क्राइम ब्रांच ने हथियार तस्कर को किया गिरफ्तार, एक कार्बाइन और 40 पिस्टल मिलने से हड़कंप

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इरशाद नाम के हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। इसके पास से एक कार्बाइन40 पिस्टल और 20 अतिरिक्त मैगजीन बरामद होने से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा है।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Tue, 24 Sep 2019 12:06 PM (IST) Updated:Tue, 24 Sep 2019 12:42 PM (IST)
क्राइम ब्रांच ने हथियार तस्कर को किया गिरफ्तार, एक कार्बाइन और 40 पिस्टल मिलने से हड़कंप
क्राइम ब्रांच ने हथियार तस्कर को किया गिरफ्तार, एक कार्बाइन और 40 पिस्टल मिलने से हड़कंप

नई दिल्‍ली, जेएनएन। दिल्ली में आए दिन हथियार तस्कर दबोचे जा रहे हैं, फिर भी तस्करी रुकने का नाम नहीं ले रही है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सोमवार देर रात गाजीपुर सब्जी मंडी के पास से एक हथियार तस्कर को दबोचकर त्योहारों से पहले हथियारों की बड़ी खेप जब्त की है। तस्कर की कार से 40 पिस्टल, एक कार्बाइन व पिस्टल की 20 अतिरिक्त मैग्जीन बरामद हुई हैं। ये हथियार कार में लगे सीएनजी गैस सिलेंडर के अंदर छिपाकर रखे गए थे। हथियारों को रखने के लिए सिलेंडर को विशेष रूप से डिजाइन कराया गया था। अवैध हथियार मध्य प्रदेश के धार के बने हुए हैं और दिल्ली-एनसीआर के गैंगस्टरों को इनकी आपूर्ति की जानी थी। गिरफ्तार तस्कर इरशाद खान (24) मूलरूप से मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।

दिल्ली-एनसीआर में 100 से अधिक हथियारों की आपूर्ति

डीसीपी डॉ. जी राम गोपाल नाईक के मुताबिक इरशाद नौ महीने में दिल्ली-एनसीआर के बदमाशों को 100 से अधिक हथियारों की आपूर्ति कर चुका है। उसके परिजन 1994 में मुजफ्फरनगर से नोएडा आए थे। यहां नौवीं तक पढ़ाई करने के बाद उसने पिता के साथ मिलकर 2002 से 2014 तक नॉर्थ दिल्ली पावर लिमिटेड (एनडीपीएल) के लिए इलेक्टि्रक मीटर लगाने का काम किया।

2015 में उसने कपड़ों को दुबई निर्यात करने का काम शुरू किया। 2016 में इरशाद को मादक पदार्थ की तस्करी में आइजीआइ एयरपोर्ट पर दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया। नवंबर 2018 में जमानत पर बाहर आने के बाद वह वाहनों की चोरी करने लगा। वाहन चोरी के आरोप में दिल्ली व फरीदाबाद पुलिस के हत्थे चढ़ने पर वह फिर जेल गया। दिल्ली व हरियाणा की जेलों में उसका कुछ गैंगस्टरों से परिचय हुआ।

इस साल फरवरी में जेल से बाहर आने के बाद उसने हथियारों की तस्करी शुरू कर दी। मध्य प्रदेश से अवैध हथियार खरीदकर उन्हें दिल्ली-एनसीआर में खपाता था। पुलिस से बचने के लिए इंदिरापुरम, गाजियाबाद में ठिकाना बनाया था। पुलिस तस्कर से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये हथियार किन बदमाशों को दिए जाने थे। त्यौहारों से पहले कारोबारियों से लूटपाट और रंगदारी मांगने जैसे मामले सामने आने लगते हैं। ऐसे में हथियार तस्कर की गिरफ्तारी दिल्ली पुलिस की बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।

ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

क्राइम ब्रांच उत्तर प्रदेश के मेरठ, मथुरा, हरियाणा व राजस्थान के मेवात क्षेत्र, बिहार के मुंगेर व मध्य प्रदेश के तस्करों के बारे में जानकारी जुटा रही थी। इसी दौरान इरशाद खान के बारे में पता चला। क्राइम ब्रांच को 24 सितंबर को सूचना मिली कि इरशाद हथियारों की आपूर्ति करने के लिए गाजीपुर सब्जी मंडी के पास आने वाला है।

दिल्‍ली-एनसीआर की खबरों को पढ़ने के लिए यहां करें क्‍लिक

chat bot
आपका साथी