मानसून सीजन में सैलानियों को लुभाएंगे ये विशेष पैकेज

ऑफ सीजन में होटलों की ऑक्यूपेंसी बनाए रखने के लिए होटल मालिकों ने विशेष पैकेज की घोषणा की है।

By BabitaEdited By: Publish:Mon, 09 Jul 2018 03:04 PM (IST) Updated:Mon, 09 Jul 2018 03:04 PM (IST)
मानसून सीजन में सैलानियों को लुभाएंगे ये विशेष पैकेज
मानसून सीजन में सैलानियों को लुभाएंगे ये विशेष पैकेज

मनाली, जेएनएन। मानसून सीजन में सैलानियों को रिझाने के लिए कुल्लू व मनाली के निजी होटलों सहित राज्य पर्यटन विकास निगम पर्यटकों को विशेष पैकेज देगा। 15 जुलाई से 15 सितंबर तक मानसून सीजन रहेगा। इस दौरान मनाली-कुल्लू घूमने आने वाले सैलानियों को निजी होटलों में 30 से 50 फीसद व पर्यटन विभाग के होटलों में 25 से 50 प्रतिशत तक छूट मिलेगी। ऑफ सीजन में होटलों की ऑक्यूपेंसी बनाए रखने के लिए होटल मालिकों ने विशेष पैकेज की घोषणा की है।

पिछले साल की तुलना में इस बार अब तक 15 फीसद सैलानी कम आए हैं। इस कारण पर्यटन कारोबार भी कम रहा है। जून महीने तक सवा दो लाख सैलानी कम आए हैं। मानसून सीजन में कारोबार को बेहतर करने के लिए होटल संचालकों ने 50 फीसद की छूट देना शुरू कर दी है। पिछले साल 15 जुलाई से होटलों में छूट देना शुरू की थी लेकिन इस साल ऑफ सीजन पहले ही शुरू होने से अधिकतर होटल जुलाई प्रथम सप्ताह से 30 से 50 प्रतिशत की छूट दे रहे हैं।

होटल कारोबारी सुशील, रवि ब्यास, बंशी व राजू ने बताया कि सैलानियों की आमद कम हो गई है। उधर, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर ने बताया कि होटलों में 15 जुलाई से 15 सितंबर तक 30 से 50 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी।

पर्यटन निगम के होटलों के कमरों की बुकिंग में छूट मिलेगी। डोरमेट्री पर छूट नहीं होगी। 10 से 15 अगस्त, पहली से तीन सितंबर, सात और आठ सितंबर के दौरान किसी भी होटल में मानसून पैकेज लागू नहीं रहेगा। निगम के मनाली के होटलों में 40 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी।

-अरविंद सेन, एजीएम, पर्यटन विभाग मनाली

chat bot
आपका साथी