Box Office: हॉलीवुड से आये Venom ने पहले वीकेंड में मचायी तबाही, 3 दिनों में इतनी कमाई

पिछले कुछ अर्से से भारतीय सिनेमा को हॉलीवुड कड़ी चुनौती दे रहा है। अंग्रेजी फ़िल्मों के चाहने वालों की बढ़ती तादाद को देखते हुए हॉलीवुड भी भारतीय बाज़ार को संजीदगी से ले रहा है।

By Manoj VashisthEdited By: Publish:Sun, 07 Oct 2018 04:18 PM (IST) Updated:Tue, 09 Oct 2018 08:12 AM (IST)
Box Office: हॉलीवुड से आये Venom ने पहले वीकेंड में मचायी तबाही, 3 दिनों में इतनी कमाई
Box Office: हॉलीवुड से आये Venom ने पहले वीकेंड में मचायी तबाही, 3 दिनों में इतनी कमाई

मुंबई। भारतीय बॉक्स ऑफ़िस पर बहुत कम मौक़े ऐसे आते हैं, जब कोई हॉलीवुड फ़िल्म रिलीज़ हो और भारतीय दर्शक उसे नज़रअंदाज़ कर दें। एक परम्परा सी बन गयी है कि हॉलीवुड फ़िल्म घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर धमाल मचा रही होती है, जबकि देसी फ़िल्में उपेक्षित हो पाई-पाई के लिए संघर्ष कर रही होती हैं। हॉलीवुड से आयी वेनम (Venom) ने भी इस परम्परा को आगे बढ़ाया है। ओपनिंग वीकेंड में फ़िल्म ने शानदार कलेक्शन किया है। 

शुक्रवार (5 अक्टूबर) को रिलीज़ हुई 'वेनम' ने दो दिनों में 9.36 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया है। फ़िल्म ने शुक्रवार को 4.09 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जबकि दूसरे दिन यानि पहले शनिवार को 5.32 करोड़ जमा किये। वहीं रविवार को फ़िल्म की कमाई 6.20 करोड़ पर पहुंच गयी। ओपनिंग वीकेंड में फ़िल्म ने 15.61 करोड़ जमा कर लिये हैं। अगर ग्रॉस कलेक्शन (टैक्स के साथ) की बात करें तो यह 20.20 करोड़ है। इसके साथ आयी आयुष्मान खुराना की 'अंधाधुन' ने ओपनिंग वीकेंड में अच्छी ग्रोथ ली और वेनम को टक्कर देते हुए 15 करोड़ जमा कर लिये हैं। वहीं लवयात्री 7 करोड़ के आस-पास ही ओपनिंग वीकेंड में जमा कर सकी।

रुबेन फ्लायशर निर्देशित फ़िल्म 'वेनम' में टॉम हार्डी, मिशेल विलियम्स और पाकिस्तानी मूल के ब्रिटिश एक्टर रिज़ अहमद ने मुख्य किरदार निभाये हैं। फ़िल्म का निर्माण मार्वल एंटरटेनमेंट के साथ मिलकर कोलम्बिया पिक्चर्स ने किया है, जो एक्स मैन, स्पायडरमैन और डेडपूल जैसी सुपरहीरो सीरीज़ के लिए विश्व-विख्यात हैं। 'वेनम' भी सुपरहीरो फ़िल्म है, जो इसी नाम के मार्वल कॉमिक्स कैरेक्टर पर आधारित है। 'वेनम' की झलक दर्शक 2007 की फ़िल्म 'स्पायडरमैन 3' में देख चुके हैं। इसी किरदार को विकसित करके 'वेनम' बनायी गयी है। 

