पहाड़ी राज्यों के लिए आदर्श बना हिमाचल : उर्मिल

By Edited By: Publish:Wed, 16 Apr 2014 03:45 AM (IST) Updated:Tue, 15 Apr 2014 07:52 PM (IST)
पहाड़ी राज्यों के लिए आदर्श बना हिमाचल : उर्मिल

राज्य ब्यूरो, शिमला : ऐतिहासिक रिज मैदान पर मंगलवार को 67वें हिमाचल दिवस के मौके पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान राज्यपाल उर्मिल सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम में तिरंगा लहराया और पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी व एनएसएस की टुकड़ियों ने मार्चपास्ट किया। इसके साथ ही मुख्यातिथि ने सफेद कबूतर भी आसमान में छोड़े। राज्यपाल ने कहा कि हम उन सभी विभूतियों के प्रति कृतज्ञ हैं, जिन्होंने हिमाचल प्रदेश के निर्माण और विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। अस्तित्व में आने के बाद से ही हिमाचल सभी क्षेत्रों में तीव्र गति से आगे बढ़ा है। आज यह प्रदेश देश के अन्य पहाड़ी राज्यों के लिए विकास का आदर्श बनकर उभरा है। इसका श्रेय उन लोगों को जाता है, जिन्होंने प्रदेश की खुशहाली और विकास के लिए अनथक प्रयत्‍‌न किए। इस विकास पथ पर और आगे बढ़कर प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर लेकर जाना है। उन्होंने हिमाचल दिवस के लोगों को बधाई दी और उनके खुशहाल जीवन की कामना की।

इस अवसर पर प्रदेश पुलिस महिला बाइकरों को विशेष प्रदर्शन के लिए सराहा गया। महिला बाइकरों में शमा, निशी, दीपाली, ज्योति, लता, वंदना, सीमा, रचना, सुमन, रचना, गीतांजलि में हिस्सा लिया। परेड में डीएसपी योगेश रौल्टा, पीएसआइ प्रवीण राणा, कुलदीप, पीएसआइ सुनीता, ममता, उषा वर्मा और कांशी राम की अगुवाई में टुकड़ियों ने सलामी दी। इसके साथ सास्कृतिक दलों ने रंगारंग सास्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

हिमाचल दिवस के अवसर पर जिला स्तर पर भी समाराहों का आयोजन किया गया, जिनमें राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ मार्च पास्ट व सास्कृतिक प्रस्तुतिया आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। इस अवसर पर नगर निगम शिमला के महापौर संजय चौहान, उप महापौर टिकेंद्र पंवर, कार्यवाहक मुख्य सचिव पी. मित्रा, पुलिस महानिदेशक संजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसआर मरडी, सचिव सामान्य प्रशासन आरडी नजीम, उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा, पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर, प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एडीएन वाजपेयी, अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

डाग शो ने बटोरी तालियां

इस मौके पर प्रदेश पुलिस ने डॉग शो पेश किया। पांच प्रशिक्षित डॉग के करतब देखकर दर्शक चकित रह गए। शो में शामिल सभी कुत्तों में नौ माह का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। हत्या, मादक पदार्थो से संबंधित कई मामलों को सुलझाने में इन डॉग ने अहम भूमिका निभाई है। शो में बताया गया कि किस तरह सामान की सुरक्षा की जाती है। अज्ञात व्यक्ति द्वारा दी खाद्य वस्तुओं को डॉग स्वीकार नहीं करते है। मादक पदार्थो की शिनाख्त कैसे की जाती है। शयनी, सिंघम और मैक्स डॉग की प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरीं।

chat bot
आपका साथी