें बाजू से पकड़ कर जबरन गाड़ी में डालने की कोशिश की। इस घटना का एक चश्मदीद भी बताया जा रहा है। इस घटना के चश्मदीद को पुलिस ढूंढ रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को खोज निकालने के लिए एक विशेष टीम बनाई है। आरोपी के बारे में महिला पार्षद ने जो जानकारियां पुलिस को दी हैं उसी को आधार बनाकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। 

पार्षद को आरोपी कर रहा था ब्लैकमेल 

अब तक की जांच में सामने आया है कि महिला पार्षद को आरोपी लंबे समय से ब्लैक मेल करने की कोशिश कर रहा था। वह किस बात को लेकर ब्लैक मेल कर रहा था यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। वह महिला पार्षद को मोबाइल पर कॉल करके भी तंग कर रहा था। कॉल कर वह कई बार महिला पार्षद को धमका भी चुका था। अब पूरे मामले से पर्दाफाश आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही होगा। 

क्या कहती है महिला पार्षद 

महिला पार्षद ने बातचीत में बताया कि वह शादी समारोह से घर लौट रही थी। आरोपी गाड़ी में था अपहरण करने के इरादे से उसने गाड़ी रोकी तथा अपहरण करने की कोशिश करने लगा। ठीक उसी समय उनका रिश्तेदार वहां पहुंच गया और आरोपी वहां से भाग गया। अगर वह अपहरण करने में कामयाब हो जाता तो पता नहीं क्या करता कहीं जान से मारकर कहीं भी फेंक देता। 

पार्षद की शिकायत के आधार पर थाना बालूगंज में आईपीसी की धारा 354 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगामी छानबीन अमल में लाई जा रही है।

chat bot
आपका साथी