अशोक तंवर ने कहा, जेबीटी भर्ती वालों को जेल, पीटीआइ भर्ती वालों को राज्यसभा का तोहफा

कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्‍यक्ष रह चुके अशोक तंवर ने भाजपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। यमुनानगर में उन्‍होंने कहा जेबीटी भर्ती वालों को जेल भेजा गया जबकि फर्जी तरीके से पीटीआई की भर्ती करने वाले राज्‍यसभा पहुंच गए।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Mon, 05 Oct 2020 09:39 AM (IST) Updated:Mon, 05 Oct 2020 09:39 AM (IST)
अशोक तंवर ने कहा, जेबीटी भर्ती वालों को जेल, पीटीआइ भर्ती वालों को राज्यसभा का तोहफा
जगाधरी की नालागढ़ माजरी में पत्रकारों से बातचीत करते कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर।

पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला जेबीटी भर्ती घोटाले के आरोप में सालों से जेल में सजा काट रहे हैं। ठीक ऐसा ही घोटाला पिछली सरकार में पीटीआइ भर्ती में हुआ। अब सरकार ने इन पीटीआइ को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। फिर फर्जी तरीके से पीटीआइ की भर्ती कराने वाले बाहर क्यों घूम रहे हैं। घोटाला करने वाले के बेटे को राज्यसभा की सीट तोहफे में दी गई। भाजपा कहती थी कि घोटालेबाजों को जेल में डाल देंगे लेकिन आज सारी फाइलें बंद हो चुकी हैं। यह बात कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने रविवार को जगाधरी की नालागढ़ माजरी में आयोजित पत्रकारवार्ता में कही।

उन्होंने कहा कि प्राइवेट स्कूल अपनी मनमानी कर रहे हैं। स्कूलों के पास जितने पैसे जमा हैं उसका 25 फीसद भी खर्च नहीं कर पाते। यह सब शिक्षा मंत्री के जिले में हो रहा है, इस पर रोक लगनी चाहिए। कांग्रेस को घेरते हुए उन्होंने कहा कि मिर्चपुर और गोहाना कांड के पीडि़तों को अब तक न्याय नहीं मिला है। आज राहुल गांधी हाथरस में जा रहे हैं। उन्हें हाथरस की तरह राजस्थान और हरियाणा का भी चक्कर लगाना चाहिए।

कहा कि बड़ौदा उपचुनाव आ गया है तो कुछ नेता बाहर आ गए हैं। इस चुनाव में लोग भाजपा को हराना चाहते हैं लेकिन कांग्रेस भाजपा को जितवाना चाहती है। लोग अब विकल्प तलाश रहे हैं। प्रदेश में किसानों व आढ़तियों को मारने का षडय़ंत्र भाजपा व पूंजीपतियों ने रचा है। बड़ौदा चुनाव में जो लोग आपस में मिले हुए हैं हम उन्हें एक्सपोज करने में लगे हैं। 

कांग्रेस में लौटने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह गुलामों की पार्टी हो गई है। एक गुलाम जाता है, दूसरा आता है। इसमें गद्दारों का जमावड़ा है। वे किस दल में शामिल होंगे इस पर तंवर ने कहा कि मैं खुद किसी दल से नहीं मिलने गया। यदि किसी को लगता है कि अशोक तंवर के साथ आने से उनका सेंसेक्स ऊपर जाएगा वे खुद मिलने आएंगे।

chat bot
आपका साथी