Lok Sabha Election 2019: कड़‍िया ने अर्जुन को दिया विजयी भव का आशीर्वाद

Lok Sabha Election 2019. कडिय़ा मुंडा के आवास पर सपरिवार पहुंचे अर्जुन मुंडा। अमरेश्वरधाम में परिवार के साथ की पूजा-अर्चना।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Fri, 29 Mar 2019 07:44 AM (IST) Updated:Fri, 29 Mar 2019 07:44 AM (IST)
Lok Sabha Election 2019: कड़‍िया ने अर्जुन को दिया विजयी भव का आशीर्वाद
Lok Sabha Election 2019: कड़‍िया ने अर्जुन को दिया विजयी भव का आशीर्वाद

खूंटी, जासं। Lok Sabha Election 2019 - खूंटी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने गुरुवार को  सांसद कडिय़ा मुंडा से उनके आवास पर जाकर चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। कडिय़ा मुंडा ने उन्हें लोकसभा चुनाव में विजयी होने का आशीर्वाद दिया। इससे पूर्व अर्जुन मुंडा दोपहर 12.30 बजे पत्नी मीरा मुंडा व पुत्र के साथ अंगराबारी स्थित अमरेश्वरधाम पहुंचे। यहां ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा व पूर्व विधायक कोचे मुंडा समेत भाजपा के तमाम नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।

अर्जुन मुंडा ने परिवार के साथ भगवान भोले शंकर की पूजा-अर्चना की। इसके बाद उनका काफिला कडिय़ा मुंडा के अनिगड़ा स्थित आवास पर पहुंचा। यहां भी भाजपा नेताओं का जमावड़ा लगा हुआ था। अर्जुन मुंडा ने वहां पहुंचते ही कडिय़ा मुंडा का चरण स्पर्श किया, तो कडिय़ा मुंडा ने उन्हें विजयी होने का आशीर्वाद दिया।

इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि जब उन्हें खूंटी लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाए जाने की सूचना मिली, तो वे सर्वप्रथम जमशेदपुर गए और अपनी मां का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि इसके बाद मैं सच्चाई और सादगी के साथ काम कर भगवान बिरसा मुंडा की धरती का नाम पूरे देश में फैलाने वाले कडिय़ा मुंडा जी का आशीर्वाद लेने आया हूं।

कडिय़ा जी देश में अलग पहचान रखने वाली शख्सियत हैं। इनका स्नेह मुझे हमेशा मिला है और यह स्नेह आगे भी रुकने वाला नहीं है। वहीं सांसद कडिय़ा मुंडा ने कहा कि पार्टी ने एक ओजस्वी व्यक्ति को टिकट दिया है। मुझे विश्वास है कि जनता ने अभी तक जो स्नेह व प्यार मुझे दिया वही स्नेह व प्यार अर्जुन मुंडा को भी देगी।

chat bot
आपका साथी