बर्फीली हवाएं चलने से गिरा तापमान

पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी व लगातार चल रही ठंडी हवाअ

By JagranEdited By: Publish:Fri, 18 Dec 2020 08:23 PM (IST) Updated:Fri, 18 Dec 2020 08:23 PM (IST)
बर्फीली हवाएं चलने से गिरा तापमान
बर्फीली हवाएं चलने से गिरा तापमान

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी व लगातार चल रही ठंडी हवाओं के कारण दादरी जिला वीरवार को कड़ाके की ठंड के आगोश में समाया दिखाई दिया। हालांकि चार दिनों की अपेक्षा मौसम कुछ साफ रहा लेकिन दिन रात बफीर्ली हवाएं चलने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान दादरी जिले में अधिकतम तापमान 15 व न्यूनतम 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। न्यूनतम तापमान तो बुधवार को भी चार डिग्री सेल्सियस रहा था लेकिन वीरवार को अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

मौसम के जानकारों का कहना है कि इस बार दिसंबर के महीने में ठंड पड़ने का नया रिकार्ड बन सकता है। दिन में कुछ समय के हल्की धूप निकली लेकिन शीत लहर चलने का सिलसिला जारी रहा। वीरवार को धुंध न पड़ने से मौसम साफ रहा लेकिन शीत लहर चलने से लोगों को हाड़ कंपा देने वाली ठंड का अहसास हुआ। ठंड का असर दादरी नगर के बाजारों में भी दिखाई दिया। पिछले दिनों की अपेक्षा काम धंधे, रोजगार, व्यापार में मंदी देखी गई। कई बाजारों में शाम पांच बजे के बाद वीरानी छाने लगी थी। वीरवार शाम चार बजे के बाद ही हल्की धुंध दिखाई देने लगी थी। इस मौसम को फसलों के लिए काफी फायदेमंद माना जा रहा है।

कृषि विभाग के अधिकारी इस मौसम को गेहूं की फसल के अनुकूल बता रहे हैं। इस समय रात के समय पड़ने वाला कोहरा व दिन के समय निकलने वाली धूप फसलों के लिए सोने पर सुहागा है। जानकारों की माने तो अभी पूरे उत्तर भारत में ठंड के आसार कम होने की फिलहाल कोई संभावना नहीं है। कड़ाके की ठंड व शीत लहर के चलते सबसे अधिक परेशानी नौकरी पेशा लोगों को और स्कूली छात्र, छात्राओं को उठानी पड़ी। शाम ढलने के बाद फिर से तापमान में गिरावट आई। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा लेते दिखे।

मौसम जानकारों का मानना है कि उत्तर भारत में ठंड से राहत की फिलहाल कोई गुंजाइश नहीं है। फसलों के लिए फायदेमंद : कौशिक

दादरी कृषि एवं किसान कल्याण विभाग में कार्यरत कृषि विशेषज्ञ डा. राजेंद्र कौशिक का कहना है कि कई दिन से मौसम के चढ़ाव से लोगों को जरूर परेशानी हो रही है। मगर फसलों के लिए यह मौसम काफी फायदेमंद है। गेहूं की फसल के लिए रात के समय पड़ने वाला कोहरा व दिन के समय निकलने वाली धूप काफी फायदेमंद है। इससे फसलों की गुणवत्ता पर खासा असर पड़ेगा। उन्होंने संभावना जताई की एक दो दिन में बारिश होने के आसार है। सावधानियां जरूरी : डा. अरविद

दादरी नगर के हृदय रोग विशेषज्ञ डा. अरविद गर्ग ने बताया कि सर्दी के दिनों में हृदय रोगियों की समस्या बढ़ जाती है। इस मौसम में उन्हें अपना खास ध्यान रखना चाहिए। खासतौर पर बुजुर्गों को ठंड के मौसम में बाहर निकलने से परहेज करना चाहिए। पहले से हृदय की बीमारियों से ग्रस्त लोग अपनी दवाओं का नियमित रूप से सेवन करते रहें। ठंड छोटे बच्चों को बहुत जल्दी प्रभावित करती है। सुबह व शाम के समय बच्चों को अधिक देर बाहर न रखें। उन्हें अच्छे से गर्म कपड़े पहना कर रखें।

chat bot
आपका साथी