महिला सम्मान के लिए भाजपा ने किया प्रदर्शन, कहा- गोयल को बचा रहे केजरीवाल

भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन करके महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की।

By Edited By: Publish:Fri, 08 Mar 2019 08:43 PM (IST) Updated:Fri, 08 Mar 2019 10:02 PM (IST)
महिला सम्मान के लिए भाजपा ने किया प्रदर्शन, कहा- गोयल को बचा रहे केजरीवाल
महिला सम्मान के लिए भाजपा ने किया प्रदर्शन, कहा- गोयल को बचा रहे केजरीवाल

नई दिल्ली, जेएनएन। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन करके महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर महिलाओं के उत्पीड़न करने वाले आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं को बचाने का आरोप लगाया। कहा कि आप विधायक महेंद्र गोयल के खिलाफ एक महिला ने थाने में दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन मुख्यमंत्री उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष पूनम पराशर झा के नेतृत्व में चंदगीराम अखाड़ा से कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे थे कि पुलिस ने रोक दिया। इससे गुस्साए कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। पूनम पराशर झा ने आरोप लगाया कि आप के सत्ता में आते ही दिल्ली में महिलाओं का उत्पीड़न बढ़ गया है।

आप के नेता, मंत्री व विधायक महिलाओं के साथ अपमानजनक व्यवहार कर रहे हैं। कई नेताओं के खिलाफ महिलाओं से दुष्कर्म व उत्पीड़न की शिकायत पुलिस से की गई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति आप की सरकार संवेदनहीन है। इस मुद्दे पर केजरीवाल दिल्ली की महिलाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।

वह महिलाओं को फोन करके महिलाओं के उत्पीड़न के लिए दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा नहीं मिलने को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि आप के विधायक व नेता ही उत्पीड़न कर रहे हैं और उनके खिलाफ मुख्यमंत्री कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। महिला विरोधी आप सरकार को अब दिल्ली की महिलाएं उखाड़ फेकेंगी।

chat bot
आपका साथी