कई विभागों में कर्मचारियों की आज हड़ताल, सफाई कर्मचारी भी शामिल होंगे

ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर वीरवार को कई विभागों के कर्मचारी हड़ताल करेंगे।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 26 Nov 2020 08:00 AM (IST) Updated:Thu, 26 Nov 2020 08:00 AM (IST)
कई विभागों में कर्मचारियों की आज हड़ताल, सफाई कर्मचारी भी शामिल होंगे
कई विभागों में कर्मचारियों की आज हड़ताल, सफाई कर्मचारी भी शामिल होंगे

फोटो-13

जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ :

ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर वीरवार को कई विभागों के कर्मचारी हड़ताल करेंगे। हालांकि जन सुविधाओं से जुड़े विभागों में अधिकारियों ने सेवाएं प्रभावित न होने की बात कही है। इधर, सफाई कर्मचारियों ने भी इस हड़ताल में शामिल होने का ऐलान किया है।

ऑल हरियाणा पॉवर कारपोरेशन वर्कर यूनियन द्वारा एक टीम बनाई गई। संगठन के राज्य सचिव बंसीलाल, पूर्व सर्कल सचिव रवींद्र दलाल, एसकेएस ब्लॉक प्रधान बिजेंद्र सैनी, नगर पालिका कर्मचारी संघ जिला प्रधान राजेंद्र तुषामड़, लीला राम आदि कर्मचारी नेताओं ने नगर परिषद सफाई कर्मचारियों को हड़ताल के बारे में अवगत कराया। सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल पर जाने का विश्वास दिलाया और कहा कि नगर परिषद का एक-एक कर्मचारी हड़ताल पर रहेगा। राज्य सचिव बंसीलाल ने बताया कि सभी विभागों में दौरा कर कर्मचारियों से हड़ताल का आह्वान किया गया है। सभी विषयों पर कर्मचारियों को बताया। बिजेंद्र सैनी ने बताया कि वीरवार को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल में सर्व कर्मचारी संघ से संबंधित सभी विभागों के कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। देवीलाल पार्क में इकट्ठा होकर सभा करेंगे और बाद में शहर में बस अड्डे तक शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन करेंगे। अधिकारी बोले सेवाएं नहीं होंगी प्रभावित :

हड़ताल में बिजली, पानी, परिवहन की सेवाएं ही प्रमुख रूप से प्रभावित होती हैं, मगर अधिकारियों का कहना है कि सेवाएं सुचारू रहेंगी। बिजली निगम के एक्सईएन रामपाल सिंह का कहना है कि बिजली कर्मियों की एक यूनियन हड़ताल करेगी। ऐसे में मरम्मत और सप्लाई का काम नहीं रुकने दिया जाएगा। कार्यालय का कामकाज भी सुचारु रखने का प्रयास होगा। उधर, जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ अनिल रोहिल्ला ने बताया कि पेयजल सप्लाई का कार्य ठेकेदार के मातहत है। ऐसे में यह प्रभावित नहीं होगा। इधर, रोडवेज के डीआइ धर्मबीर सिंह ने बताया कि विभागीय कर्मचारियों की किसी हड़ताल के संबध में अभी कोई हलचल नहीं है।

chat bot
आपका साथी