गाजियाबाद से लापता प्रॉपर्टी डीलर की पत्नी का बागपत में मिला शव

मोहन नगर से लापता महिला का बागपत में शव बरामद हुआ है। महिला के पति ने पत्नी को गायब करने वाले दोनों लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।

By Edited By: Publish:Wed, 27 Mar 2019 12:08 AM (IST) Updated:Wed, 27 Mar 2019 06:57 PM (IST)
गाजियाबाद से लापता प्रॉपर्टी डीलर की पत्नी का बागपत में मिला शव
गाजियाबाद से लापता प्रॉपर्टी डीलर की पत्नी का बागपत में मिला शव

 गाजियाबाद, जेएनएन। मोहन नगर से बीते शनिवार शाम से लापता महिला का बागपत के खेकड़ा में शव बरामद हुआ है। महिला के पति ने साहिबाबाद थाने में पत्नी को गायब करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ साहिबाबाद थाने में शिकायत दी थी। शव मिलने की सूचना पर मंगलवार को बागपत पहुंचे परिजनों ने शिनाख्त की और साहिबाबाद पुलिस को जानकारी दी।

महिला के पति ने पत्नी को गायब करने वाले दोनों लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। साहिबाबाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रमोद शर्मा मोहन नगर स्थित ओमनगर कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं। वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे प्रमोद की पत्नी रिया शर्मा (35) स्कूटी से लाजपत नगर स्थित अंबे अस्पताल में किसी मरीज को देखने गई थीं।

रिया देर रात तक घर नहीं लौटी तो परिजन अंबे अस्पताल पहुंचे। वहां पर रिया की स्कूटी मिली, लेकिन रिया का कुछ पता नहीं लगा। मोबाइल नंबर भी बंद आ रहा था। प्रमोद ने जिन लोगों से मिलने रिया अस्पताल गई थी, उन पर ही पत्नी को गायब करने का आरोप लगाते हुए साहिबाबाद थाने में शिकायत दे दी। इसके बाद पुलिस रिया के मोबाइल की डिटेल खंगालने में जुटी थी।

पुलिस ने बरती लापरवाही, परिजनों ने खुद तलाशा शव
रिया के परिजनों को एक व्यक्ति ने बागपत के खेकड़ा में महिला का शव मिलने की जानकारी दी थी। परिजन मंगलवार को वहां पहुंचे और शव की शिनाख्त की। रिया की गला रेतकर हत्या की गई थी। साहिबाबाद पुलिस ने शिकायत ले ली, लेकिन चार दिन से लापता रिया की तलाश में एक कदम भी नहीं चली। पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही।

मंगलवार को परिजनों ने ही साहिबाबाद पुलिस को शव मिलने की जानकारी दी। मंगलवार शाम साहिबाबाद पुलिस बागपत पहुंची। परिजनों द्वारा दिए गए दोनों आरोपितों की जानकारी पर साहिबाबाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। साहिबाबाद के सीओ राकेश कुमार ने कहा कि मृतका के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है। जिन लोगों पर परिजनों ने हत्या का आरोप लगा है उनकी तलाश की जा रही है। आरोपितों के पकड़ने जाने के बाद ही हत्या की वजह का पता चलेगा।

chat bot
आपका साथी