मतदाता सूची विवाद : अब चुनाव आयोग करेगा कानूनी कार्रवाई, आप और भाजपा में चल रहा रार

मतदाता सूची को लेकर हो रही सियासत पर चुनाव आयोग अब गंभीर हो गया है। मतदाता सूची में नाम कटवाने और जुड़वाने को लेकर लोगों को फोन करने वालों के खिलाफ वह कानूनी कार्रवाई करेगा।

By Edited By: Publish:Sat, 09 Feb 2019 07:16 PM (IST) Updated:Sun, 10 Feb 2019 09:24 PM (IST)
मतदाता सूची विवाद : अब चुनाव आयोग करेगा कानूनी कार्रवाई, आप और भाजपा में चल रहा रार
मतदाता सूची विवाद : अब चुनाव आयोग करेगा कानूनी कार्रवाई, आप और भाजपा में चल रहा रार

नई दिल्ली, जेएनएन। मतदाता सूची को लेकर हो रही सियासत पर चुनाव आयोग अब गंभीर हो गया है। मतदाता सूची में नाम कटवाने और जुड़वाने को लेकर लोगों को फोन करने वालों के खिलाफ वह कानूनी कार्रवाई करेगा। इसके साथ ही मतदाताओं को इस तरह के फोन पर ध्यान नहीं देने और अपने नाम की जांच मतदाता सूची में करने की सलाह दी गई है।

आम आदमी पार्टी (आप) यह आरोप लगाती रही है कि भाजपा के इशारे पर दिल्ली में 30 लाख से ज्यादा लोगों के नाम काटे गए हैं। इनमें से ज्यादातर संख्या वैश्य, मुस्लिम व पूर्वाचलियों की है। इसे लेकर आप की ओर से शहर में पोस्टर भी लगाए गए थे।

भाजपा नेताओं का कहना है कि दिल्ली में लोगों को कॉल करके यह कहा जा रहा है कि भाजपा ने उनका नाम मतदाता सूची से कटवा दिया था अब मुख्यमंत्री उसे जुड़वा रहे हैं। भाजपा का आरोप है कि आप एक सोची समझी रणनीति के तहत इस तरह से लोगों में भ्रम फैला रही है।

दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी व केंद्रीय राज्य मंत्री विजय गोयल ने चुनाव आयोग से इसकी शिकायत भी की है। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने इसे लेकर शनिवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। इसके मुताबिक सीईओ दिल्ली के ध्यान में यह लाया गया है कि कई नागरिकों को अज्ञात व्यक्तियों/संस्थाओं/स्रोतों से बड़े पैमाने पर कॉल किए जा रहे हैं।

इन्हें बताया जाता है कि मतदाता सूची से उसका नाम हटा दिया गया है, जिसे वह जुड़वा देगा। सीईओ कार्यालय का कहना है कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने का अधिकार सिर्फ निर्वाचन पंजीयक अधिकारी को है। इसके लिए कोई भी पात्र नागरिक सीधे निर्वाचन पंजीयक अधिकारी को आवेदन कर सकता है।

1950 नंबर पर कॉल करके या फिर 7738299899 पर एसएमएस भेजकर भी मतदाता सूची में अपने नाम की जांच कर सकता है। इसी तरह से वेबसाइट एनवीएसपी.इन पर या मतदाता केंद्र पर जाकर भी नाम की जांच की जा सकती है।

chat bot
आपका साथी