Lok Sabha Election 2019: कर्जमाफी सूची के नाम पर झूठ का पुलिंदा दे गए कांग्रेसी- शिवराज

सिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी सहित कांग्रेस पदाधिकारियों ने उन्हें कर्जमाफी की जो सूची सौंपी है वह झूठ का पुलिंदा है।

By Sanjeev TiwariEdited By: Publish:Tue, 07 May 2019 10:37 PM (IST) Updated:Tue, 07 May 2019 10:37 PM (IST)
Lok Sabha Election 2019: कर्जमाफी सूची के नाम पर झूठ का पुलिंदा दे गए कांग्रेसी- शिवराज
Lok Sabha Election 2019: कर्जमाफी सूची के नाम पर झूठ का पुलिंदा दे गए कांग्रेसी- शिवराज

नईदुनिया स्टेट ब्यूरो, भोपाल।  मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कमलनाथ सरकार पर आरोप लगाया है कि कर्जमाफी के नाम पर उसने किसानों को केवल झुनझुना पकड़ाया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी सहित कांग्रेस पदाधिकारियों ने उन्हें कर्जमाफी की जो सूची सौंपी है, वह झूठ का पुलिंदा है।

कर्ज माफ तब होगा, जब सरकार के खजाने से पैसा दिया जाए, कर्ज 48 हजार करोड़ रुपए का है और सरकार ने केवल 1300 करोड़ रुपए बैंकों को दिए हैं। राहुल गांधी ने किसानों को धोखा दिया। मंगलवार को अपने निवास पर पत्रकारों से बात करते हुए शिवराज ने कहा कि कांग्रेसियों ने जो सूची सौंपी है, वह कृषि विभाग की है न कि बैंक का अनापत्ति प्रमाण पत्र। किसानों को एक-दो हजार की कर्जमुक्ति के प्रमाण पत्र दिए गए हैं और वह कर्ज राशि भी बैंकों को नहीं चुकाई गई।

जब तक बैंक को पैसा नहीं मिलेगा, वह किसान को डिफॉल्टर मानकर नोटिस भेजता रहेगा। किसानों को ठगा गया है, सरकार ने कर्जमाफी की बात करके किसानों से सारे लाभ छीन लिए। इस अवसर पर शिवराज ने पत्रकारों को निर्वाचन आयोग का नियम भी मीडिया को दिखाया, जिसमें आचार संहिता के दौरान पहले से तय किए जा चुके लाभार्थी को मिलने वाले लाभ से नहीं रोका जा सकता। इसके साथ ही कर्जमाफी को लेकर कांग्रेस दिग्गजों के वीडियो भी दिखाए गए।

शिवराज को कर्जमाफी के दस्तावेज सौंप बोली कांग्रेस- किसानों को गुमराह मत करो

किसानों की कर्जमाफी के मुद्दे पर भाजपा के आरोपों का जवाब देने के लिए कांग्रेसी शिवराज के निवास पर पहुंचे और कर्जमाफी से संबंधित लाखों दस्तावेज की फोटो कॉपी सौंपी। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी और अन्य नेताओं ने चौहान से कहा कि वे राजनीतिक लाभ के लिए गलत तथ्य पेश कर किसानों को गुमराह न करें। कांग्रेस ने अपने वादे के मुताबिक 21 लाख किसानों का कर्ज माफ कर दिया है।

किसानों की कर्ज माफी पर जवाब देने के लिए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने कर्ज माफी के सरकारी प्रमाणों को जिलेवार बंडलों में बांधकर दो जीप में भरा गया। यहां से पचौरी, मंत्री पीसी शर्मा, पीसीसी के संगठन प्रभारी उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर, प्रशासन प्रभारी महामंत्री राजीव सिंह सहित कई कांग्रेसी नेता शिवराज के बंगले के लिए रवाना हुए। यहां कर्ज माफी प्रमाणों के बंडलों को सिर पर लादकर पचौरी-शर्मा आदि नेताओं ने शिवराज के बंगले में प्रवेश किया और सभी बंडलों को वहां उतार दिया।

पचौरी ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि कर्ज माफी की शुरआत पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सीहोर जिले के जैत से हुई थी और वे अपने घर में पहले पता कर लें। शिवराज ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को ड्राइंग रूम में बैठा कर बातचीत की। शिवराज ने पचौरी को कहा कि राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन उन्होंने शुरू में कहा था कि वे अच्छे काम में हमेशा सकारात्मक सहयोग करेंगे। कर्ज माफी में किसान का कर्ज माफ नहीं हो रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने 10 दिन में कर्ज माफी का वादा किया था और दस दिन के बाद मुख्यमंत्री बदलने का कहा था।

शिवराज नहीं, किसान देंगे मुझे सर्टिफिकेट

कमलनाथ ने मुख्यमंत्री निवास पर पत्रकारवार्ता में कहा है कि कर्जमाफी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा सफेद झूठ बोल रही है। जिन 21 लाख किसानों की कर्जमाफी हुई है, उनका ब्योरा कृषि विभाग के पोर्टल पर देखा जा सकता है। मुझे शिवराज सिंह चौहान का सर्टिफिकेट नहीं चाहिए, किसान मुझे सर्टिफिकेट देंगे।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी