पाकिस्तान से रिहा हुए 200 मछुआरे स्पेशल ट्रेन से पहुंचे वडोदरा, स्टेशन पर गर्मजोशी से हुआ स्वागत

पाकिस्तान ने 200 मछुआरों को रिहा किया है जो एक स्पेशल ट्रेन के जरिए वडोदरा पहुंचे हैं। स्टेशन पर इन सभी का बड़ी गर्मजोशी से स्वागत किया गया। पाकिस्तान की ओर से दावा किया गया था कि वे सभी पाकिस्तानी जेल पहुंच गए थे।

By AgencyEdited By: Publish:Mon, 05 Jun 2023 04:14 PM (IST) Updated:Mon, 05 Jun 2023 04:14 PM (IST)
पाकिस्तान से रिहा हुए 200 मछुआरे स्पेशल ट्रेन से पहुंचे वडोदरा, स्टेशन पर गर्मजोशी से हुआ स्वागत
पाकिस्तान से लौटे 200 मछुआरे वडोदरा पहुंचे

वडोदरा, पीटीआई। पाकिस्तान से रिहा किए गए 200 से अधिक भारतीय मछुआरे सोमवार को पंजाब से एक विशेष ट्रेन से गुजरात के वडोदरा पहुंचे हैं। इस बात की जानकारी एक अधिकारी द्वारा दी गई है। उन्होंने कहा कि मछुआरे जब तड़के वडोदरा रेलवे पहुंचे तो काफी गर्मजोशी से उनका स्वागत किया गया।

पाकिस्तान की ओर से किया गया था दावा

पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा एजेंसी ने इन मछुआरों को 2019 और 2022 के बीच अरब सागर में गुजरात तट से अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) से पकड़ा था। पाकिस्तान की ओर से इस बात का दावा किया गया था कि सभी मछुआरे पाकिस्तानी जल में प्रवेश कर गए थे।

पिछले हफ्ते, पाकिस्तान ने 200 भारतीय मछुआरों को रिहा कर दिया, जिन्हें अमृतसर (पंजाब) में अटारी-वाघा सीमा पर संयुक्त चेक पोस्ट पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकारियों को सौंप दिया गया था।

200 मछुआरों को किया रिहा

गुजरात मत्स्य विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि 200 मछुआरों में से 171 गुजरात के हैं और अन्य दीव, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और बिहार के हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात मत्स्य विभाग के अधिकारियों की एक टीम ने अमृतसर में वाघा सीमा पर 200 मछुआरों को रिसीव किया और उन्हें ट्रेन से वडोदरा लाया गया। एक सरकारी बयान जारी करते हुए बताया गया है कि उन सभी मछुआरों को वडोदरा से उनके मूल स्थानों पर भेजा जाएगा।

राज्य मत्स्य विभाग की टीम पहुंची वाघा बॉर्डर

केंद्र सरकार के कूटनीतिक प्रयासों और गुजरात सरकार के प्रयासों से मछुआरों की रिहाई सुनिश्चित की गई। प्रेस रिलीज में कहा गया है, "पाकिस्तान द्वारा पकड़े गए 200 से अधिक मछुआरे एक विशेष ट्रेन से वडोदरा पहुंचे। वडोदरा रेलवे स्टेशन पर उनका स्वागत किया गया। मछुआरों का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया और राज्य मत्स्य विभाग और पुलिस की एक टीम भी उन्हें लेने वाघा सीमा गई।"

सरकार ने दी मछुआरों की जानकारी

मुक्त कराए गए मछुआरों में 171 गुजरात के हैं, जिनमें 129 गिर सोमनाथ जिले के, 31 देवभूमि द्वारका के, दो जूनागढ़ के, पांच नवसारी के और चार राज्य के पोरबंदर जिले के हैं। सरकार ने कहा कि इसके अलावा बिहार के तीन, दीव के 15, महाराष्ट्र के छह और उत्तर प्रदेश के पांच मछुआरों को भी रिहा किया गया है।

पिछले महीने से रिहा किए थे मछुआरे

पाकिस्तान ने पिछले हफ्ते 200 भारतीय मछुआरों और तीन नागरिक कैदियों को रिहा करने की घोषणा की थी। इससे पहले पिछले महीने पाकिस्तानी अधिकारियों ने गुजरात के 184 मछुआरों को रिहा किया था।

chat bot
आपका साथी