Weather Update : मौसम विभाग का अलर्ट, हरियाणा के दक्षिणी हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक कई जगहों पर तेज हवा के साथ-साथ ओलावृष्टि की भी संभावना है। गेहूं कटाई का काम बाधित हुुुुआ है।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Thu, 23 Apr 2020 12:44 PM (IST) Updated:Thu, 23 Apr 2020 12:44 PM (IST)
Weather Update : मौसम विभाग का अलर्ट, हरियाणा के दक्षिणी हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि के आसार
Weather Update : मौसम विभाग का अलर्ट, हरियाणा के दक्षिणी हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि के आसार

पानीपत/करनाल, जेएनएन। एक बार फ‍िर मौसम बदल गया है। कई जिलों में बादल छा गए हैं। वहीं कुछ जगहों पर बूंदाबांदी भी शुरू हो चुकी है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। वहीं मौसम विभाग ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। विभाग का कहना है कि हरियाणा के दक्षिणी हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि के आसार बने हैं। 

मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटे में फिर से तेज हवा, बरसात व हल्की ओलावृष्टि होने की संभावना जताई है। हालांकि प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में बरसात व ओलावृष्टि का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के इस अलर्ट के बाद किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें ला दी हैं। इस समय यदि तेज बरसात हुई तो गेहूं कटाई का काम रुक जाएगा और किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है। तापमान भी सामान्य से कम है। 

बुधवार को अधिकतम तापमान गिरावट के साथ 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.0 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 4.0 डिग्री कम 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय नमी की मात्रा 65 फीसद दर्ज की गई जो शाम को घटकर 43 फीसद दर्ज की गई। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में बरसात की संभावना है। 

खेतों में खड़ी फसलों पर बादल की चाल का खतरा

खेतों में गेहूं की फसल पककर तैयार खड़ी है। 20 अप्रैल से सरकारी खरीद शुरू होते ही फसल कटाई के काम ने भी जोर पकड़ लिया है। अब एन मौके पर बदलता मौसम फसल को नुकसान पहुंचा रहा है और किसानों के लिए आफत बना हुआ है। अभी शनिवार और रविवार को भी हल्की बूंदा-बांदी ने कटाई के काम को रोक दिया था। अब फिर मौसम विशेषज्ञों ने 23 और 24 अप्रैल को मौसम करवट बदलने की संभावना जताई है। इसके लिए किसानों को भी उचित प्रबंध करने की सलाह दी है। फसल कटाई के ऐन मौके पर बदलते मौसम ने किसानों की नींद उड़ा दी है। अभी तक 80 से 90 फीसद गेहूं का खेत या अनाज मंडियों में खुले में पड़ी है। इस समय होने वाली बरसात से गेहूं ही नहीं पशुओं के चारे तक को नुकसान हो सकता है। 

तेज हवाओं के साथ बूंदा-बांदी 

मौसम विशेषज्ञों ने संभावना जताई है कि 26 अप्रैल तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। 23 और 24 अप्रैल को आसमान में बादलचाल रहेगी। यही बादल कहीं-कहीं गरज के साथ बरस भी सकते हैं। इतना ही नहीं इसके साथ तेज हवाएं भी चलेंगी। 

बेमौसमी बारिश और तेज हवा दोनों नुकसानदायक 

कृषि विशेषज्ञ डॉ. विनोद कुमार ने कहा कि इन दिनों गेहूं की फसल कटाई का काम जोरों पर चल रहा है। अभी तक 70 फीसद से ज्यादा फसल खेतों में ही खड़ी है। इन दिनों में होने वाले बरसात और तेज हवा दोनों फसल को नुकसान पहुंचा सकती है। बारिश से गेहूं की कटाई का काम भी प्रभावित हो सकता है और तेज हवा से गेहूं और खेतों में खड़े मक्के व अन्य बेल वाली सब्जियों की फसल प्रभावित हो सकती है। ऐसे में किसान फसल की कटाई-कढ़ाई करते समय सावधानी रखें। अगर हो सकते तो अनाज मंडी में भी गेहूं शैड के नीचे उतारें। 

तापमान में भी आएगी कमी 

आसमान में बादल छाने से तापमान भी कम रहेगा। बुधवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री तो न्यूनतम 17 डिग्री रहा, जबकि बृहस्पतिवार को इसमें चार डिग्री तक गिरावट के बाद इसके अधिकतम 29 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री रहने का अनुमान है। इसी तरह शुक्रवार को अधिकतम 34 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री और शनिवार को 35 और 19 डिग्री रहने का अनुमान है। 

पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें  

chat bot
आपका साथी