जुदा रहता है पंजाब का मिजाज, इस बार Loksabha election में दिखे कई रंग

पंजाब अक्सर पूरे देश के मूड के विपरीत दिशा में वोट करता है। अब यह देखने वाली बात होगी कि क्या इस बार भी पंजाब का मूड देश के विपरीत रहेगा या राज्य के मतदाता कोई नई दिशा तय करेंगे।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Mon, 20 May 2019 02:01 PM (IST) Updated:Mon, 20 May 2019 09:02 PM (IST)
जुदा रहता है पंजाब का मिजाज, इस बार Loksabha election में दिखे कई रंग
जुदा रहता है पंजाब का मिजाज, इस बार Loksabha election में दिखे कई रंग

जालंधर [अमित शर्मा]। पंजाब के चुनाव में इस बार कई रंग दिखे। गुरदासपुर से इस बार बॉलीवुड अभिनेता सनी देयोल भाजपा के टिकट पर मैदान में उतरे तो जालंधर से हाई कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस जोरा सिंह आम आदमी पार्टी के टिकट पर। फतेहगढ़ साहिब सीट से दो पूर्व मुख्यमंत्रियों के प्रधान सचिव रहे दरबारा सिंह गुरु और डॉ. अमर सिंह भी चुनावी मैदान में उतरे। होशियारपुर से भी नौकरशाह सोमप्रकाश भाजपा से चुनाव लड़े। कर्ज के कारण परिवार के तीन सदस्य गंवा चुकीं वीरपाल कौर भी बठिंडा से बतौर निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में थीं।

गौरतलब है कि कांग्रेस व शिअद- भाजपा गठबंधन के लिए एक-एक सीट की अहमियत है, क्योंकि इस बार सभी सीटों पर कांटे की टक्कर दिखाई पड़ रही है। पंजाब अक्सर पूरे देश के मूड के विपरीत दिशा में वोट करता है। अब यह देखने वाली बात होगी कि क्या इस बार भी पंजाब का मूड देश के विपरीत रहेगा या राज्य के मतदाता कोई नई दिशा तय करेंगे।

पिछले संसदीय चुनाव में आम आदमी पार्टी ने पूरे देश में सिर्फ पंजाब में चार सीटें जीती थीं। इसके अलावा पूरे देश में मोदी लहर थी, लेकिन भाजपा के दिग्गज नेता अरुण जेटली अमृतसर में एक लाख से ज्यादा वोटों से हार गए थे। अकाली दल को चार, भाजपा को दो, कांग्रेस को तीन और आम आदमी पार्टी को चार सीटें मिली थीं।

पंजाब में इस बार चुनाव प्रचार कई मायनों में खास रहा। सिने स्टार सनी देयोल के आने से कांग्रेस के दिग्गज नेता सुनील जाखड़ फंस गए हैं, जबकि इससे पहले वह दो लाख के वोटों से गुरदासपुर उपचुनाव में जीत दर्ज कर चुके हैं। सनी के आने से पंजाब की अन्य सीटों पर भी माहौल बदला नजर आया। प्रियंका गांधी चुनाव प्रचार के लिए पहली बार पंजाब आईं। उन्होंने सुनील जाखड़ और बठिंडा में अर्मंरदर सिंह राजा वड़िंग के लिए प्रचार किया।

यह भी दिलचस्प रहा कि कांग्रेस के स्टार प्रचारक नवजोत सिंह सिद्धू सबसे अंत में पंजाब लौटे और मात्र दो दिन ही प्रचार किया। उसमें भी अंतिम दिन तो ऐसा लगा कि वह कांग्रेस के पक्ष में नहीं, बल्कि विरोध में प्रचार कर रहे हैं। नरेंद्र मोदी ने भी अपने प्रत्याशियों के लिए मोर्चा संभाला। उन्होंने होशियारपुर में भाजपा प्रत्याशी सोमप्रकाश के लिए तो बठिंडा में हरसिमरत कौर बादल के लिए रैली को संबोधित किया।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी