पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, हाथ-मुंह बांधकर की हत्या

पंचायत ने उसको दस दिन पहले ही प्रेमी के घर से पति के साथ भेजा था। हत्या के बाद से मृतक की पत्नी और उसका प्रेमी फरार है। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

By Vinay TiwariEdited By: Publish:Sun, 29 Nov 2020 06:13 PM (IST) Updated:Sun, 29 Nov 2020 06:13 PM (IST)
पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, हाथ-मुंह बांधकर की हत्या
पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की सिर कुचलकर हत्या कर दी। (फाइल फोटो)

जागरण संवाददाता, सोनीपत। सदर थानाक्षेत्र के गांव बंदेपुर में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की सिर कुचलकर हत्या कर दी। युवक का हाथ व मुंह बंधा शव कमरे के अंदर चारपाई पर पड़ा मिला है। कमरे का बाहर से ताला लगा था। मृतक की पत्नी एक साल से अपने प्रेमी के साथ रह रही थी।

पंचायत ने उसको दस दिन पहले ही प्रेमी के घर से पति के साथ भेजा था। हत्या के बाद से मृतक की पत्नी और उसका प्रेमी फरार है। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सोनू ने सदर थाना पुलिस को बताया कि वे गांव गुहणा के निवासी हैं। आजकल वे बंदेपुर में रह रहे हैं। उनका भाई नरेंद्र (40) राठधाना राेड स्थित गैस एजेंसी पर नौकरी करता था। नरेंद्र की शादी 22 साल पहले गांव पीपली खेड़ा निवासी रेखा के साथ हुई थी। इनको 10 व चार साल के दो लड़के हैं। नरेंद्र और रेखा के संबंध कई साल से ठीक नहीं चल रहे थे। इसके चलते वह आर्य नगर की पत्थर वाली गली निवासी सोमवीर के साथ रह रही थी। सोमवीर और रेखा किराये पर मकान लेकर अलग रह रहे थे। ये दोनों कई बार नरेंद्र को जान से मारने की धमकी दे चुके थे। करीब 10 दिन पहले पंचायत हुई थी। पंचायत में रेखा को उसके प्रेमी सोमवीर से अलग करके पति नरेंद्र के साथ भेज दिया गया था।

सोनू ने बताया कि रविवार को सोमवीर ने नरेंद्र के मोबाइल से फोन किया था। उसने बताया कि हमने नरेंद्र का काम तमाम कर दिया है। उसका शव घर के अंदर पड़ा है। उसको उठाकर ले जाओ। रेखा ने भी मोबाइल पर बात की थीं। उसने नरेंद्र की हत्या करने की पुष्टि की थी। इस पर सोनू अपने परिवार के लोगों के साथ नरेंद्र के घर पर पहुंचे। वहां ताला लगा हुआ था। आसपास के लोगों को साथ लेकर ताला तोड़कर घर में गए।

वहां पर नरेंद्र का शव लहूलुहान हालत में पड़ा था। उसके हाथ औैर मुंह कपड़े से बंधे हुए थे। सिर को किसी भारी वस्तु से कुचला गया था। घर से रेखा दोनों बच्चों सहित गायब थी। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस के साथ सोमवीर की तलाश की गई तो वह भी गायब मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार के लोगों को सौंप दिया। पुलिस हत्यारोपी पत्नी रेखा और उसके प्रेमी सोमवीर की तलाश कर रही है।

---

युवक की सूचना पर पहुंची पुलिस को चारपाई पर लहूलुहान हालत में शव मिला। उसके हाथ व मुंह बांधकर सिर पर भारी वस्तु का प्रहार कर हत्या की गई थी। मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों दोनों फरार हैं।

- सुनील कुमार, एसएचओ थाना सदर 

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

chat bot
आपका साथी