भाजपा को सता रहा नोटबंदी का डर, वोटर लिस्‍ट से कटवा रही है नाम: अरविंद केजरीवाल

राज्‍यसभा सांसद सुशील कुमार गुप्‍ता ने मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा के निर्देश पर चुनाव आयोग ने जिन वोटों को डिलीट करवाया है, यह वैश्य समाज पर बहुत बड़ा जुल्म है।

By Edited By: Publish:Mon, 03 Dec 2018 10:23 PM (IST) Updated:Tue, 04 Dec 2018 04:15 PM (IST)
भाजपा को सता रहा नोटबंदी का डर, वोटर लिस्‍ट से कटवा रही है नाम: अरविंद केजरीवाल
भाजपा को सता रहा नोटबंदी का डर, वोटर लिस्‍ट से कटवा रही है नाम: अरविंद केजरीवाल

नई दिल्ली, जेएनएन। अग्रवाल समाज के दिल्ली में कुल आठ लाख वोट हैं। उनमें से लगभग चार लाख वोट कटवा दिए? यानि 50 फीसद। आज तक यह समाज भाजपा का कट्टर वोटर था। इस बार नोटबंदी और GST की वजह से ये नाराज हैं, तो भाजपा ने इनके वोट ही कटवा दिए? बेहद शर्मनाक। यह कहना है दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल का।

बता दें कि दिल्‍ली में आप पार्टी लगातार वोटरों के नाम काटे जाने का मुद्दा बीते कुछ दिनों से उठा रही है। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी के नेता और राज्‍यसभा सदस्‍य सुशील कुमार गुप्‍ता ने भी प्रेस वार्ता कर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्‍होंने कहा कि जिस तरह से वैश्‍य बाहुल्य इलाकों से वोट कटवाए जा रहे हैं, इस बार वैश्य समाज भाजपा को करारा जवाब देने वाला है।

वैश्‍य समाज पर हो रहा जुल्‍म
सुशील कुमार गुप्‍ता का कहना है कि भाजपा के निर्देश पर चुनाव आयोग ने जिन वोटों को डिलीट करवाया है, यह वैश्य समाज पर बहुत बड़ा जुल्म है। भाजपा को यह बात पता है कि व्यापारी वर्ग इनको इस बार उखाड़ फेंकने को तैयार है। भाजपा इसीलिए इस तरह से वोट का बड़े पैमाने पर हेरफेर कर कटवा रही है। हम इसका जवाब देने को तैयार हैं। एक-एक काटा हुआ वोट वापस जुड़वाएंगे। पहले नोटबंदी का कहर और अब पूरे देश मे इस तरह से वोट कटवाना, यह देश के वैश्य समाज के साथ बहुत बड़ा अन्याय है। व्यापार में नुकसान के चलते मोदी सरकार के खिलाफ वैश्य समाज मे खासी नाराजगी है। भाजपा यह बात जानती है। इसीलिए भाजपा जबरन वोट कटवा कर विरोध के स्वर को दबा रही है।

आतिशी ने भी भाजपा पर साधा निशाना
इधर आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र की प्रभारी आतिशी ने आरोप लगाया है कि लोकसभा चुनाव में संभावित हार को देखते हुए भाजपा दिल्लीवालों के वोट कटवा रही है। उन स्थानों पर लोगों के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए हैं, जहां आप के समर्थक हैं। दिल्ली में 30 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए हैं। इसमें पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के पौने चार लाख लोगों के नाम शामिल हैं। डीडीयू मार्ग स्थित आप मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में आतिशी ने कहा कि जब हमने कुछ बूथ स्तर और वार्ड स्तर के कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर इसकी जांच करवाई, तो पता चला कि बहुत सारे ऐसे लोगों के नाम काट गए हैं जो अभी भी उसी पते पर रहते हैं जहा पहले रहते थे।

जिंदा लोगों को बताया मृत
आतिशी ने कहा कि कई जिंदा लोगों को भी मृत दिखा दिया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा यह सब भाजपा को लाभ पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। तीन दिन से चुनाव आयोग ने वेबसाइट बंद कर रखी है। दिल्ली के नए फार्म नहीं लिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूर्वी दिल्ली लोकसभा के अंतर्गत आने वाले विधानसभा क्षेत्रों में जिनके नाम काटे गए हैं उनमें ज्यादातक लोग बनिया, मुस्लिम और पूर्वांचल समाज के हैं।

जंगपुरा विधानसभा की हालत खराब

जंगपुरा विधानसभा से 27 हजार, 443 वोट काट दिए गए हैं। इसमें 5 हजार 300 बनिया समाज से, चार हजार नौ सौ मुस्लिम समाज से और 8 हजार 500 पूर्वांचंल के हैं। ओखला में लगभग 55 हजार वोट काटे गए हैं, जिसमें 30 हजार वोट मुस्लिम के हैं, 11 हजार वोट पूर्वाचल के हैं, 5 हजार 700 वोट बनिया समाज के हैं।

सबसे ज्‍यादा कोंडली विधानसभा  से कटे नाम 
कोंडली विधानसभा में सबसे अधिक 61 हजार वोट काटे गए हैं। इनमें 21 हजार 535 वोट पूर्वांचलियों, 6 हजार वोट मुस्लिम समाज और लगभग 10 हजार वोट बनिया समाज के काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट पर 75 हजार से ज्यादा बनिया वोट, लगभग 71 हजार मुस्लिम वोट और 1 लाख 15 हजार के आसपास पूर्वाचलियों के वोट को कटवा दिया गया है।

वहीं कोंडली से आप विधायक मनोज कुमार ने बताया कि पूर्वी दिल्ली लोकसभा की 10 विधानसभाओं में सबसे ज्यादा लगभग 61 हजार वोट कोंडली विधानसभा से काटा गया है। बाबा भीमराव अंबेडकर ने संविधान में सभी नागरिकों को मताधिकार दिया है। मगर भाजपा लोगों से उनका संवैधानिक अधिकार छीनना चाहती है।

chat bot
आपका साथी