सिरमौर कांग्रेस में थमने का नाम नहीं ले रही गुटबाजी

सिरमौर में कांग्रेस की गुटबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। ये लड़ाई अब पुलिस थाना तक पहुंच गई है। वही वीरवार को जिला सिरमौर कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जयंती को विकास दिवस के रूप में मनाया।

By Richa RanaEdited By: Publish:Thu, 23 Jun 2022 05:32 PM (IST) Updated:Thu, 23 Jun 2022 05:32 PM (IST)
सिरमौर कांग्रेस में थमने का नाम नहीं ले रही गुटबाजी
जिला सिरमौर में कांग्रेस की गुटबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है।

नाहन,जागरण संवाददाता। जिला सिरमौर में कांग्रेस की गुटबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। पिछले 3 महीनों से चल रही सिरमौर कांग्रेस में गुटबाजी के बाद हुई लड़ाई अब पुलिस थाना तक पहुंच गई है। वही वीरवार को जिला सिरमौर कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जयंती को विकास दिवस के रूप में मनाया। सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में कांग्रेस ने दो जगह पर कार्यक्रम आयोजित किए। पहला कार्यक्रम नाहन कांग्रेस मंडल अध्यक्ष ज्ञान चंद चौधरी व प्रदेश महासचिव अजय सोलंकी की अध्यक्षता में कांग्रेस भवन में संपन्न हुआ। जबकि नाहन में ही दूसरा कार्यक्रम आस्था स्पेशल स्कूल में हिमाचल प्रदेश माइनारिटी सेल के अध्यक्ष इकबाल मोहम्मद चौधरी व नाहन नगर पालिका के पार्षद योगेश गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

नाहन कांग्रेस भवन में जहां आधुनिक हिमाचल के निर्माता एवं विकास पुरुष वीरभद्र सिंह को पुष्पांजलि अर्पित की गई। वही दूसरे ग्रुप में आस्था स्पेशल स्कूल के बच्चों को फल वितरित किए। जबकि पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के सराहां में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर की अध्यक्षता में विश्राम गृह में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को पुष्पांजलि अर्पित की गई। उसके बाद एक विशेष बैठक आयोजित की गई। वहीं श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गनोग के मूलान गांव में विकास दिवस मनाया गया। यहां पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की याद में स्कूल के 50 छात्रों को विधायक एवं कार्यकारी अध्यक्ष विनय कुमार ने आगामी बारिश के मौसम को देखते हुए छाते प्रदान किए। जबकि पांवटा साहिब में कांग्रेस मंडल ने बैठक का आयोजन कर अस्पताल में जाकर फल वितरित किए।

वहीं शिलाई विधानसभा क्षेत्र में विधायक हर्षवर्धन चौहान की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया हुआ। उसके बाद शिलाई अस्पताल में रोगियों को फल वितरित किए गए। नाहन विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की गुटबाजी अब चरम पर पहुंच चुकी है। हाल ही में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह व कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने सिरमौर के नेताओं को गुटबाजी समाप्त कर एक साथ मिलकर काम करने की नसीहत दी थी। मगर उसी दिन रात को शिमला से वापस आते हुए कांग्रेस के दो गुटों में धक्का-मुक्की व मारपीट हो गई। उसके बाद वीरवार को नाहन में दो जगह पर विकास दिवस अलग-अलग मनाया गया।

जिला सिरमौर में कांग्रेस की गुटबाजी को खत्म करने के लिए आलाकमान ने सिरमौर की जिला कार्यकारिणी को भंग कर दिया है। आगामी आदेशों तक कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर को जिला सिरमौर में कांग्रेस संगठन कार्यों का प्रभारी नियुक्त किया है। अब देखना है कि जीआर मुसाफिर कांग्रेस की गुटबाजी को खत्म कर पाते हैं या नहीं।

chat bot
आपका साथी