पिछले कुछ अर्से से भारतीय सिनेमा को हॉलीवुड कड़ी चुनौती दे रहा है। अंग्रेजी फ़िल्मों के चाहने वालों की बढ़ती तादाद को देखते हुए हॉलीवुड भी भारतीय बाज़ार को संजीदगी से ले रहा है। इसीलिए अधिकांश फ़िल्मों को अंग्रेजी के साथ तेलुगु, तमिल और हिंदी जैसी भारतीय भाषाओं में रिलीज़ किया जाता है। अगर इस साल रिलीज़ हुई हॉलीवुड फ़िल्मों की पड़ताल करें तो ज़्यादातर फ़ायदे में रही हैं।  7 सितम्बर को रिलीज़ हुई हॉरर फ़िल्म द नन ने 8 करोड़ की ओपनिंग लेकर 28.50 करोड़ का ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन किया और 42 करोड़ जमा करके हिट रही।  27 जुलाई को रिलीज़ हुई मिशन इम्पोसिबिल सीरीज़ की छठी फ़िल्म फॉल आउट ने 10 करोड़ पहले दिन जमा किये और 37 करोड़ ओपनिंग वीकेंड में ही बटोर लिये। फ़िल्म 77 करोड़ का शानदार कलेक्शन करके हिट रही। 13 जुलाई को आयी एंटमैन एंड द वास्प ने 5.50 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जबकि 19.30 करोड़ ओपनिंग वीकेंड में बटोरे और 30.60 करोड़ का लाइफ़ टाइम कलेक्शन करके मुनाफ़े में रही।  22 जून को एनिमेशन फ़िल्म इनक्रेडिबल्स2 आयी, जिसने 3.85 करोड़ की ओपनिंग ली और 17.85 करोड़ ओपनिंग वीकेंड में जमा कर लिये। 40.25 करोड़ का कारोबार करके फ़िल्म हिट घोषित की गयी। 6 जून को आयी फ़िल्म जुरासिक वर्ल्ड- फॉलन किंगडम को 5.75 करोड़ की ओपनिंग मिली और 37.70 करोड़ ओपनिंग वीकेंड में जमा किये। 72 करोड़ का कलेक्शन करके यह भी हिट हुई।  डेडपूल2 18 मई को रिलीज़ हुई थी और 11.25 करोड़ की ओपनिंग इसे मिली। फ़िल्म ने ओपनिंग वीकेंड में 33.40 करोड़ का कलेक्शन किया, जबकि 54 करोड़ का कुल कलेक्शन करके मुनाफ़े में रही।  27 अप्रैल को रिलीज़ हुई एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर ने तो सारा नक्शा ही बदल दिया। फ़िल्म को 31.30 करोड़ की शानदार ओपनिंग मिली और 94.30 करोड़ ओपनिंग वीकेंड में जमा कर लिये। 222.69 करोड़ का कलेक्शन करने वाली इनफिनिटी वॉर को सुपर हिट घोषित किया गया।  13 अप्रैल को रिलीज़ हुई रैम्पेज ने 2.65 करोड़ की ओपनिंग ली, जबकि 11 करोड़ ओपनिंग वीकेंड में हासिल किये। 6.50 करोड़ का कारोबार करके फ़ायदे में रही।  16 फरवरी को रिलीज़ हुई ब्लैक पैंथर ने 5.60 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जबकि ओपनिंग वीकेंड में 19.35 करोड़ जमा करके इसने 38.10 करोड़ का कुल कलेक्शन किया। यह फ़िल्म मुनाफ़े में रही।

इस साल रिलीज़ होने वाली सिर्फ़ दो हॉलीवुड फ़िल्में भारतीय बॉक्स ऑफ़िस पर उपेक्षित रही हैं। 12 जनवरी को आयी 'द पोस्ट' 4.17 करोड़ जमा करके फ्लॉप रही थी। दूसरी 20 जुलाई को आयी 'स्कायस्क्रैपर' है, जो 8 करोड़ का कलेक्शन करके फ्लॉप घोषित की गयी। (बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन के सभी आंकड़ों की मुद्रा भारतीय रुपये है)

chat bot
आपका साथी