ओडिशा में राहुल गांधी बोले, कांग्रेस की सरकार बनी तो महिला आरक्षण बिल पास कराएंगे

Rahul Gandhi in Odisha. ओडिशा में राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनी तो महिला आरक्षण बिल को लोकसभा में पास कराएंगे।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Fri, 08 Mar 2019 03:41 PM (IST) Updated:Fri, 08 Mar 2019 05:41 PM (IST)
ओडिशा में राहुल गांधी बोले, कांग्रेस की सरकार बनी तो महिला आरक्षण बिल पास कराएंगे
ओडिशा में राहुल गांधी बोले, कांग्रेस की सरकार बनी तो महिला आरक्षण बिल पास कराएंगे

भुवनेश्वर, जेएनएन। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ओडिशा के कोरापुट जिला अंतर्गत जयपुर स्थित साई फंक्शन हाल में आयोजित महिला सम्मेलन में शुक्रवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने राफेल मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। इस सम्मेलन में लगभग 500 महिला प्रतिनिधियों ने शिरकत की।

राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने आपके पैसे को अनिल अंबानी को व्यापार करने के लिए दे दिया है। ऐसी भ्रष्ट सरकार को गद्दी से हटाना आपका काम है। लगभग 45 मिनट तक इस कार्यक्रम में राहुल गांधी उपस्थित रहे और महिलाओं के सवालों का जवाब दिए। 

राहुल ने कहा कि हम काफी सालों से लोकसभा और विधानसभा में महिला आरक्षण बिल को लाना चाहते हैं। हमारी सरकार बनी तो हम महिला आरक्षण बिल को लोकसभा में पास कराने की कोशिश करेंगे।

ओडिशा में हर रोज आठ महिलाओं के साथ दुष्कर्म होता है और एक साल में केवल सात महिलाओं को न्याय मिलता है। हमारा इस मामले में ‘जीरो टॉलरेंस’ होगा। यहां महिलाओं पर अत्याचार होता है। हम हर पंचायत में महिलाओं के लिए विशेष अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी। 

कहा सरकार बनी तो छात्राओं को मुफ्त शिक्षा, विधवा महिलाओं को 2000 रुपये भत्ता
एक दिवसीय दौरे पर ओडिशा आए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कोरापुट जिला के जयपुर में आयोजित महिला सम्मेलन में भाग लेकर महिला कार्ड खेलते हुए कहा कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर गरीब छात्राओं को मुफ्त में शिक्षा के साथ लड़कियों की शादी के लिए किट दी जाएगी। इसके साथ ही विधवा महिलाओं को 2000 रुपया भत्ता दिया जाएगा। प्रत्येक पंचायत में महिलाओं के लिए स्पेशल अधिकारी होंगे। महिला उद्योगों के लिए वित्तीय कारपोरेशन बनाया जाएगा। 

इसके साथ ही राहुल गांधी ने नवीन पटनायक सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि ओडिशा में अधिकारियों का राज चल रहा है। चार से पांच अधिकारी ओडिशा को चला रहे हैं और इसका लाभ नवीन पटनायक के कुछ निजी लोगों को मिल रहा है। हम ओडिशा में आम जनता की सरकार बनाना चाहते हैं। आपकी बात सुनकर हम सरकार चलाएंगे। राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि केंद्र सरकार खुद को देश प्रेमी बताती है, मगर वायु सेना के पैसे को अंबानी को दे रही है। लड़ाकू जहाज बनाने में अंबानी के पास कोई अनुभव नहीं है। बावजूद इसके अंबानी को फायदा पहुंचाने के लिए फ्रांस के साथ डील की गई है। मोदी ने अपने अंबानी को 30 हजार करोड़ रुपया दिया है। इसके साथ ही राहुल गांधी ने कहा कि आदिवासी किसान की जमीन की सुरक्षा के लिए कांग्रेस प्रयास कर रही है। आपके हित के लिए कांग्रेस संसद में हमेशा प्रयास करती है।

हमने छत्तीसगढ़ में नियम बनाया है कि उद्योग ना बनाने पर आपको जमीन लौटानी पड़ेगी। राहुल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रति क्विंटल धान 2500 रुपये के हिसाब से खरीदा जा रहा है, मगर ओडिशा में प्रति क्विंटल धान 1600 रुपये के हिसाब से खरीदा जा रहा है। ओडिशा में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद 2500 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से धान खरीदा जाएगा। किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। राहुल गांधी ने कहा कि हमारी तीन राज्यों में सरकार बनी है और हमने तत्काल प्रभाव से किसानों का कर्जा माफ कर दिया। ओडिशा में भी अगर कांग्रेस की सरकार बनती है तो 10 दिन के अंदर किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा।

किसानों को धान का 2500 रुपये से कम रेट नहीं मिलेगा
राहुल गांधी ने कहा कि ओडिशा में कांग्रेस की सरकार बनी तो यहां भी किसानों को धान का 2500 रुपये से कम रेट नहीं मिलेगा। उनके मुताबिक, 2019 के चुनाव के बाद हम ऐतिहासिक काम करने जा रहे हैं। हमने निर्णय लिया है कि हिंदुस्तान के हर गरीब व्यक्ति को गारंटी करके कम से कम आमदनी कांग्रेस उसके बैंक खाते में डाल देगी। 

chat bot
आपका साथी