नोटबंदी के फर्जी वीडियो पर कानूनी कार्रवाई करेगी भाजपा, रक्षा मंत्री ने कांग्रेस पर किया पलटवार

निर्मला सीतारमण ने कहा कि ऐसा लगता है कांग्रेस ने इस लोकसभा चुनाव के दौरान षड़यंत्र को ही अपना कैंपेन चुना है।

By Tilak RajEdited By: Publish:Wed, 27 Mar 2019 04:36 PM (IST) Updated:Wed, 27 Mar 2019 08:24 PM (IST)
नोटबंदी के फर्जी वीडियो पर कानूनी कार्रवाई करेगी भाजपा, रक्षा मंत्री ने कांग्रेस पर किया पलटवार
नोटबंदी के फर्जी वीडियो पर कानूनी कार्रवाई करेगी भाजपा, रक्षा मंत्री ने कांग्रेस पर किया पलटवार

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। नोटबंदी पर फर्जी स्टिंग दिखाने वाले नेताओं के खिलाफ भाजपा कानूनी कार्रवाई कर सकती है। भाजपा की वरिष्ठ नेता निर्मला सीतारमण ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर कानूनी राय ले रही है। सीतारमण ने इसे कांग्रेस की कैंब्रिज एनालिटिका पार्ट-2 करार देते हुए कहा कि जनता को बताने के लिए कुछ नहीं होने के कारण अब कांग्रेस अब झूठ की राजनीति पर उतर आई है।

लेकिन समस्या यह है कि कांग्रेस का झूठ ज्यादा देर तक टिक नहीं पाता है। कपिल सिब्बल समेत विपक्ष के वरिष्ठ नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए निर्मला सीतारमण ने कहा कि भाजपा फर्जी स्टिंग के सहारे मनगढंत आरोप लगाये जाने के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पर विचार कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कपिल सिब्बल को झूठे स्टिंग का आइडिया उसी समय आया होगा, जब उन्होंने भारतीय लोकतंत्र को बदनाम करने के लिए लंदन में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित करने गए थे।

इसकी पुष्टि इस बात से होती है कि जिस पोर्टल से फर्जी वीडियो डाउनलोड करने का सिब्बल ने दावा किया वह इसी साल 31 जनवरी को लंदन में पंजीकृत कराया गया था। इसके एक साल के पंजीकरण से इस आशंका की भी पुष्टि होती है कि इसे चुनाव के दौरान झूठ फैलाने के उद्देश्य से ही किया गया था। निर्मला सीतारमण ने कहा कि भाजपा कांग्रेस के सि डर्टी ट्रिक्स डिपार्टमेंट का पूरे देश में पर्दाफाश करेगी और आम लोगों को बताएगी कि हार की आशंका की हताशा में कांग्रेस किस तरह घटिया राजनीति कर देश को बदनाम करने का काम कर रही है।

कांग्रेस ने मंगलवार को एक स्टिंग ऑपरेशन के जरिए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए थे। इन आरोपों का जवाब आज रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने दिया। उन्‍होंने कहा, 'कांग्रेस ने कल एक स्टिंग ऑपरेशन करके TNN World वेबसाइट बेस्ड द्वारा एक खुलासा किया है। ये वही वेबसाइट थी, जिसके कार्यक्रम में जनवरी में लन्दन में कपिल सिब्बल जी इवीएम पर बोले थे। जो बाद में गलत साबित हुए थे।' उन्‍होंने कहा कि ऐसा लगता है कांग्रेस ने इस लोकसभा चुनाव के दौरान षड़यंत्र को ही अपना कैंपेन चुना है।

उन्‍होंने कहा कि TNN World वेबसाइट की हमने जांच की है। इस वेबसाइट का रजिस्‍ट्रेशन सिर्फ एक साल के लिए है। ऐसा लगता है कि कांग्रेस ने इस वेबसाइट को चुनाव के लिए ही शुरू किया है, जो शायद लोकसभा चुनाव के बाद बंद हो जाए। कांग्रेस ने इस लोकसभा चुनाव के दौरान षड़यंत्र को ही अपना कैंपेन चुना है। कांग्रेस घोषणापत्र, जमीनी मुद्दे और सच-झूठ को लेकर जनता के बीच नहीं जा रही है। देश की सबसे पुरानी पार्टी सिर्फ षड़यंत्र कर रही है। दरअसल, उनके पास कोई मुद्दे नहीं हैं।

निर्मला सीतारमण ने कहा कि ये क्‍या हो गया है कि गुलाम नबी आजाद, मल्लिकार्जुन खड़गे और शरद यादव जैसे नेता ऐसे षड़यंत्र में शामिल हो गए हैं। दरअसल, कांग्रेस पर पास कोई संगठन नहीं रह गया है। ऐसे में सिर्फ षड़यंत्र की राजनीति कांग्रेस की तरफ से हो रही है। लेकिन हम मीडिया के शुक्रगुजार हैं, जिन्‍होंने कांग्रेस के इस झूठे स्टिंग को चंद मिनटों में ही खारिज कर दिया है।

chat bot
आपका साथी