भाजपा सरकार महिला विरोधी

संवाद सहयोगी, फिरोजपुर झिरका : आम आदमी पार्टी के नेता एवं सेवानिवृत सहायक पुलिस अधीक्षक मोहम्मद इसहा

By Edited By: Publish:Sat, 28 Mar 2015 07:19 PM (IST) Updated:Sun, 29 Mar 2015 03:46 AM (IST)
भाजपा सरकार महिला विरोधी

संवाद सहयोगी, फिरोजपुर झिरका : आम आदमी पार्टी के नेता एवं सेवानिवृत सहायक पुलिस अधीक्षक मोहम्मद इसहाक ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार महिला विरोधी है। भाजपा सरकार के मंत्री महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आए दिन स्थानांतरण कर उन्हें प्रताड़ित कर रहे है।

मोहम्मद इसहाक ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने छह महीने में चार महिला अधिकारियों का स्थानांतरण करके यह दर्शा दिया है कि वे कितने महिला हितैषी है। उन्होंने कहा कि अंबाला की एसडीएम प्रियंका सोनी का स्थानांतरण स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कराया। फिरोजपुर झिरका की एसडीएम मीनाक्षीराज गोयल का यहा से स्थानांतरण कर 5 दिसंबर 2014 को प्रियंका सोनी के स्थान पर अंबाला का एसडीएम नियुक्त किया गया। लेकिन जब मीनाक्षीराज गोयल ने मंत्री जी के एक समर्थक का गलत कार्य नहीं किया तो उनका भी स्थानांतरण संयुक्त निदेशक शिक्षा विभाग चंडीगढ़ कर दिया।

मोहम्मद इसहाक ने कहा कि यहा तक स्वास्थ्य मंत्री का दिल नहीं भरा तो उन्होंने अंबाला की नगराधीश मीनाक्षी दहिया का स्थानांतरण करा दिया। उन्होने कहा कि अब इन्हीं मंत्री ने अंबाला नगरनिगम की संयुक्त आयुक्त कमलप्रीत कौर का भी स्थानांतरण करा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि या तो महिला अधिकारी भाजपा नेताओं के चहेते समर्थकों के गलत कार्यो को करें, यदि काम न करें तो उनका स्थानांतरण कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि पहले भी कुरुक्षेत्र की सिविल सर्जन महिला अधिकारी वंदना भाटिया से भी भाजपा सरकार के मंत्री कृष्ण बेदी के साथ विवाद को लेकर उनका भी स्थानांतरण कर दिया गया।

मेवात की बात करे तो स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी सिविल सर्जन डा. जेके सपरा पूरी मनमानी कर रहे है। अनुबंध के आधार पर मेवात में काम कर रही एएनएम, स्टाफ नर्स का स्थानांतरण साल में दो बार इधर-उधर कर उनको प्रताड़ित किया जा रहा है। मोहम्मद इसहाक ने भाजपा के मंत्रियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि उन्होंने महिला अधिकारी एवं कर्मचारियों को स्थानांतरण के नाम पर प्रताड़ित करना बंद नहीं किया तो आप पार्टी के कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे।

chat bot
आपका साथी