दिल्ली के रामलीला मैदान में अब महिलाओं ने भरी हुंकार, फिर से मोदी सरकार

इस मौके पर स्मृति ईरानी ने 2012 में गुजरात की महिला कार्यकर्ताओं के संकल्प को याद किया। उन्होंने कहा कि गुजरात की महिलाओं का संकल्प मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का था।

By Edited By: Publish:Sun, 16 Dec 2018 07:38 PM (IST) Updated:Mon, 17 Dec 2018 03:24 PM (IST)
दिल्ली के रामलीला मैदान में अब महिलाओं ने भरी हुंकार, फिर से मोदी सरकार
दिल्ली के रामलीला मैदान में अब महिलाओं ने भरी हुंकार, फिर से मोदी सरकार

नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से आयोजित हुंकार रैली में महिलाओं ने नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने लोकसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार की योजनाएं गिनाते हुए उन्हें घर-घर पहुंचाने का आह्वान महिलाओं से किया।

इस मौके पर स्मृति ईरानी ने 2012 में गुजरात की महिला कार्यकर्ताओं के संकल्प को याद किया। उन्होंने कहा कि गुजरात की महिलाओं का संकल्प मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का था। अब दिल्ली की बहनों ने उन्हें दोबारा देश की बागडोर देने का संकल्प लिया है तो निसंदेह वह 2019 में फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे। इसके लिए दिल्ली की तरह अन्य राज्यों में भी महिलाएं हुंकार भरेंगी।

उन्होंने भाजपा को जीत दिलाने के लिए प्रत्येक बूथ पर दस महिला कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण को समर्पित मोदी सरकार ने कई योजनाएं शुरू की है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को पोषक आहार देने के लिए देश के 550 जिलों में पोषण योजना शुरू की गई है। उज्ज्वला योजना के तहत साढ़े पांच करोड़ महिलाओं को रसोई गैस कनेक्शन दिए गए हैं। आठ करोड़ महिलाओं तक यह सुविधा पहुंचाने के लिए 12800 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

दिल्ली प्रदेश भाजपा प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि भाजपा देश के विकास में महिलाओं की अहमियत समझती है और इनके विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने दिल्ली में महिलाओं की असुरक्षा का मुद्दा उठाया और इसके लिए अरविंद केजरीवाल सरकार को जिम्मेदार ठहराया।

उन्होंने आम आदमी पार्टी पर महिला सुरक्षा को लेकर एक भी वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। कहा कि दिल्ली में आश्रय गृह से नौ बेटियां गायब हो गईं। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के विधानसभा क्षेत्र में तीन बेटियां भूख से मर गईं। आम आदमी पार्टी के नेताओं पर महिला उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगे हैं।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले से राफेल पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के झूठ का पर्दाफाश हो गया है। उन्होंने नारा दिया 'महिलाओं की हुंकार वन्स मोर मोदी सरकार।' भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कहा कि महिला सशक्तीकरण भाजपा का मूल ध्येय है।

सांसद मीनाक्षी लेखी, रमेश बिधूड़ी व प्रवेश वर्मा ने भी महिला सशक्तीकरण के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। रैली की अध्यक्षता दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष पूनम पराशर झा ने किया। कार्यक्रम प्रभारी राजेश भाटिया ने रैली को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

रैली में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. अनिल जैन, केंद्रीय राज्य मंत्री विजय गोयल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय, सांसद महेश गिरी, डॉ. उदित राज, दिल्ली विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता सहित अन्य भाजा नेता मौजूद रहे।

मतभेद भुलाकर एक मंच पर दिखे भाजपा नेता
तीन राज्यों में सत्ता खिसकने से निराश कार्यकर्ताओं व नेताओं के लिए महिला हुंकार रैली संजीवनी जैसी थी। इसमें दिल्ली के भाजपा नेताओं की एकजुटता भी दिखी। नेताओं के सामूहिक प्रयास से रैली में महिलाओं की भीड़ जुटी जिससे भाजपा नेतृत्व उत्साहित है। दिल्ली में भाजपा के बड़े नेता आपसी गुटबाजी की वजह से चर्चा में रहते हैं। पार्टी के कार्यक्रमों में भी इनकी गुटबाजी झलक जाती है। गुटबाजी की ही वजह से सितंबर में पूर्वाचल मोर्चा की रैली में भी कई सांसद व नेता नहीं पहुंचे थे। महिला हुंकार रैली में स्थिति अलग दिखी।

रैली में केंद्रीय मंत्री व चांदनी चौक के सांसद डॉ. हर्षवर्धन को छोड़कर सभी सांसद व बड़े नेता मौजूद थे। इस रैली की सफलता से भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष पूनम पराशर झा का भी सियासी कद बढ़ा है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी व अन्य नेताओं ने मंच से कई बार उनकी प्रशंसा भी की।

इसके साथ ही रैली के प्रभारी प्रदेश भाजपा महासचिव राजेश भाटिया की मेहनत भी रंग लाई। वह भाजपा के अन्य नेताओं के साथ पिछले कई दिनों से रैली को सफल बनाने में जुटे थे। अब इस रैली के बाद भाजपा नेताओं के सामने 23 दिसंबर को बूथ प्रबंधकों के सम्मेलन को सफल बनाने की चुनौती है। उसके बाद अगले महीने रामलीला मैदान में अनुसूचित जाति मोर्चा व युवा मोर्चा की रैली होनी है।

chat bot
आपका साथी