नप कर्मचारियों ने दो दिवसीय हड़ताल के पहले दिन सड़कों पर उतरकर किया प्रदर्शन

नगरपालिका कर्मचारी संघ संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की राज्य कमेटी के आह्वान पर पालिका कर्मचारियों की लम्बित मांगों को लेकर व 10 मई को संगठन की शहरी स्थानीय निकाय मंत्री के साथ बैठक बेनतीजा रहने पर दो दिवसीय हड़ताल के पहले दिन नगरपरिषद कार्यालय में पूरी तरह कामकाज ठप्प रहा।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 23 May 2022 07:30 PM (IST) Updated:Mon, 23 May 2022 07:30 PM (IST)
नप कर्मचारियों ने दो दिवसीय हड़ताल के पहले दिन सड़कों पर उतरकर किया प्रदर्शन
नप कर्मचारियों ने दो दिवसीय हड़ताल के पहले दिन सड़कों पर उतरकर किया प्रदर्शन

जागरण संवाददाता, कैथल : नगरपालिका कर्मचारी संघ संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की राज्य कमेटी के आह्वान पर पालिका कर्मचारियों की लम्बित मांगों को लेकर व 10 मई को संगठन की शहरी स्थानीय निकाय मंत्री के साथ बैठक बेनतीजा रहने पर दो दिवसीय हड़ताल के पहले दिन नगरपरिषद कार्यालय में पूरी तरह कामकाज ठप्प रहा। सफाई व दफ्तर के सभी कर्मचारी हड़ताल पर रहे। सुबह 9 बजे से परिषद कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करने के बाद शाम को 4 बजे कमेटी से पिहोवा चौक तक जोरदार प्रदर्शन किया गया। इसकी अध्यक्षता ब्लाक प्रधान बिट्टू बहोत ने व मंच संचालन ब्लॉक सचिव विक्की टांक ने किया। कर्मचारियों की हड़ताल के चलते नप में कामकाज करवाने आए लोग बिना काम के ही वापस लौट गए। वहीं शहर में सफाई व्यवस्था भी चरमरा गई है। नगरपालिका कर्मचारी संघ के राज्य उपमहासचिव शिवचरण, सचिव रामपाल शर्मा, जसबीर सिंह, छज्जू राम व बसाऊ राम चंदाना ने कहा कि संगठन के सरकार व विभागीय अधिकारियों के साथ 25 अप्रैल व 17 अगस्त 2020 को हुए समझौते के अनुसार कोविड-19 से मृत्यु होने के बाद कर्मचारियों को 50 लाख रुपये आर्थिक सहायता देने, परिवार के सदस्य को नौकरी एवं सफाई कर्मचारियों सहित जोखिम पूर्ण कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रतिमाह ?4000 जोखिम भत्ता देने, तृतीय श्रेणी के कर्मचारियों एवं फायर के कर्मचारियों को वर्दी एवं धुलाई भत्ता देने व अग्निशमन विभाग को अभी तक लागू नहीं किया गया है। जब तक कर्मचारियों की मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा धरना जारी रहेगा। इस अवसर पर रामकुमार शर्मा, सुरेश शर्मा, अमरदीप बनवाला, सुरेंद्र सिंह, अनिल लोट, कृष्ण आर्य, सतपाल पांचाल, रमेश हरित, जयप्रकाश शास्त्री, महेंद्र सिंह मौजूद रहे। नपा कर्मचरियों ने कामकाज बंद कर जताया रोष

संस, गुहला-चीका : नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर दो दिवसीय टूल डाउन, पैन डाउन हड़ताल के पहले दिन नपा कर्मचारी नगर पालिका ब्लाक चीका यूनियन प्रधान पृथ्वी राम की अध्यक्षता में हड़ताल पर रहे। मंच का संचालन शमशेर सिंह ने किया। कहा कि हरियाणा सरकार कौशल रोजगार निगम लिमिटेड के नाम पर कच्चे कर्मचारियों का शोषण कर रही है 15-15 सालों से लगे हुए कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की बजाए जबरदस्ती निगम में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कौशल रोजगार निगम लिमिटेड को भंग कर कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए। समान काम समान वेतन लागू किया जाए। नई पेंशन स्कीम को बंद करके पुरानी पेंशन को बहाल किया जाए। हड़ताल में विशेष रूप से पहुंचे सर्व कर्मचारी संघ ब्लाक चीका के प्रधान बलजिदर सिंह, सचिव पवन शर्मा पब्लिक हेल्थ,जगबीर मान, मोहनलाल आदि कर्मचारी पहुंचे।

chat bot
आपका साथी