Lok Sabha Election 2019: पीएन और कीर्ति की किस्मत ईवीएम में लॉक, धनबाद में 61 फीसद मतदान

धनबाद लोकसभा क्षेत्र के 2378 मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर कुल 20 प्रत्याशियों का भाग्य तय कर दिया। अब सबको मतगणना का इंतजार है।

By mritunjayEdited By: Publish:Sun, 12 May 2019 06:36 AM (IST) Updated:Mon, 13 May 2019 08:49 AM (IST)
Lok Sabha Election 2019: पीएन और कीर्ति की किस्मत ईवीएम में लॉक, धनबाद में 61 फीसद मतदान
Lok Sabha Election 2019: पीएन और कीर्ति की किस्मत ईवीएम में लॉक, धनबाद में 61 फीसद मतदान

धनबाद, जेएनएन। लोकसभा चुनाव- 2019 के दाैरान रविवार को धनबाद लोकसभा क्षेत्र में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हो गया। मतदान के दाैरान भाजपा प्रत्याशी पीएन सिंह और कांग्रेस प्रत्याशी कीर्ति आजाद के बीच सीधा मुकाबला दिखा। सुबह सात बजे मतदान शुरू होते ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। महिला और युवाओं में वोटिंग का उत्साह कुछ ज्यादा ही दिखा। धनबाद लोकसभा क्षेत्र के 18.51 लाख मतदाताओं में 61 फीसद ने मताधिकार का प्रयोग कर 20 प्रत्याशियों के भाग्य को ईवीएम में लॉक कर दिया।


धनबाद के मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने सुबह-सुबह अपनी पत्नी वीणा अग्रवाल के साथ बैंक मोड़ कब्रिस्तान रोड स्थित गुजराती मध्य विद्यालय पर मताधिकार का प्रयोग किया। रविवार सुबह मतदान शुरू होते ही कंट्रोल रूम में ईवीएम खराब होने की शिकायतें आने लगी। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आंजनेयुलु दोड्डे ने बताया कि मतदान शुरू होते ही थोड़ी बहुत शिकायतें सामने आईं। उन्हें तुरंत चेक कर लिया गया।

झारखंड प्रदेश किन्नर समाज के अध्यक्ष छमछम देवी उर्फ चंचला खोजिन ने झरिया विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या- 134 (सिलाई प्रशिक्षण केंद्र आजादनगर) पर मतदान किया। उन्हें प्रथम मतदाता के रूप में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

वासेपुर में भी लोकतंत्र का उत्साह चरम पर है। यहां के मतदान केंद्रों पर बुर्काधारी महिलाओं की लंबी-लंबी कतारें दिख रही हैं। झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन ने धनबाद लोकसभा क्षेत्र के बोकारो स्थित मतदान केंद्र पर मताधिकार का प्रयोग किया।



3 बजे तक धनबाद में 54.66 फीसद मतदानः धनबाद लोकसभा क्षेत्र में शहर के अपेक्षा गांव में मतदान का रूझान ज्यादा दिख रहा है। 3 बजे तक धनबाद लोकसभा क्षेत्र में कुल 54.66 फीसद मतदान दर्ज किया गया।

 

मतदान का प्रतिशत एक बजे पहुंचा 42.73 के पारः धनबाद लोकसभा क्षेत्र में एक बजे 42.73 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। धनबाद लोकसभा क्षेत्र के निर्दलीय प्रत्याशी सिद्धार्थ गाैतम उर्फ मनीष सिंह ने झरिया के बोर्रागढ़ बूथ संख्या- 37 पर मतदान किया।

11 बजे तक 29.03 फीसद पड़े वोटः धनबाद लोकसभा क्षेत्र में तेजी से मतदान हो रहा है। 11 बजे तक 29.03 प्रतिशत वोट पड़ चुके थे। धनबाद के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आंजनेयुलु दोड्डे ने झारूडीह स्थित मध्य विद्यालय के बूथ संख्या 162 में मतदान किया। मतदान के बाद कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में मजबूत लोकतंत्र के निर्माण के लिए हर मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे 4:00 बजे से पूर्व अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

पहले दो घंटे में 15.04 फीसद मतदानः धनबाद लोकसभा क्षेत्र की सभी छह विधानसभा क्षेत्र-धनबाद, झरिया, निरसा, सिंदरी,चंदनकियारी और बोकारो विधानसभा क्षेत्र में सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। पहले दो घंटे में यानी 9 बजे तक धनबाद लोकसभा क्षेत्र में 15.04 फीसद वोट पड़े। भाजपा प्रत्याशी पीएन सिंह ने धनसार स्थित मतदान केंद्र पर पूरे परिवार के साथ मतदान किया।
शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन ने जनता के प्रति जताया आभारः धनबाद लोकसभा क्षेत्र में पूरी तरह से शांतिपूर्ण मतदान हुआ। कहीं से भी किसी तरह की हिंसा की खबर नहीं है। मतदान समाप्त होने के बाद उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आंजनेयुलु दोड्डे ने संवाददाता सम्मेलन कर मीडिया को बताया कि 61 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। धनबाद संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के बोकारो में 52, चंदनकियारी 73,  सिन्दरी 69, निरसा 66, धनबाद 54 तथा झरिया में 52 प्रतिशत मतदान संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि मतदान के दौरान कुछ इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में तकनीकी खराबी आई थी। कंट्रोल रूम में इसकी सूचना प्राप्त होते ही 104 वीवीपैट, 48 बैलट यूनिट तथा 42 कंट्रोल यूनिट तत्काल बदल दिया गया।

 

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी