दिल्ली में पहचान छुपाकर रहने वाले वाले विदेशियों पर पुलिस की टेढ़ी नजर

पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार मीणा ने बताया कि द्वारका जिला पुलिस लगातार ऐसे विदेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है जो अवैध तरीके से यहां रह रहे हैं। समय के साथ हमारा अभियान जोर पकड़ता जा रहा है।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Tue, 19 Jan 2021 06:33 AM (IST) Updated:Tue, 19 Jan 2021 09:42 AM (IST)
दिल्ली में पहचान छुपाकर रहने वाले वाले विदेशियों पर पुलिस की टेढ़ी नजर
पुलिस ने म्यांमार मूल के दो रोहिंग्या को गिरफ्तार किया।

पश्चिमी दिल्ली [गौतम कुमार मिश्रा]। द्वारका व पश्चिमी जिला के विभिन्न इलाके में बड़ी तादाद में विदेशी नागरिक रहते हैं। इन दिनों पुलिस इनमें से ऐसे लोगों के बारे में पता कर रही है कि जो यहां बिना किसी वैध दस्तावेज के रह रहे हैं। पुलिस का कहना है कि अवैध तरीके से रहने वाले इन लोगों में अधिकांश गलत क्रियाकलाप में लिप्त हैं। कई मामलों में विदेशी नागरिकों के नशीलेपदार्थ की तस्करी व ठगी के वारदात में लिप्त होने का मामला अक्सर सामने आता रहता है।

उत्तम नगर व आसपास है पसंदीदा इलाका क्षेत्र की बात करें तो उत्तम नगर, मोहन गार्डन, तिलक नगर, चंद्र विहार, निहाल विहार, द्वारका मोड़, नवादा, महावीर एंक्लेव, मटियाला में अफ्रीकी देशों के नागरिकों की बड़ी तादाद रहती है। सबसे ज्यादा नाइजीरिया के नागरिक यहां रहते हैं। इसके अलावा घाना, टोगो, बेनिन के नागरिक भी यहां रहते हैं। ये सभी देश नाइजीरिया के आसपास ही हैं। अफ्रीकी देशों के अलावा यहां बड़ी तादाद में म्यांमार के नागरिक भी रहते हैं। बर्मा के नागरिकों में अधिकांश शरणार्थी के तौर पर यहां रहते हैं।

इनकी सबसे ज्यादा आबादी हस्तसाल, बुढेला, चाणक्य प्लेस में नजर आती है। इसके अलावा यहां अफगानिस्तान के नागरिकों की भी बड़ी तादाद यहां रहती है। इनमें सिख व मुस्लिम शरणार्थी शामिल हैं। इनकी अधिकांश आबादी विकासपुरी, तिलक नगर में है।

बिजनेस वीजा पर आते हैं

पुलिस सूत्रों का कहना है कि अफ्रीकी देशों आने वाले कई लोग ऐसे होते हैं जो बिजनेस वीजा लेकर यहां आते हैं लेकिन वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी यहीं रुके रहते हैं। पिछले वर्ष जुलाई महीने में पुलिस ने एक ऐसे नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया जो बिजनेस वीजा लेकर आया लेकिन यहां आने के बाद नशे के काले कारोबार में लिप्त हो गया। इसी तरह एक और अफ्रीकी देश के नागरिक को मोहन गार्डन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वह शख्स भी बिजनेस वीजा लेकर भारत आया और वीजा अवधि समाप्त होने पर यहां अवैध तरीके से रहने लगा। यहां आकर रेस्टोरेंट चला रहा था।

रोहिंग्या को पकड़ा

हाल ही में उत्तम नगर थाना पुलिस ने म्यांमार मूल के दो रोहिंग्या को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपित म्यांमार से बांग्लादेश के रास्ते भारत आए और दिल्ली पहुंचे। ये यहां अपनी पहचान छुपाकर रह रहे थे। जब पुलिस को इनके बारे में पता चला तो पुलिस ने कार्रवाई की।

कहां है दिक्कत

पुलिस का कहना है कि इतनी बड़ी तादाद में रह रहे विदेशी नागरिकों में सभी के बारे में पता करना एक मुश्किल कार्य है। लेकिन यदि क्षेत्र के लोग सहयोग करें तो यह कार्य आसानी से हो सकता है। सभी विदेशी किराए के मकान में रहते हैं। पुलिस का कहना है कि यदि मकान मालिक इन्हें कमरा किराया पर देने से पहले इनका सत्यापन कराए तो इस बात का तत्काल पता चल जाएगा कि इनके पास भारत में रहने के लिए वैध दस्तावेज हैं या नहीं। लेकिन सवाल यह है कि आखिर स्थानीय थाना स्तर पर पुलिस इस बात की पड़ताल क्यों नहीं करती है कि उनके यहां कौन कौन विदेशी नागरिक हैं।

पुलिस कह रही कार्रवाई की बात

द्वारका जिला पुलिस ने जनवरी महीने में अभी तक इलाके में अवैध तरीके से रहने वाले 18 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर उन्हें डीपोर्ट करने की कार्रवाई शुरू की है। पिछले वर्ष भी पुलिस ने बड़ी तादाद में अवैध तरीके से रह रहे विदेशी नागरिकों पर कार्रवाई की थी। वर्ष 2020 में पुलिस ने 50 ऐसे विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया था जो वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध तरीके से रह रहे थे। मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में पुलिस ने छह विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया। पांच विदेशी नागरिकों को आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया।

पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार मीणा ने बताया कि द्वारका जिला पुलिस लगातार ऐसे विदेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है जो अवैध तरीके से यहां रह रहे हैं। समय के साथ हमारा अभियान जोर पकड़ता जा रहा है। थाना स्तर पर पुलिस की टीमें इस दिशा में कार्य कर रही हैं। जो विदेशी नागरिक अवैध क्रियाकलाप में लिप्त पाए जा रहे हैं, उनके खिलाफ भी पुलिस की कार्रवाई जारी है। हमलोग उन्हें डीपोर्ट कर रहे हैं। जिले में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को हम बर्दाश्त नहीं करेंगे।

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

chat bot
आपका साथी