संजय दत्त की बायोपिक 'संजू' से निराश हैं महेश मांजरेकर, बोले अगर मैं होता...

राजकुमार हिरानी निर्देशित संजू ने ₹341 करोड़ का बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन किया था। रणबीर कपूर ने फ़िल्म में संजय का किरदार निभाया था। दिया मिर्ज़ा उनकी पत्नी मान्यता के रोल में थीं।

By Manoj VashisthEdited By: Publish:Mon, 21 Jan 2019 06:08 PM (IST) Updated:Sat, 02 Feb 2019 09:50 AM (IST)
संजय दत्त की बायोपिक 'संजू' से निराश हैं महेश मांजरेकर, बोले अगर मैं होता...
संजय दत्त की बायोपिक 'संजू' से निराश हैं महेश मांजरेकर, बोले अगर मैं होता...

मुंबई। साल 2018 की सबसे कामयाब फ़िल्म 'संजू' के बारे में अब संजय दत्त के ख़ास दोस्त और निर्देशक महेश मांजरेकर ने बेबाक राय दी है। महेश ने एक बातचीत में कहा कि वो इस बायोपिक से निराश हैं। अगर वो इस फ़िल्म को बनाते तो अलग तरीके से एप्रोच करते। 

राजकुमार हिरानी निर्देशित संजू ने ₹341 करोड़ का बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन किया था। रणबीर कपूर ने फ़िल्म में संजय का किरदार निभाया था, जबकि दिया मिर्ज़ा उनकी पत्नी मान्यता के रोल में थीं। परेश रावल पिता सुनील दत्त और मनीषा कोईराला मां नर्गिस के किरदार में थीं। इन दिनों उरी- द सर्जीकल स्ट्राइक की शानदार कामयाबी का लुत्फ़ उठा रहे विक्की कौशल ने संजय के दोस्त कमली का किरदार निभाया था, जिसकी ख़ूब चर्चा और तारीफ़ हुई थी। ख़ुद महेश फ़िल्म के एक सीन में मेहमान भूमिका में दिखे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महेश ने फ़िल्म के बारे में कहा है कि उन्होंने संजय दत्त की ज़िंदगी को क़रीब से देखा है और यह एक अच्छे से बनी मसाला फ़िल्म है। फ़िल्म के कलेक्शंस इस बात की पुष्टि भी करते हैं। महेश ने आगे कहा कि फ़िल्म में बहुत से पहलुओं को शामिल नहीं किया गया। अगर वो इसे निर्देशित करते, तो फ़िल्म को लेकर उनकी सोच अलग रहती। 

महेश भट्ट ने संजय को उनके करियर की कुछ बेहतरीन फ़िल्में दी हैं, जिनमें से एक 1999 में आयी 'वास्तव' है। महेश निर्देशित फ़िल्म में संजय ने गैंगस्टर का रोल निभाया था। यह उनके ज़बर्दस्त अभिनय के लिए जानी जाती है। कांटे और मुसाफ़िर जैसी फ़िल्मों में दोनों ने एक्टिंग भी की है। 

'संजू' बेशक ब्लॉकबस्टर फ़िल्म है, मगर इस बात के लिए इसकी आलोचना की गयी थी कि संजय दत्त के जीवन के कई अहम अध्यायों को छोड़ दिया गया है। उनकी पहली पत्नी रिचा शर्मा और बेटी त्रिशाला का कहीं ज़िक्र नहीं आया। रिचा की कैंसर से मौत हो गयी थी। त्रिशाला अमेरिका में अपने नाना-नामी के साथ रहती हैं।

फ़िल्म की रिलीज़ से पहले हिरानी इस बात से इंकार करते रहे थे कि यह संजय दत्त की इमेज क्लीन करने के लिए बनायी गयी फ़िल्म है, मगर रिलीज़ के बाद जब फ़िल्म कामयाब हो गयी तो एक इवेंट में राजकुमार हिरानी ने स्वीकार किया था कि संजय दत्त के जीवन में हुए विवादों पर उनका पक्ष रखने के लिए 'संजू' बनायी गयी थी। 

इधर, राजकुमार हिरानी इन दिनों Me Too के आरोपों से घिर हैं। उन पर एक असिस्टेंट ने इसी फ़िल्म की मेकिंग के दौरान ज़ोर-ज़बर्दस्ती करने का आरोप लगाया है। हालांकि हिरानी ने इन आरोपों पर हैरानी जताते हुए क़ानूनी सलाह के बाद अपना पूरा पक्ष मीडिया में रखा है और आरोपों को सरासर निराधार और छवि ख़राब करने वाला बताया है।

chat bot
आपका साथी