भगवान राम को भाजपा ने 30 साल से दे रखा 'वनवास' : कांग्रेस

हर बार घोषणा पत्र में भगवान श्रीराम के मंदिर को वापस ले आते हैं खुद का राजतिलक होने के बाद फिर उनको वनवास में भेज देते हैं। कांग्रेस कहा कि लोग इस झूठ कपट और फरेब को समझ गए हैं।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Mon, 08 Apr 2019 10:28 PM (IST) Updated:Mon, 08 Apr 2019 10:28 PM (IST)
भगवान राम को भाजपा ने 30 साल से दे रखा 'वनवास' : कांग्रेस
भगवान राम को भाजपा ने 30 साल से दे रखा 'वनवास' : कांग्रेस

नई दिल्ली (जागरण ब्यूरो)। कांग्रेस ने भाजपा के एक बार फिर राम मंदिर बनाने चुनावी वादे पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा ने 30 साल से भगवान राम को 'वनवास' में भेज रखा है। कांग्रेस के मीडिया प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि कैकयी और मंथरा ने तो भगवान श्रीराम को 14 साल के लिए ही वनवास भिजवाया था मगर भाजपा खुद का राजतिलक करवा कर भगवान श्रीराम को हमेशा वनवास भेज देती है।

भाजपा के चुनाव घोषणा पत्र में राम मंदिर बनाने का वादा फिर से शामिल किए जाने के सवाल पर रणदीप सुरजेवाला ने यह तंज कसा। उन्होंने कहा आज की 'कैकयी और मंथरा भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस जिन्होंने 30 साल से भगवान श्रीराम को वनवास भिजवा रखा है।

हर बार घोषणा पत्र में भगवान श्रीराम के मंदिर को वापस ले आते हैं, खुद का राजतिलक होने के बाद फिर उनको वनवास में भेज देते हैं।' कांग्रेस नेता ने कहा कि देश के लोग इस झूठ, कपट और फरेब को समझ गए हैं क्योंकि नौजवान को रोजगार की, किसान को सही दाम की, मजदूर को मनरेगा और व्यापारी व दुकानदार को टैक्स आतंक से छूट की।

संघीय व्यवस्था को सदृढ़ कर केंद्र राज्य संबंधों को बेहतर करने की भाजपा की घोषणा के सवाल पर सुरजेवाला ने कहा कि पीएम मोदी ने देश की संघीय व्यवस्था की हत्या कर डाली है। उन्होंने कहा कि राज्यों का अधिकार छीन प्रजातंत्र का अपहरण और चीरहरण किसी प्रधानमंत्री ने किया है तो वे नरेन्द्र मोदी हैं। उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश में राज्यपालों के जरिये सरकार बनाने और गिराने के उदाहरण गिनाते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि गर्वनरों ने लोकतंत्र का द्रौपदी की तरह चीरहरण कर डाला।

उत्तराखंड की कांग्रेस की चुनी हुई सरकार को बर्खास्त करने के फैसले को खारिज करने वाले उच्च न्यायालय के न्यायाधीश जस्टिस केएम जोसेफ को सुप्रीम कोर्ट का जज बनने से केंद्र ने दो बार रोक उनकी वरिष्ठता खत्म की ताकि वे चीफ जस्टिस न बन सकें। वहीं अहमद पटेल ने सरकारी एजेंसियों का इस्तेमाल कर विरोधियों पर छापे की कार्रवाई का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा से जुड़े लोगों पर ऐसी कार्रवाई क्यों नहीं होती।

राष्ट्रवाद पर भाजपा के जोर देने के सवाल पर सुरजेवाला ने कहा कि देश के लिए प्राण देकर भारत को अंखड रखना राष्ट्रवाद है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस आजादी की लड़ाई लड़ रही थी तो गोडसे की विचारधारा के वंशज जिन्होंने बंगाल में आजादी से पहले देश के टुकड़े करने वाले फजरूल के साथ मिलकर सरकार बनाई हो वे राष्ट्रवाद को क्या जानें।

महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सरदार बेअंत सिंह, नंद कुमार पटेल से लेकर विद्याचरण शुक्ल की हत्याओं का जिक्र कर सुरजेवाला ने कहा कि देश के लिए बलिदान करने वाले कांग्रेस के लोगों की बहुत लंबी लिस्ट है। जबकि भाजपा की सच्चाई यह है कि जब हार नजर आती है तो हर बार भाजपा को पाकिस्तान की याद सताती है।

chat bot
आपका साथी